जापान में शेयर बाजार ने छुआ 29 साल का उच्चतम स्तर, जानें किस वजह से आई इतनी ज्यादा तेजी
जापान का Nikkei 225 सूचकांक 2.05 फीसद की मजबूती के साथ 25906.93 पर बंद हुआ है। यह जून 1991 के बाद का सबसे उच्चतम स्तर है। broader Topix भी 1.68 फीसद की बढ़त के साथ 1731.81 पर आ गया है।
नई दिल्ली, बिजनेस डेस्क। जापानी शेयर बाजार सोमवार को 29 साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। जापान की अर्थव्यवस्था द्वारा पिछली चार तिमाहियों में पहली बार विस्तार दर्ज करने और कोरोना वैक्सीन के निर्माण में विकास के चलते वैश्विक बाजारों में तेजी आने के कारण जापानी शेयर बाजार में यह उछाल देखने को मिला है।
जापान का Nikkei 225 सूचकांक 2.05 फीसद की मजबूती के साथ 25,906.93 पर बंद हुआ है। यह जून 1991 के बाद का सबसे उच्चतम स्तर है। broader Topix भी 1.68 फीसद की बढ़त के साथ 1,731.81 पर आ गया है।
जापान की अर्थव्यवस्था जुलाई से सितंबर तिमाही में अनुमान से कहीं अधिक 21.4 फीसद की सालाना दर से बढ़ी है। इसमें अप्रैल से जून तिमाही के दौरान 28.8 फीसद की गिरावट देखी गई थी।
चीनी आकंड़े बताते हैं कि दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का औद्योगिक उत्पादन पिछले महीने उम्मीद से अधिक तेजी से बढ़ा है। साथ ही खुदरा बिक्री में भी इजाफा हुआ है। चीन में COVID-19 मंदी से उबरने की गति में रफ्तार के चलते जापान को भी मनोवैज्ञानिक रूप से प्रोत्साहन मिला है।
यद्यपि कुछ विश्लेषकों का मानना है कि यूके और यूरोप कोरोना वायरस के नए संक्रमण में बढ़ोत्तरी को थामने के लिए दोबारा लॉकडाउन प्रतिबंधों को लागू कर सकते हैं। इससे बाजार में अस्थिरता बढ़ सकती है। हालांकि, विश्लेषकों का कहना है यह संकुचन थोड़े समय के लिए ही रहेगा क्योंकि कई कोविड वैक्सीन का विकास अंतिम स्टेज में होने की खबर गिरावट को सीमित कर देगी।
(यह खबर रॉयटर्स की रिपोर्ट पर आधारित है)