गर्मी में ठंडी वादियों में एक ही टूर पर घूमकर आएं चारों धाम, रेलवे लाया इतने रुपये का ये खास ऑफर
IRCTC ने 2026 के लिए 'चार धाम यात्रा' पैकेज की घोषणा की है, जिसमें 11 रातें और 12 दिनों में उत्तराखंड के चारों पवित्र धामों के दर्शन कराए जाएंगे।

IRCTC ने साल 2026 के गर्मी सीजन के लिए 'चार धाम यात्रा' (Char Dham Yatra 2026) पैकेज की घोषणा कर दी है।
HighLights
IRCTC ने 2026 चार धाम यात्रा पैकेज की घोषणा की।
11 रातें/12 दिन का पैकेज, दिल्ली से शुरू होगा।
यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ के दर्शन शामिल।
नई दिल्ली| गर्मियों की छुट्टियां शुरू होते ही लोग पहाड़ों की ठंडी वादियों की तरफ रुख करना पसंद करते हैं। अगर आप भी इस गर्मी में अपने परिवार के साथ तीर्थ यात्रा पर जाने का प्लान बना रहे हैं, तो इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) आपके लिए एक शानदार मौका लेकर आया है। IRCTC ने साल 2026 के लिए 'चार धाम यात्रा' (Char Dham Yatra 2026) पैकेज की घोषणा कर दी है, जिसमें श्रद्धालुओं को उत्तराखंड के चारों पवित्र धामों के दर्शन कराए जाएंगे। आइए जानते हैं इस खास टूर पैकेज से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी।
क्या है IRCTC का यह खास चार धाम यात्रा पैकेज?
IRCTC का यह पैकेज 11 रातें और 12 दिनों का है। इस पैकेज के तहत श्रद्धालुओं को उत्तराखंड के गढ़वाल हिमालय में स्थित चार पवित्र धामों यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ की यात्रा कराई जाएगी। यह यात्रा दिल्ली से शुरू होगी और यात्रियों को 'कम्फर्ट' श्रेणी के तहत सड़क मार्ग (AC टेंपो ट्रैवलर) से ले जाया जाएगा।
यात्रा की शुरुआत कब से होगी और कौन सी तारीखें हैं उपलब्ध?
साल 2026 में चार धाम यात्रा 19 अप्रैल 2026 से शुरू होने जा रही है। IRCTC ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई डिपार्चर डेट्स (Departure Dates) तय की हैं। हर ग्रुप में अधिकतम 20 यात्री ही शामिल होंगे। आप अपनी सुविधानुसार नीचे दी गई तारीखों में से चुनाव कर सकते हैं:
- अप्रैल 2026: 21 तारीख
- मई 2026: 1 और 15 तारीख
- जून 2026: 1, 12 और 24 तारीख
- सितंबर 2026: 1, 12 और 24 तारीख
- अक्टूबर 2026: 1 और 15 तारीख
इस पैकेज के लिए प्रति व्यक्ति कितना खर्च आएगा?
- सिंगल ऑक्यूपेंसी (अकेले रुकने पर): ₹75,000 प्रति व्यक्ति
- डबल ऑक्यूपेंसी (दो लोगों के साथ): ₹62,000 प्रति व्यक्ति
- ट्रिपल ऑक्यूपेंसी (तीन लोगों के साथ): ₹57,000 प्रति व्यक्ति
- 5 से 11 साल का बच्चा (एक्स्ट्रा बेड के साथ): ₹30,000
- 5 से 11 साल का बच्चा (बिना एक्स्ट्रा बेड के): ₹20,000
पैकेज के किराये में यात्रियों को क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी?
11 रातें और 12 दिन के लिए अच्छे होटल्स में रुकने की व्यवस्था में केदारनाथ में धर्मशाला में डोरमेट्री की सुविधा मिलेगी। जिसमें नाश्ता (Breakfast) और रात का खाना (Dinner) शामिल होगा।
दिल्ली से पूरी यात्रा के लिए आरामदायक AC टेंपो ट्रैवलर होगी। ध्यान रहे, AC सिर्फ दिल्ली से हरिद्वार और वापसी में ही काम करेगा। साथ ही प्रति दिन 1 लीटर पानी की बोतल मिलेगी।
नोट- रुकने के लिए हरिद्वार/ऋषिकेश, खरसाली/बड़कोट, उत्तरकाशी, गुप्तकाशी और बद्रीनाथ में रीजेंटा ऑर्कस, कैंप निर्वाणा, मोनल रिज़ॉर्ट और होटल योगा जैसे बेहतरीन होटल्स या उनके जैसी ही अन्य संपत्तियों की व्यवस्था की गई है।
यह भी पढ़ें: गर्मियों की छुट्टियों में बनाएं काठमांडू-पोखरा का प्लान; IRCTC के इस सस्ते पैकेज में करें पशुपतिनाथ के दर्शन
