पराली, कचरा और पौधों के तेल से बनेगा एक खास ऑयल, IOC को सरकार से मिली उत्पादन की मंजूरी
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) को पानीपत रिफाइनरी से सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF) के व्यावसायिक उत्पादन के लिए सरकार से मंजूरी मिल गई है।

HighLights
इंडियन ऑयल को SAF उत्पादन के लिए सरकारी मंजूरी मिली।
पानीपत रिफाइनरी में होगा सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल का निर्माण।
पराली और कचरे से बनेगा, 80% कार्बन उत्सर्जन घटाएगा।
नई दिल्ली। देश की दिग्गज ऑयल मार्केटिंग कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) को सरकार से पानीपत स्थित अपनी रिफाइनरी से व्यावसायिक बिक्री के लिए सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF) की आपूर्ति करने की मंजूरी मिल गई है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने कंपनी के चेयरमैन ए एस साहनी के हवाले से इस बात की जानकारी दी।
ए एस साहनी ने बताया कि रिफाइनर नई परियोजनाओं में निवेश करने से पहले भविष्य में एसएएफ (सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल) की बिक्री के लिए एयरलाइंस के साथ समझौते करने की योजना बना रहा है। साहनी ने आगे कहा कि आईओसी की पानीपत सुविधा 2027 में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए देश के 1% मिश्रण लक्ष्य को पूरा करने के लिए पर्याप्त एसएएफ का उत्पादन करने में सक्षम होगी।
क्या है सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल?
सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF) हवाई जहाजों में इस्तेमाल होने वाले पारंपरिक जेट ईंधन का एक स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प है। खास बात है कि SAF को नवीकरणीय स्रोतों और कचरे से तैयार किया जाता है। इस्तेमाल किया हुआ खाने का तेल, पराली या खेत का कचरा, नगर निगम का ठोस कचरा, जानवरों की चर्बी और पौधों के तेल से इसे बनाया जाता है।
SAF का सबसे बड़ा फायदा यह है कि यह पारंपरिक जेट ईंधन की तुलना में कार्बन उत्सर्जन को 80% तक कम कर सकता है। यह ग्लोबल वार्मिंग को रोकने में बेहद कारगर है।
ये भी पढ़ें - अदाणी ने शुरू किया देश के सबसे लंबे विंड ब्लेड का प्रोडक्शन! विंड एनर्जी में बड़ी छलांग, विदेशी कंपनियों को मिलेगी चुनौती?
अगस्त में आईओसी के चेयरमैन ने कहा था कि आईओसी को उम्मीद है कि वह दो महीने के भीतर पानीपत रिफाइनरी में अपना पहला एसएएफ संयंत्र चालू कर देगी और पांच से छह महीने के भीतर दूसरे संयंत्र के लिए निवेश संबंधी निर्णय ले लेगी।