सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जेन्सन हुआंग के दूसरे अफेयर का खुलासा! Nvidia के शेयरों में 'ब्लडबाथ', 8% टूटा; ₹27 लाख करोड़ घटी कंपनी की वैल्यू

Published: Thu, 12 Nov 2026 01:58 PM (IST)

Jensen Huang News Today: एनवीडिया के सीईओ जेन्सन हुआंग पर दो महिलाओं से संबंधों के आरोप लगे हैं, जिससे कंपनी ...और पढ़ें

जेन्सन हुआंग के दूसरे अफेयर का खुलासा! Nvidia के शेयरों में 'ब्लडबाथ', 8% टूटा; ₹27 लाख करोड़ घटी कंपनी की वैल्यू

जेन्सन हुआंग के दूसरे अफेयर का खुलासा! Nvidia के शेयरों में 'ब्लडबाथ', 8% टूटा; ₹27 लाख करोड़ घटी कंपनी की वैल्यू

HighLights

  1. जेन्सन हुआंग पर दो महिलाओं से संबंधों के आरोप।

  2. एनवीडिया के शेयर 8.50% से अधिक टूटे।

  3. बोर्ड हुआंग के सीईओ पद पर विचार कर रहा।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| Jensen Huang News Today: दुनिया की सबसे बड़ी एआई चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के सीईओ जेन्सन हुआंग (nvidia ceo jensen huang) की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रहीं। उनके निजी जीवन को लेकर एक के बाद एक दो महिलाओं के साथ संबंधों की खबरें सामने आई हैं।

पहली महिला एलिस हुआंग हैं, जिन पर अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को चीन के लिए जासूसी करने का शक है। दूसरी महिला कंपनी की ही अधिकारी किम्बर्ली पॉवेल (kimberly powell nvidia) बताई जा रही हैं।

इस विवाद का असर अब कंपनी के कारोबार और शेयरों पर भी दिख रहा है। एनवीडिया का शेयर 8.50% से ज्यादा (nvidia stock drop) टूट गया। देखते ही देखते एनवीडिया की वैल्यू 27 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा घट गई।

एनवीडिया की कर्मचारी संग संबंध का खुलासा

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, हुआंग का एनवीडिया की हेल्थकेयर बिजनेस वाइस प्रेसिडेंट किम्बर्ली पॉवेल के साथ भी संबंध था। रिपोर्ट में कंपनी के पांच पूर्व कर्मचारियों के हवाले से यह दावा किया गया है।

बताया गया है कि पॉवेल सीधे हुआंग को रिपोर्ट करती थीं। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। एनवीडिया ने भी इस पर कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं की है। इससे पहले हुआंग ने एलिस हुआंग के साथ विवाहेतर संबंध होने की बात स्वीकार की थी। एलिस सिंगापुर की डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड में वरिष्ठ अधिकारी रह चुकी हैं।

अमेरिकी अधिकारियों को शक है कि वह चीन के लिए जानकारी जुटा रही थीं। हालांकि, चीन ने जासूसी के आरोपों को बेबुनियाद बताया है।

यह भी पढ़ें- Nvidia केस में मेगास्पीड की एंट्री से मचा हड़कंप, चीन से सिंगापुर और अमेरिका तक कैसे फैला नेटवर्क? पढ़ें इनसाइड स्टोरी

शेयरों में भारी गिरावट, बोर्ड कर रहा CEO पर फैसला

इस विवाद ने एनवीडिया के निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, इस सप्ताह कंपनी के शेयरों में बिकवाली से करीब 600 अरब डॉलर का मार्केट कैप घटा है।

वहीं, निवेशकों की ओर से दायर प्रस्तावित मुकदमे में शामिल अवधि के दौरान कंपनी का बाजार मूल्य करीब 1 लाख करोड़ डॉलर घटने का दावा किया गया है। ये दोनों आंकड़े अलग-अलग अवधि से जुड़े हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, एनवीडिया का बोर्ड 11 नवंबर को हुआंग के भविष्य पर चर्चा करने के लिए बैठक कर रहा था। बोर्ड के सामने उन्हें CEO पद से हटाने का विकल्प भी है। हालांकि, कंपनी की ओर से उनके पद से हटाए जाने की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

एनवीडिया ने इससे पहले कहा था कि बोर्ड मामले की स्वतंत्र जांच करा रहा है। कंपनी के मुताबिक, फिलहाल उसके पास ऐसा कोई कारण नहीं है जिससे लगे कि राष्ट्रीय सुरक्षा या कंपनी की गोपनीय जानकारी से समझौता हुआ है। जांच में हुआंग सहयोग करेंगे और फिलहाल CEO बने रहेंगे।

कौन हैं किम्बर्ली पॉवेल ?

किम्बर्ली पॉवेल एनवीडिया की हेल्थकेयर बिजनेस की वाइस प्रेसिडेंट हैं। उन्होंने 2008 में कंपनी में डायरेक्टर के तौर पर काम शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने कंपनी में कई अहम जिम्मेदारियां संभालीं।

कंपनी में उनकी शुरुआती भूमिका मेडिकल इमेजिंग के क्षेत्र में AI चिप्स के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की थी। एनवीडिया से जुड़ने से पहले वह इंजीनियर के तौर पर काम कर चुकी थीं। इसके बाद उन्होंने एक इलेक्ट्रॉनिक्स स्टार्टअप में प्रोडक्ट डेवलपमेंट की जिम्मेदारी संभाली।

एक पॉडकास्ट में पॉवेल ने बताया था कि हेल्थकेयर में एनवीडिया की तकनीक के इस्तेमाल की संभावनाएं सामने आने के बाद कंपनी ने उन्हें अपने साथ काम करने का प्रस्ताव दिया था। उन्होंने इसे अपने लिए सपना सच होने जैसा बताया था।

हुआंग ने कर्मचारियों को भेजा माफी संदेश

जेन्सन हुआंग ने 8 नवंबर को Nvidia के कर्मचारियों को एक संदेश भेजकर अपनी पत्नी और बच्चों से माफी मांगी थी। उन्होंने स्वीकार किया कि वह अपनी पत्नी के प्रति वफादार नहीं रहे।

उन्होंने संदेश में कहा कि उनके कदम से पत्नी और बच्चों को दुख पहुंचा है। इसके लिए उन्हें गहरा पछतावा है। उन्होंने यह भी माना कि कंपनी के कर्मचारियों का भरोसा बनाए रखना उनकी जिम्मेदारी थी और वह इसमें नाकाम रहे।

हुआंग ने अपने संदेश में किसी महिला का नाम नहीं लिया। उन्होंने कंपनी की जांच में पूरा सहयोग करने की बात भी कही।

कौन संभाल सकता है एनवीडिया की कमान?

अगर बोर्ड हुआंग को पद से हटाने का फैसला करता है तो कंपनी के सामने नए CEO की नियुक्ति की चुनौती होगी। रॉयटर्स के मुताबिक, फिलहाल कंपनी के भीतर दो नामों की चर्चा सबसे ज्यादा है। पहला नाम CFO कोलेट क्रेस का है।

वह 2013 से कंपनी का वित्तीय कामकाज संभाल रही हैं। उन्हें अंतरिम CEO की जिम्मेदारी दी जा सकती है। दूसरा नाम इयान बक का है। वह 2004 से Nvidia से जुड़े हैं और कंपनी के CUDA सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म को विकसित करने में उनकी अहम भूमिका रही है।

इसके अलावा आर्म के CEO रेने हास और एनवीडिया के वरिष्ठ अधिकारी जेफ फिशर के नाम पर भी चर्चा हो रही है। हालांकि, कंपनी ने किसी उत्तराधिकारी के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

इस पूरे विवाद से Nvidia के सामने केवल नेतृत्व का संकट नहीं है। कंपनी की साख, निवेशकों का भरोसा और अमेरिका-चीन के बीच AI चिप कारोबार भी जांच के दायरे में आ गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।