यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 18, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
'आठवीं के बच्चे की तरह मोदी से नहीं कर सकता बहस'
नई दिल्ली। भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी द्वारा मनमोहन सरकार और कांग्रेस पर लगातार किए जा रहे हमलों का वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने एकमुश्त जवाब दिया है। अंतरिम बजट को लेकर नमो की आलोचना पर पलटवार करते हुए चिदंबरम ने कहा कि वह आठवीं क्लास के बच्चे की तरह मोदी से बहस नहीं कर सकते हैं।

नई दिल्ली। भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी द्वारा मनमोहन सरकार और कांग्रेस पर लगातार किए जा रहे हमलों का वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने एकमुश्त जवाब दिया है। अंतरिम बजट को लेकर नमो की आलोचना पर पलटवार करते हुए चिदंबरम ने कहा कि वह आठवीं क्लास के बच्चे की तरह मोदी से बहस नहीं कर सकते हैं।
बकौल चिदंबरम, 'अपने चुनावी अभियान में मोदी दरअसल बहुसंख्यकवाद का एजेंडा आगे बढ़ा रहे हैं। उनके भाषण को ध्यानपूर्वक सुनने पढ़ने पर उसमें अहंकार झलकता है। वह केवल मैं, मेरा और मुझे का नारा ही बुलंद करते प्रतीत होते हैं।'
मंगलवार को इस संवाददाता को दिए साक्षात्कार में वित्त मंत्री ने उपरोक्त टिप्पणी की। गुजरात दंगों की चर्चा करने पर चिदंबरम ने कहा, 'मैं नहीं सोचता कि 2002 के दंगों में मोदी को कोर्ट से क्लीन चिट मिल गई है। उन्हें आरोप मुक्त करने वाली एसआइटी रिपोर्ट को उच्च अदालत में चुनौती दी गई है। लेकिन सबसे दुखद पहलू यह है कि 12 वर्ष बाद भी भाजपा नेता दंगों के लिए माफी मांगने के इच्छुक नहीं हैं।
उनका अभियान पूरी तरह से बहुसंख्यकवादी सोच पर आधारित है। कांग्रेस इसका मुंहतोड़ जवाब देगी। बहुसंख्यकवादी सोच लोकतंत्र के खिलाफ है।' नमो को देश के लिए खतरा बताने संबंधी सवाल पर उनका कहना था, 'भारत की अवधारणा को कोई नष्ट नहीं कर सकता। कम से कम मोदी तो नहीं ही। यहां तक कि संघ परिवार भी इस अवधारणा को खत्म नहीं कर सकता। अनेकता में एकता वाली भारत अवधारणा कायम रहेगी।
कोई भी एक सियासी संगठन या नेता इसे नुकसान नहीं पहुंचा सकता। इसकी जड़ें काफी गहरी हैं।' नमो कैसे प्रधानमंत्री साबित होंगे, इस सवाल पर चिदंबरम ने कहा, 'मैं कई मुद्दों पर उनके विचार नहीं जानता। मोदी ने कभी कोई प्रेस कांफ्रेंस नहीं संबोधित की है। मैंने वित्तीय घाटा, राजकोषीय घाटा और मौद्रिक नीति पर उनके विचार जानने चाहे। लेकिन जवाब नहीं मिला।'
वित्त मंत्री के अनुसार, 'अगर आप प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार हैं तो ढेर सारी बातों पर आपके विचार स्पष्ट होने चाहिए। आप टका सा जवाब देकर नहीं बच सकते हैं।'
आप के वजूद का माना
चिदंबरम ने यह तो माना कि आम आदमी पार्टी (आप) आम चुनावों में एक फैक्टर है, लेकिन वह कितना सफल होगी, इस बारे में वह ज्यादा कुछ नहीं कह सकते। उनका कहना था कि आप कितने जगहों पर और किस हद तक प्रभावी होगी, यह कहना अभी मुश्किल है।
पढ़ें : हार्वर्ड बनाम हार्डवर्क पर मोदी-चिदंबरम भिडंत
पढ़ें : चिदंबरम ने पीटा चुनावी ढोल
अंबानी नहीं चलाते सरकार
वित्त मंत्री चिदंबरम इन आरोपों से सहमत नहीं है कि संप्रग सरकार उद्योगपति मुकेश अंबानी के इशारे पर चलती है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आरोप पर उनका कहना था कि अंबानी सरकार नहीं चलाते। घोषित मात्रा से कम गैस उत्पादन के मामले में रिलायंस इंडस्ट्रीज पर भारी जुर्माना इसी सरकार ने लगाया है।