मिडिल ईस्ट से निर्भरता कम कर रहा भारत, होर्मुज झगड़े के बीच घर में ही बनाया रिकॉर्ड; किया 92 लाख मीट्रिक टन LPG प्रोडक्शन
मिडिल ईस्ट में तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने से भारत के LPG आयात पर असर पड़ा, जिसके बाद देश ने घरेलू उत्पादन रिकॉर्ड 92 लाख मीट्रिक टन तक बढ़ा दिया है। हालांकि, उत्पादन बढ़ने के बावजूद अप्रैल-अक्टूबर 2026 के दौरान LPG की खपत और बिक्री में 15% से अधिक की गिरावट दर्ज की गई, जिससे सरकारी तेल कंपनियों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है।

LPG का घरेलू उत्पादन तेजी से बढ़ा
HighLights
भारत का LPG उत्पादन रिकॉर्ड 92 लाख मीट्रिक टन पहुंचा।
होर्मुज जलडमरूमध्य बंद होने से LPG आयात प्रभावित हुआ।
LPG खपत घटी, तेल कंपनियों पर आर्थिक बोझ बढ़ा।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| मिडिल ईस्ट में हुए तनाव के चलते होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) बंद होने से भारत के करीब 90% LPG आयात पर असर देखने को मिला, इसके बाद देश ने घरेलू स्तर पर रसोई गैस का उत्पादन बढ़ा दिया है। अप्रैल से अक्टूबर 2026 के दौरान भारत का LPG उत्पादन रिकॉर्ड 92 लाख मीट्रिक टन पर पहुंच गया। इस दौरान औसत मासिक उत्पादन भी बढ़कर 13 लाख टन के अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया।
पेट्रोलियम प्लानिंग एंड एनालिसिस सेल (PPAC) के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल-अक्टूबर 2026 के दौरान भारत में LPG का औसत दैनिक उत्पादन करीब 43,333 टन रहा। यह पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले लगभग 24% और अप्रैल-अक्टूबर 2024 की तुलना में 23% अधिक है।
LPG और LNG की सप्लाई पर दिखा असर
भारत में करीब 32.64 करोड़ परिवार खाना पकाने के लिए LPG का इस्तेमाल करते हैं। इनमें सितंबर 2026 तक प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के करीब 10.57 करोड़ लाभार्थी शामिल हैं। 28 फरवरी 2026 को शुरू हुए पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा कारोबार में बड़ा व्यवधान आया। इसका सबसे ज्यादा असर LPG और LNG की सप्लाई पर पड़ा। होर्मुज जलडमरूमध्य बंद होने से भारत के LPG आयात पर भी असर पड़ा।
उत्पादन बढ़ा, लेकिन LPG की खपत घटी
आयात में आई बाधा के बाद सरकार ने घरेलू रसोई गैस की उपलब्धता बनाए रखने के लिए उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ सप्लाई पर भी नियंत्रण लगाया। घरेलू उपभोक्ताओं को 100 प्रतिशत सप्लाई जारी रखी गई, जबकि अन्य क्षेत्रों में LPG की उपलब्धता सीमित की गई। इसके बावजूद उत्पादन बढ़ने के साथ खपत में गिरावट दर्ज की गई।
दुनिया के दूसरे सबसे बड़े LPG उपभोक्ता भारत में अक्टूबर 2026 के दौरान करीब 25.2 लाख टन LPG की खपत हुई। यह पिछले साल के इसी महीने के मुकाबले 12 प्रतिशत से अधिक कम है। वहीं, अप्रैल से अक्टूबर 2026 के दौरान कुल खपत 1.621 करोड़ टन रही, जो सालाना आधार पर 15 प्रतिशत से अधिक कम है।
खपत में गिरावट का असर बिक्री पर भी पड़ा। अक्टूबर में घरेलू LPG की बिक्री शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक करीब 21.7 लाख टन रही। यह पिछले साल के मुकाबले लगभग 11 प्रतिशत कम है। अप्रैल-अक्टूबर 2026 के दौरान घरेलू LPG की बिक्री 1.435 करोड़ टन रही, जो सालाना आधार पर 13 प्रतिशत से अधिक कम है।
ये भी पढ़ें: पाम ऑयल और सोयाबीन तेल की कीमतों में गिरावट! FMCG कंपनियों का बढ़ेगा मुनाफा, आम ग्राहकों को क्या राहत?
गैर-घरेलू, थोक LPG और ऑटो LPG को मिलाकर कुल बिक्री में भी गिरावट आई। अक्टूबर में यह करीब 25.1 लाख टन रही, जो पिछले साल के मुकाबले लगभग 12 प्रतिशत कम है। वहीं, अप्रैल-अक्टूबर के दौरान कुल बिक्री करीब 1.621 करोड़ टन रही, जो सालाना आधार पर लगभग 14 प्रतिशत कम है।
कंपनियों पर बढ़ा आर्थिक बोझ
पश्चिम एशिया संघर्ष और सप्लाई में रुकावट के कारण LPG की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। सरकारी तेल विपणन कंपनियां (OMCs) घरेलू उपभोक्ताओं को 14.2 किलोग्राम का LPG सिलेंडर ₹942 में बेच रही हैं। वहीं, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए इसकी कीमत ₹642 प्रति सिलेंडर है। जबकि सिलेंडर की बाजार लागत ₹1,268.24 है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOCL), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (HPCL) को प्रत्येक सिलेंडर की सप्लाई पर ₹325.24 का अंतर वहन करना पड़ रहा है। यानी कंपनियां बाजार लागत और उपभोक्ताओं से ली जा रही कीमत के बीच का अंतर खुद उठा रही हैं।
इससे सरकारी तेल कंपनियों का अंडर-रिकवरी यानी लागत के मुकाबले कम कीमत पर LPG बेचने से होने वाला नुकसान बढ़ रहा है। 30 सितंबर 2026 तक इंडियन ऑयल की LPG अंडर-रिकवरी ₹32,505.69 करोड़ थी। वहीं, भारत पेट्रोलियम की ₹17,334.40 करोड़ और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की ₹18,048.82 करोड़ रही।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।