सीमेंट की बोरियों से शुरुआत, आज 70+ देशों में कारोबार; इस देसी कंपनी का US है सबसे बड़ा बाजार
गुजरात की Knack Packaging ने सीमेंट की बोरियों से शुरुआत कर 70 से अधिक देशों में अपना कारोबार फैलाया है, जिसमें अमेरिका सबसे बड़ा बाजार है। कंपनी की 57% कमाई विदेशी बाजारों से आती है और 94% ग्राहक दोबारा ऑर्डर देते हैं, जो उसकी इनोवेशन और गुणवत्ता का प्रमाण है।
-1795847997271_m.webp)
Knack Packaging ने 1994 में सीमेंट बोरियों से कारोबार शुरू किया।
HighLights
Knack Packaging ने 1994 में सीमेंट बोरियों से कारोबार शुरू किया।
कंपनी का कारोबार अब 70 से अधिक देशों में फैला है।
अमेरिका Knack Packaging का सबसे बड़ा विदेशी बाजार है।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। भारत की पैकेजिंग इंडस्ट्री में कुछ कंपनियां ऐसी हैं, जिन्होंने घरेलू बाजार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। गुजरात की Knack Packaging भी ऐसी ही कंपनियों में शामिल है। कंपनी की खास बात सिर्फ इसका 70 से ज्यादा देशों में कारोबार होना नहीं है, बल्कि इसके साथ जुड़े ग्राहकों का भरोसा भी है। कंपनी के करीब 94 फीसदी ग्राहक दोबारा ऑर्डर देते हैं। यानी एक बार कारोबार शुरू होने के बाद कंपनी लंबे समय तक अपने ग्राहकों के साथ जुड़ी रहती है।
जागरण बिजनेस से बातचीत में Knack Packaging के मार्केटिंग मैनेजर ईशान पटेल ने कंपनी की विकास यात्रा, कारोबार के मॉडल, वैश्विक बाजार में उसकी पकड़ और भविष्य की विस्तार योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
सीमेंट की बोरियों से शुरू हुआ सफर, अब 28 इंडस्ट्री में कारोबार
ईशान पटेल ने बताया कि कंपनी की शुरुआत साल 1994 में हुई थी। शुरुआती दौर में इसका कारोबार कंस्ट्रक्शन सेक्टर की पैकेजिंग और व्हाइट सीमेंट की बोरियों तक सीमित था। इसके बाद 2004 में कंपनी ने प्लास्टिक पैकेजिंग के कारोबार में कदम रखा। समय के साथ कंपनी ने अपने उत्पादों का दायरा बढ़ाया और आज यह फर्टिलाइजर, डिटर्जेंट, चावल, गेहूं, बीज, दाल और पशुओं के आहार जैसे कई उत्पादों की पैकेजिंग करती है।
ईशान के मुताबिक, कंपनी फिलहाल 28 अलग-अलग इंडस्ट्री को सेवाएं दे रही है। इनमें एनिमल फीड और अनाज-दाल से जुड़े कारोबार सबसे बड़े सेगमेंट हैं। इसके अलावा कृषि और डिटर्जेंट इंडस्ट्री भी कंपनी के प्रमुख ग्राहक क्षेत्रों में शामिल हैं।
57% कमाई विदेश से, अमेरिका सबसे बड़ा बाजार
Knack Packaging का कारोबार घरेलू बाजार तक सीमित नहीं है। कंपनी 70 से 75 से अधिक देशों में अपने उत्पादों का निर्यात करती है। इसकी कुल कमाई में करीब 57 फीसदी हिस्सेदारी विदेशी बाजारों की है, जबकि 43 फीसदी राजस्व घरेलू बाजार से आता है।
अमेरिका कंपनी का सबसे बड़ा विदेशी बाजार है, जहां से कुल राजस्व का करीब 16 फीसदी आता है। इसके अलावा मैक्सिको की हिस्सेदारी 5.85 फीसदी और दक्षिण अफ्रीका की हिस्सेदारी करीब 6 फीसदी है। कंपनी अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी, फ्रांस, स्पेन, ब्राजील, इटली और चिली जैसे देशों में भी कारोबार करती है।
इनोवेशन बना विदेशी बाजार में पहचान की वजह
कंपनी की अंतरराष्ट्रीय सफलता के पीछे उसके उत्पादों में लगातार होने वाले बदलाव भी अहम हैं। ईशान ने बताया कि कंपनी पील-ऑफ ईजी ओपन और पिंच बॉटम बैग जैसे खास पैकेजिंग उत्पाद बनाती है। इनकी मांग खासतौर पर यूरोप और अमेरिका जैसे विकसित बाजारों में है।
कंपनी की कुल मासिक उत्पादन क्षमता करीब 4,000 मीट्रिक टन है, जिसका 80 से 85 फीसदी इस्तेमाल हो रहा है। कंपनी का दावा है कि भारतीय बाजार में उसकी हिस्सेदारी करीब 10.1 फीसदी है।
70,000 मीट्रिक टन तक पहुंचाने की योजना
कंपनी अब किराये की जगहों पर निर्भरता कम करके अपने प्लांट और परिसंपत्तियां बढ़ाने पर जोर दे रही है। अगले साल अक्टूबर तक पांच प्लांट के जरिए सालाना उत्पादन क्षमता 70,000 मीट्रिक टन तक पहुंचाने की योजना है। इसके अलावा मैक्सिको में 50:50 हिस्सेदारी वाला ज्वाइंट वेंचर प्लांट भी है। इसकी शुरुआत 1 अप्रैल 2026 से हो गई है।
ईशान के मुताबिक, कंपनी 2017 से Galaxy नाम के डिजिटल सिस्टम के जरिए अपने कामकाज को संचालित कर रही है। इससे कंपनी के ऑपरेशन, उत्पादन और अन्य गतिविधियों को तकनीक के माध्यम से बेहतर ढंग से संभालने में मदद मिलती है।
कंपनी की एक और बड़ी ताकत उसका ग्राहक आधार है। करीब 94 फीसदी ग्राहक दोबारा ऑर्डर देते हैं। पश्चिमी देशों में कंपनी ने गुणवत्ता, समय पर डिलीवरी और पारदर्शिता के दम पर अपनी पहचान बनाई है।
ट्रेड वार और ईरान अमेरिका युद्ध का क्या असर?
ईशान के मुताबिक रूस-यूक्रेन और ईरान अमेरिका युद्ध जैसे वैश्विक घटनाक्रमों से कच्चे माल और सप्लाई चेन पर असर पड़ने की चुनौतियां जरूर हैं। हालांकि, कंपनी का मानना है कि प्रमोटर्स का करीब 30 साल का उद्योग अनुभव इन जोखिमों से निपटने में मदद करता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।