छोटे पुर्जों के लिए विदेशों पर निर्भर भारत का इलेक्ट्रॉनिक्स एक्सपोर्ट 31.97 अरब डॉलर पहुंचा! चीन, अमेरिका सिंगापुर जैसे देश हैं खरीदार
भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में 44% की वृद्धि दर्ज करते हुए 31.97 अरब ...और पढ़ें

इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं का निर्यात 44% बढ़ा
HighLights
इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात 44% बढ़कर 31.97 अरब डॉलर हुआ।
स्मार्टफोन निर्यात 35.8% बढ़कर 18.17 अरब डॉलर पहुंचा।
गैर-स्मार्टफोन उत्पादों जैसे PCB में 3,219% की वृद्धि।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स एक्सपोर्ट ने फाइनेंशियल ईयर 2026-27 की पहली छमाही में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए नया रिकॉर्ड बनाया है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने मंगलवार को एक आधिकारिक बयान के मुताबिक इस फाइनेंशियल ईयर के अप्रैल-सितंबर के दौरान देश का कुल इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं का निर्यात 44% बढ़कर 31.97 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 22.20 अरब डॉलर था।
स्मार्ट फोन के एक्सपोर्ट में तेजी
बयान में कहा गया है कि स्मार्टफोन का निर्यात भारत की इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात कहानी की सबसे बड़ी ताकत बना हुआ है, वहीं अन्य इलेक्ट्रॉनिक प्रोडक्ट्स में इससे भी तेज वृद्धि दर्ज की गई है।
आंकड़ों के मुताबिक, स्मार्टफोन निर्यात अप्रैल-सितंबर 2026 के दौरान 35.8% बढ़कर 18.17 अरब डॉलर हो गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 13.38 अरब डॉलर था। हालांकि स्मार्टफोन अब भी इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात का सबसे बड़ा हिस्सा बने हुए हैं, लेकिन कुल निर्यात में उनकी हिस्सेदारी घटकर 60.3% से 56.8% रह गई, जिसका मुख्य कारण अन्य इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की तेज वृद्धि है।
गैर-स्मार्टफोन इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में 56.5% की वृद्धि दर्ज की गई और यह 8.81 अरब डॉलर से बढ़कर 13.79 अरब डॉलर पर पहुंच गया। जिसके चलते कुल इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में इस कैटेगरी की हिस्सेदारी बढ़कर 39.7% से 43.2% हो गई। इससे संकेत मिलता है कि भारत अब केवल स्मार्टफोन निर्माण और निर्यात तक सीमित नहीं है, बल्कि हाई वैल्यू वाले इलेक्ट्रॉनिक घटकों और उपकरणों के निर्यात में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
चीन-सिंगापुर बने बड़े बाजार
सबसे जबरदस्त बढ़ोतरी माउंटेड प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (PCB) के एक्सपोर्ट में देखने को मिली। इस कैटेगरी का एक्सपोर्ट 63.3 मिलियन डॉलर से बढ़कर 2.10 अरब डॉलर हो गया, जो 3,219% की रिकॉर्ड वृद्धि है। इस उत्पाद के लिए सिंगापुर प्रमुख निर्यात गंतव्य रहा, जहां 1.87 अरब डॉलर का निर्यात हुआ। इसी तरह पॉप्युलेटेड या लोडेड प्रिंटेड सर्किट बोर्ड का निर्यात 304% बढ़कर 864.1 मिलियन डॉलर पहुंच गया, जिसमें चीन सबसे बड़ा बाजार रहा।
नेटवर्क ट्रांसमिशन का एक्सपोर्ट दोगुना
नेटवर्क ट्रांसमिशन और रूटिंग उपकरणों का निर्यात भी लगभग दोगुना होकर 1.45 अरब डॉलर हो गया। इस क्षेत्र में हांगकांग, अमेरिका और नीदरलैंड प्रमुख गंतव्य रहे। वहीं मेमोरी इंटीग्रेटेड सर्किट्स का निर्यात 2,333 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 562.4 मिलियन डॉलर पर पहुंच गया, जबकि सॉलिड-स्टेट स्टोरेज डिवाइस का निर्यात 1,680 प्रतिशत बढ़कर 260.5 मिलियन डॉलर हो गया।
बयान के अनुसार, यह प्रदर्शन भारत की इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्षमता में आ रहे बदलाव को दर्शाता है। उत्पादन-आधारित प्रोत्साहन (PLI) योजनाओं, वैश्विक कंपनियों के निवेश और सप्लाई चेन डाइवर्सिफाई के प्रयासों का असर अब निर्यात आंकड़ों में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। सिंगापुर, चीन, हांगकांग और मलेशिया जैसे बाजारों में बढ़ती मांग भी भारतीय इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग को नई गति दे रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।