अक्टूबर में UPI पेमेंट्स ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, उंगलियों से हो रही ट्रांजैक्शन! हर दिन ₹1 लाख करोड़ से ज्यादा का लेन-देन
अक्टूबर में UPI ने डिजिटल पेमेंट के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए, पहली बार दैनिक औसत लेन-देन ₹1 लाख करोड़ और मासिक कुल लेन-देन ₹30 लाख करोड़ के पार पहुंचा।

अक्टूबर में UPI पेमेंट्स ने तोड़े सारे रिकॉर्ड
HighLights
अक्टूबर में UPI का दैनिक औसत लेन-देन ₹1 लाख करोड़ पार।
मासिक कुल लेन-देन पहली बार ₹30 लाख करोड़ से अधिक।
त्योहारी सीजन ने डिजिटल भुगतान वृद्धि में अहम भूमिका निभाई।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: देश में डिजिटल पेमेंट का इस्तेमाल किस तेजी से बढ़ रहा है, इसका अंदाजा अक्टूबर के UPI आंकड़ों से लगाया जा सकता है। यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) ने अक्टूबर में एक नया रिकॉर्ड बना दिया है। पहली बार UPI के जरिए हर दिन होने वाले लेन-देन की औसत वैल्यू ₹1 लाख करोड़ के पार पहुंच गई। इतना ही नहीं, पूरे महीने में हुए ट्रांजैक्शन की वैल्यू भी पहली बार ₹30 लाख करोड़ के आंकड़े को पार कर गई। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में UPI के जरिए कुल ₹31.53 लाख करोड़ का लेन-देन हुआ।
अक्टूबर में हर दिन हुए 82 करोड़ से ज्यादा ट्रांजैक्शन
पिछले महीने यानी अक्टूबर में UPI के जरिए कुल 25.67 अरब यानी 2,547 करोड़ ट्रांजैक्शन हुए। इस हिसाब से हर दिन औसतन करीब 82.1 करोड़ लेन-देन किए गए। वहीं, हर दिन होने वाले वाले ट्रांजैक्शन की औसत वैल्यू ₹1,01,707 करोड़ रही।
सितंबर के मुकाबले भी इसमें अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली। सितंबर 2026 में UPI के जरिए कुल ₹29.37 लाख करोड़ का लेन-देन हुआ था। उस दौरान हर दिन औसतन 80.2 करोड़ ट्रांजैक्शन हुए थे और इनकी औसत वैल्यू ₹97,913 करोड़ थी। यानी अक्टूबर में न सिर्फ ट्रांजैक्शन की संख्या बढ़ी, बल्कि लोगों ने डिजिटल पेमेंट के जरिए पहले से ज्यादा रकम भी ट्रांसफर की।
सालाना आधार पर भी तेजी से बढ़ा UPI का इस्तेमाल
पिछले साल के मुकाबले भी UPI के इस्तेमाल में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अक्टूबर में ट्रांजैक्शन की संख्या सालाना आधार पर करीब 23% बढ़ी, जबकि कुल ट्रांजैक्शन वैल्यू में 16% की बढ़ोतरी हुई।
इससे पहले मासिक ट्रांजैक्शन वैल्यू का रिकॉर्ड मई 2026 में बना था। उस महीने UPI के जरिए ₹29.90 लाख करोड़ का लेन-देन हुआ था। वहीं, ट्रांजैक्शन की संख्या का पिछला रिकॉर्ड अगस्त में 2,451 करोड़ था।
त्योहारों की खरीदारी ने बढ़ाया डिजिटल पेमेंट
अक्टूबर में UPI के जरिए लेन-देन बढ़ने के पीछे त्योहारी सीजन को भी बड़ी वजह माना जा रहा है। नवरात्रि, दुर्गा पूजा और ई-कॉमर्स कंपनियों की फेस्टिव सेल के दौरान लोगों ने जमकर खरीदारी की। कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स, खाने-पीने की चीजों और दूसरी जरूरतों के लिए डिजिटल पेमेंट का इस्तेमाल बढ़ा।
UPI पर MDR चार्ज को लेकर भी चर्चा
UPI के इस रिकॉर्ड के बीच मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) चार्ज को लेकर भी चर्चा जारी है। सितंबर में ₹2,000 से ज्यादा के कुछ मर्चेंट ट्रांजैक्शन पर 0.4% MDR तय किया गया था। हालांकि, त्योहारी सीजन को देखते हुए इसे लागू करने का फैसला दिवाली के बाद तक टाल दिया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।