सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल के जय चौधरी की कहानी: जिस गांव में बिजली-पानी तक नहीं था, वहां के लड़के ने कैसे बना डाला ₹4 लाख करोड़ का साम्राज्य?

Published: Tue, 24 Nov 2026 04:06 PM (IST)

Jay Chaudhry success story: हिमाचल प्रदेश के एक छोटे से गांव से निकले जय चौधरी ने साइबर सिक्योरिटी कंपनी जेडस्केलर की स्थापना की। उनकी कंपनी अब क्राउडस्ट्राइक के साथ 44 अरब डॉलर की अधिग्रहण (CrowdStrike Zscaler deal) डील का हिस्सा बनने जा रही है, जो 'जीरो ट्रस्ट सिक्योरिटी' के सिद्धांत पर आधारित है।     

हिमाचल के जय चौधरी की सफलता की कहानी 44 अरब डॉलर की जेडस्केलर डील

हिमाचल के जय चौधरी की सफलता की कहानी 44 अरब डॉलर की जेडस्केलर डील

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| Who is Jai Chaudhary:हिमाचल प्रदेश के एक छोटे से गांव में कभी बिजली और नल का पानी भी लग्जरी हुआ करता था। इसी गांव से निकले जय चौधरी ने अपनी मेहनत, दूरदर्शिता और 'किसी पर भरोसा मत करो' के सिद्धांत के दम पर 44 अरब डॉलर की कंपनी खड़ी कर दी। आज उनकी गिनती दुनिया के सबसे सफल टेक उद्यमियों में होती है। कभी नौकरी छोड़कर अपनी पूरी जमा-पूंजी कारोबार में लगाने वाले जय चौधरी की कंपनी जेडस्केलर अब 44 अरब डॉलर की बड़ी अधिग्रहण डील का हिस्सा बनने जा रही है।

दिलचस्प बात यह है कि जिस सोच को उन्होंने अपने कारोबार की बुनियाद बनाया, वही आज उनकी कंपनी की सबसे बड़ी ताकत बन गई है। आखिर कैसे एक किसान परिवार का लड़का सिलिकॉन वैली का अरबपति कारोबारी बना? चलिए जानते हैं जय चौधरी (Jay Chaudhry success story) की पूरी कहानी।

44 अरब डॉलर में हो रही डील

जय चौधरी साइबर सिक्योरिटी कंपनी जेडस्केलर इंक (Zscaler Inc.) के फाउंडर सीईओ हैं, जो अमेरिकी सिक्योरिटी कंपनी (CrowdStrike) के साथ एक बड़ी डील का हिस्सा बनने जा रहे हैं। जय चौधरी और उनके परिवार के पास जेडस्केर के एक तिहाई से ज्यादा शेयर हैं। रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक, इससे क्राउडस्ट्राइक होल्डिंग्स इंक. की प्रस्तावित 44 अरब डॉलर (CrowdStrike Zscaler 44 billion deal) की अधिग्रहण डील (करीब 4 लाख करोड़ रुपए) से उन्हें सबसे ज्यादा फायदा होगा।

यह भी पढ़ें- विदेश में पहली भारतीय फैक्ट्री लगाने वाला उद्योगपति, 24 की उम्र में शुरू किया था कारोबार; आज ₹11.30 लाख करोड़ का साम्राज्य

20 साल पहले हुई थी स्थापना

करीब दो दशक पहले जेडस्केलर की स्थापना करने वाले चौधरी के लिए यह डील उनके करियर का एक और बड़ा मुकाम है। उनका पूरा करियर इस बात को पहले से समझने पर आधारित रहा है कि टेक्नोलॉजी किस तरह कारोबार करने के तरीकों को बदलने वाली है।

उनकी कंपनी ने शुरुआती दौर में ही इंटरनेट सिक्योरिटी को पारंपरिक कॉरपोरेट नेटवर्क से निकालकर क्लाउड पर ले जाने का दांव लगाया था। रिमोट वर्किंग बढ़ने और साइबर हमलों के खतरे बढ़ने के साथ यह बदलाव तेजी से आगे बढ़ा।

कैलिफोर्निया के सांता क्लारा में स्थित यह कंपनी सुरक्षित कंप्यूटर नेटवर्क से रिमोट कनेक्शन को सुरक्षित बनाने का काम करती है। AI की मदद से होने वाली हैकिंग समेत साइबर हमलों के बढ़ते खतरे के बीच कंपनियों और सरकारी एजेंसियों के लिए इसकी सेवाएं लगातार अहम होती जा रही हैं।

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, शुक्रवार तक जय चौधरी की कुल नेटवर्थ 14.5 अरब डॉलर यानी करीब 1.34 लाख करोड़ रुपए (Jay Chaudhry net worth) थी। इसके साथ वह अमेरिका के 122वें सबसे अमीर शख्स थे।

'किसी पर भरोसा मत करो'

जेडस्केलर के कारोबार का आधार जिस सिद्धांत पर टिका है, उसे जीरो ट्रस्ट सिक्योरिटी (Zero Trust Security) कहा जाता है। इस मॉडल में किसी नेटवर्क के अंदर मौजूद यूजर या डिवाइस पर अपने आप भरोसा नहीं किया जाता। हर कनेक्शन को इस्तेमाल की इजाजत देने से पहले उसकी जांच जरूरी होती है। चौधरी का कहना है कि,

"AI के दौर में जीरो ट्रस्ट सिक्योरिटी अब ऐसी जरूरत बन गई है, जिससे समझौता नहीं किया जा सकता। AI एजेंट तेजी से सिक्योरिटी की सबसे कमजोर कड़ी बनते जा रहे हैं। यह समझौता जीरो ट्रस्ट सिक्योरिटी को आगे बढ़ाने की हमारी क्षमता को तेज करेगा। हम अपने कर्मचारियों, ग्राहकों और शेयरधारकों को इस डील से मिलने वाले बड़े फायदे का हिस्सा बनाने के लिए उत्साहित हैं।"

इस डील के बाद दुनिया की सबसे बड़ी ऐसी साइबर सिक्योरिटी कंपनियों में से एक बनेगी, जिसका पूरा फोकस इसी कारोबार पर होगा। यह सौदा ऐसे समय हो रहा है, जब बड़ी कंपनियां अपने सिक्योरिटी वेंडर्स की संख्या कम करना चाहती हैं। वे ऐसी कंपनियों को प्राथमिकता दे रही हैं, जो एक ही जगह पर कई तरह की सिक्योरिटी सेवाएं दे सकें।

पहाड़ों से सिलिकॉन वैली तक का सफर

जय चौधरी का सिलिकॉन वैली तक पहुंचने का सफर हिमाचल प्रदेश के एक किसान परिवार से शुरू हुआ था। साल 2021 में वाराणसी के इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (BHU) में दिए गए भाषण में उन्होंने बताया था कि जिस गांव में वह बड़े हुए, वहां उनके टीनएज तक बिजली और नल से पानी की सुविधा नहीं थी।

स्कॉलरशिप मिलने के बाद वह अमेरिका चले गए। वहां उन्होंने तीन मास्टर डिग्रियां हासिल कीं, जिनमें यूनिवर्सिटी ऑफ सिनसिनाटी से MBA भी शामिल है।

उन्होंने अपने करियर की शुरुआत सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर की और हेल्थकेयर से जुड़े प्रोडक्ट बनाए। इसके बाद वह IBM Corp. से जुड़े और सेल्स के क्षेत्र में आ गए। बाद में उन्होंने सेल्स को अपना असली जुनून बताया।

1990 के दशक में इंटरनेट की तेजी से बढ़ती लोकप्रियता ने उन्हें उद्यमी बनने का आइडिया दिया। चौधरी कई बार बता चुके हैं कि 1995 में नेटस्केप कम्युनिकेशंस (Netscape Communications) का IPO देखकर उनके मन में अपना कारोबार शुरू करने का विचार आया था।

उस समय साइबर खतरों का स्वरूप भी बदल रहा था। पहले कंप्यूटर वायरस फ्लॉपी डिस्क के जरिए फैलते थे, लेकिन अब वे तेजी से इंटरनेट के जरिए फैलने लगे थे। इससे कंपनियों को सुरक्षित रखने के नए तरीकों की जरूरत पैदा हुई।

नौकरी छोड़ दांव पर लगाई जिंदगी भर कमाई

जय चौधरी और उनकी पत्नी ज्योति ने अपनी नौकरियां छोड़ दीं और अपनी जिंदगी भर की करीब 5 लाख डॉलर की बचत सिक्योरआईटी (SecureIT) में लगा दी। यह इंटरनेट सिक्योरिटी कंपनी फायरवॉल लगाने और उनका मैनेजमेंट करने का काम करती थी। साल 1998 में वेरी सिंह ने इस कंपनी को 6.9 करोड़ डॉलर में खरीद लिया।

लेकिन कंपनी बेचने के बाद उनका सफर रुका नहीं। जेडस्केलर की स्थापना से पहले चौधरी ने तीन और टेक्नोलॉजी कंपनियां शुरू कीं और उन्हें बेचा। इसके बाद 2007 में उन्होंने जेडस्केलर की नींव रखी।

उन्होंने बताया था कि इस कंपनी का आइडिया सेल्सफोर्स इंक (Salesforce Inc.) से प्रेरित था। सेल्सफोर्स (Salesforce) इंटरनेट के जरिए सॉफ्टवेयर सेवाएं उपलब्ध कराने के मॉडल पर काम करती थी।

कोविड में दो बदलाव ने बदली तस्वीर

कोरोना महामारी के दौरान दो बड़े बदलाव हुए, जिनका फायदा Zscaler को मिला।

  • पहला- कंपनियों और सरकारी एजेंसियों को अचानक बड़ी संख्या में रिमोट कनेक्शन सुरक्षित करने पड़े। इससे पुराने VPN सिस्टम की कमियां सामने आने लगीं।
  • दूसरा- VPN को निशाना बनाकर होने वाले साइबर हमले, जो पहले अपेक्षाकृत कम होते थे, महामारी से पहले के वर्षों में बढ़ने लगे थे। लॉकडाउन के दौरान इन हमलों में और तेजी आई।

इन दोनों बदलावों ने मिलकर क्लाउड आधारित सिक्योरिटी सेवाओं की मांग बढ़ा दी। जेडस्केलर पहले से ही इसी तरह की टेक्नोलॉजी तैयार कर रही थी, इसलिए कंपनी को इसका सीधा फायदा मिला।

अब प्रस्तावित अधिग्रहण के जरिए साइबर सिक्योरिटी इंडस्ट्री के दो बड़े उद्यमी एक साथ आ रहे हैं। इनमें जय चौधरी और CrowdStrike के CEO जॉर्ज कुर्ट्ज शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- गौतम अदाणी का कोरिया कनेक्शन, यहीं से हुई थी ट्रेडर्स से भारत का 'इन्फ्रा किंग' बनने की शुरुआत; आपको पता है ये कहानी?

 

विदेश में पहली भारतीय फैक्ट्री लगाने वाला उद्योगपति, 24 की उम्र में शुरू किया था कारोबार; आज ₹11.30 लाख करोड़ का साम्राज्य

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।