सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एक झटके में ₹50 प्रति किलो महंगा होगा चिकन, ₹4 तक बढ़ेंगे अंडे के दाम! 25% पोल्ट्री फार्म बंद, क्या है कारण?

Published: Wed, 25 Nov 2026 07:15 PM (IST)

पोल्ट्री उद्योग मक्का और सोयाबीन की बढ़ती कीमतों से गंभीर संकट में है, जिससे 25% फार्म बंद हो गए हैं। 

पोल्ट्री इंडस्ट्री की कॉस्ट में भारी बढ़ोतरी

पोल्ट्री इंडस्ट्री की कॉस्ट में भारी बढ़ोतरी

HighLights

  1. मक्का-सोयाबीन की ऊंची कीमतों से पोल्ट्री उद्योग संकट में।

  2. 25% पोल्ट्री फार्म बंद, उत्पादन लागत में भारी वृद्धि।

  3. चिकन ₹50, अंडे ₹4 तक महंगे होने की आशंका।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| पोल्ट्री उद्योग ने मक्का और सोयाबीन की बढ़ती कीमतों से राहत दिलाने के लिए सरकार से इनकी जमाखोरी रोकने और स्टॉक लिमिट लगाने की मांग की है। ऑल इंडिया पोल्ट्री ब्रीडर्स एसोसिएशन (AIPBA) ने बुधवार को सरकार से करीब 30 लाख टन मक्का सरकारी भंडार से पोल्ट्री उद्योग को रियायती दरों पर उपलब्ध कराने की भी अपील की। एसोसिएशन के मुताबिक, सरकार ने इसी तरह की राहत एथेनॉल निर्माताओं को भी दी है।

पिछले 50 सालों में सबसे गंभीर संकट में पोल्ट्री

एसोसिएशन ने कहा कि पिछले 50 सालों में पोल्ट्री उद्योग इस समय के सबसे गंभीर संकटों में से एक का सामना कर रहा है। मुर्गियों के दाने की कीमतों में तेज बढ़ोतरी से किसानों की उत्पादन लागत काफी बढ़ गई है। AIPBA के अध्यक्ष बहादुर अली ने मीडिया को बताया कि पोल्ट्री फीड की कीमत करीब ₹15,000 प्रति टन बढ़ गई है। इससे कारोबार करना मुश्किल हो रहा है और कई किसानों को उत्पादन घटाना या फार्म बंद करना पड़ रहा है।

25 प्रतिशत पोल्ट्री फार्म बंद

बहादुर अली ने अरोप लगाया कि मक्का और सोयाबीन का पर्याप्त उत्पादन होने के बावजूद बाजार में कृत्रिम कमी और जमाखोरी के कारण कीमतों पर दबाव बढ़ रहा है। एसोसिएशन का कहना है कि सरकारी और कृषि आंकड़े दोनों फसलों का पर्याप्त उत्पादन दिखाते हैं। ऐसे में मौजूदा संकट की वजह वास्तविक उत्पादन की कमी नहीं है।

एसोसिएशन के अनुसार, पोल्ट्री फीड बनाने वाली फैक्ट्रियों में उत्पादन और मांग 15-20% तक घट गई है। वहीं, देश के 20-25% पोल्ट्री फार्म बंद हो चुके हैं या बंद होने की कगार पर हैं। कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में भी इसका असर दिख रहा है।

₹50 किलो तक महंगा हो सकता है चिकन

AIPBA के मुताबिक, पोल्ट्री फार्मर्स चिकन की बिक्री पर प्रति किलो ₹40-₹50 तक का नुकसान उठा रहे हैं, क्योंकि चिकन की कीमतों में बढ़ोतरी दाने की लागत के अनुपात में नहीं हुई है। अप्रैल से अक्टूबर के बीच इंटीग्रेटेड पोल्ट्री कंपनियों ने जो मुनाफा कमाया था, वह नवंबर तक खत्म हो गया। इससे चालू वित्त वर्ष में इन कंपनियों पर आयकर देनदारी भी लगभग शून्य रह सकती है।

ये भी पढ़ें: चावल के बढ़ते दाम को रोकने के लिए निर्यात पर 20% शुल्क लगाने की तैयारी, एक्सपोर्ट पर भी लगेगा बैन?

एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि अगर दाने की कीमतें इसी तरह बढ़ती रहीं तो चिकन ₹40-₹50 प्रति किलो और अंडे ₹3-₹4 प्रति पीस तक महंगे हो सकते हैं। मक्का की ऊंची कीमतों के कारण कई एथनॉल प्लांट भी बंद हुए हैं। एसोसिएशन को जनवरी तक मक्का और सोयाबीन की कीमतों में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन फिलहाल स्थिति अनिश्चित बनी हुई है। AIPBA ने कहा कि कीमतों में लगातार बढ़ोतरी और आपूर्ति में बाधा से पोल्ट्री और डेयरी पर निर्भर लाखों ग्रामीण परिवारों की आजीविका प्रभावित हो सकती है।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।