RBI के 'ब्रह्मास्त्र' का कमाल: रुपया बना दुनिया की सबसे ज्यादा रिटर्न देने वाली करेंसी! डॉलर के मुकाबले कब तक टिकेगी तेजी?
Rupee vs US dollar: भारतीय रुपया इस तिमाही में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले कैरी ट्रेड में सबसे ज्यादा रिटर्न देने वाली वैश्विक करेंसी बन गया है, जिसमें RBI की नीतियों और डॉलर की आवक बढ़ाने के प्रयासों का अहम योगदान है।
-1795505853093_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| Rupee vs US Dollar: भारतीय करेंसी यानी रुपया इस तिमाही में अमेरिकी डॉलर से फंड किए जाने वाले कैरी ट्रेड (Indian rupee carry trade) में दुनिया का सबसे ज्यादा रिटर्न देने वाली करेंसी बन गया। विदेशी निवेशक अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI stock rotation to India) से जुड़ी कंपनियों के शेयरों से पैसा निकालकर भारत जैसे उन बाजारों में लगा रहे हैं, जो AI की तेजी के दौरान पीछे रह गए थे। इससे रुपये को मजबूती मिली।
हालांकि, रुपये की इस तेजी के पीछे सिर्फ भारत की आर्थिक ताकत या ऊंची ब्याज दरें नहीं हैं, बल्कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की नीतियों और डॉलर की आवक बढ़ाने के लिए उठाए गए कदमों की भी बड़ी भूमिका है। ऐसे में सवाल है कि क्या भारतीय रुपया दुनिया के बड़े कैरी ट्रेड निवेशकों की पसंद बन पाएगा या यह तेजी कुछ समय की मेहमान है?
क्या होता है कैरी ट्रेड और इससे रुपये को कैसे फायदा?
कैरी ट्रेड एक ऐसी निवेश रणनीति है, जिसमें निवेशक कम ब्याज दर वाली करेंसी में कर्ज लेते हैं और उस पैसे को ज्यादा ब्याज या बेहतर रिटर्न देने वाली दूसरी करेंसी में निवेश करते हैं। उदाहरण के लिए, अगर कोई निवेशक डॉलर में कम ब्याज पर पैसा उधार लेकर रुपये में निवेश करता है और इस दौरान रुपया डॉलर के मुकाबले मजबूत होता है, तो उसे दोहरा फायदा हो सकता है। उसे ब्याज का अंतर भी मिलता है और करेंसी की मजबूती से भी कमाई होती है।
RBI ने 2008 के वैश्विक वित्तीय संकट के बाद अपनी एक रिपोर्ट में कैरी ट्रेड को हाईवे से सिक्के उठाने जैसा जोखिम भरा काम बताया था। इसमें लंबे समय तक अच्छा रिटर्न मिल सकता है, लेकिन बाजार की दिशा अचानक बदलने पर निवेशकों का पूरा मुनाफा डूब सकता है। उस समय RBI ने भारतीय बैंकों और कंपनियों के विदेश से कर्ज लेकर रुपये में निवेश करने पर भी चिंता जताई थी।
यह भी पढ़ें- Gold Price Today: 8 हफ्तों की गिरावट के अचानक क्यों उछला सोना, अब लौटेगी तेजी या गिरावट है बाकी? Inside Story
RBI के कदमों से मजबूत हुआ रुपया
इस बार रुपये की तेजी के पीछे RBI की भूमिका अहम मानी जा रही है। केंद्रीय बैंक ने रुपये के खिलाफ सट्टेबाजी को रोकने के लिए कई कदम उठाए हैं। साथ ही, विदेशी कर्ज के जरिए डॉलर की आवक बढ़ाने और करेंसी बाजार में हस्तक्षेप करने जैसी रणनीतियां अपनाई हैं।
RBI ने रुपये में गिरावट पर दांव लगाने वाले निवेशकों के लिए भी कारोबार महंगा कर दिया है। बैंक ऑफ अमेरिका के रणनीतिकारों के मुताबिक,
इससे रुपये के खिलाफ दांव लगाने वालों के लिए नेगेटिव कैरी की स्थिति बन गई है। यानी रुपये में गिरावट से मुनाफा कमाने की कोशिश करना निवेशकों के लिए महंगा पड़ रहा है।"
इसका मतलब है कि विदेशी निवेशक सिर्फ भारत की ब्याज दरों से आकर्षित होकर रुपये में पैसा नहीं लगा रहे, बल्कि उन्हें यह भरोसा भी है कि RBI रुपये को बहुत ज्यादा कमजोर नहीं होने देगा।
रुपये की कमाई में ब्याज से ज्यादा मजबूती का योगदान
आंकड़े भी इस तेजी की वजह समझाते हैं। सितंबर के अंत से अब तक रुपये के कैरी ट्रेड से हुई कुल कमाई में करीब 80% हिस्सा रुपये की मजबूती से आया है। ब्याज से मिलने वाली कमाई का योगदान इससे काफी कम रहा है।
इसके अलावा, RBI की ओर से विदेशी निवेश को आकर्षित करने के लिए दिए गए कुछ प्रोत्साहन अस्थायी हैं। इन उपायों में से कुछ इस साल के अंत तक खत्म होने वाले हैं। दूसरी तरफ, रुपया पहले काफी कमजोर स्तर पर था, जहां से अब इसमें सुधार देखने को मिल रहा है। ऐसे में इन अस्थायी वजहों का असर खत्म होने के बाद रुपये की असली स्थिति सामने आ सकती है।
क्या रुपये में निवेश करना अब भी फायदेमंद है?
रुपये के सामने सबसे बड़ी चुनौती भारत और अमेरिका की ब्याज दरों का अंतर है। साल 2011 में भारत और अमेरिका की बेंचमार्क ब्याज दरों के बीच अंतर 8.25% अंक था। अब यह घटकर सिर्फ 1.5% अंक रह गया है।
इसका मतलब है कि विदेशी निवेशकों को भारत में निवेश करने पर पहले जितना अतिरिक्त ब्याज फायदा नहीं मिल रहा। वहीं, पिछले तीन दशकों में रुपया डॉलर के मुकाबले औसतन हर साल करीब 3% कमजोर हुआ है। ऐसे में ब्याज से मिलने वाला अतिरिक्त फायदा रुपये की ऐतिहासिक गिरावट, बाजार के उतार-चढ़ाव और भू-राजनीतिक जोखिम की भरपाई करने के लिए पर्याप्त नहीं माना जा सकता।
विदेशी निवेशकों के लिए रुपये का बाजार कितना आसान?
रुपये को वैश्विक कैरी ट्रेड करेंसी बनाने के रास्ते में बाजार से जुड़ी कुछ मुश्किलें भी हैं। भारत में विदेशी निवेशक अभी भी बड़े पैमाने पर नॉन-डिलीवरेबल फॉरवर्ड (NDF) के जरिए रुपये में कारोबार करते हैं। यह ऐसा सौदा होता है, जिसमें करेंसी की वास्तविक डिलीवरी के बजाय कीमत के अंतर का भुगतान किया जाता है।
इस वजह से रुपये का बाजार उन प्रमुख वैश्विक करेंसी बाजारों की तरह गहरा और आसानी से उपलब्ध नहीं है, जिनमें विदेशी निवेशक आसानी से खरीद-बिक्री और जोखिम से बचाव कर सकते हैं।
इसके अलावा, RBI की नीतियों में बदलाव को लेकर अनिश्चितता भी निवेशकों के लिए चिंता का विषय है। 2026 में RBI ने पहले ब्याज दरें बढ़ाने में देरी की, फिर उन कारणों से दरें बढ़ाईं जिन्हें पहले ज्यादा महत्व नहीं दिया गया था। इसके बाद रुपये के कारोबार पर कई तरह की पाबंदियां भी लगाई गईं।
रुपये को मजबूत बनाने के लिए क्या करना होगा?
रिपोर्ट के मुताबिक, अगर भारत चाहता है कि रुपया दुनिया की प्रमुख कैरी ट्रेड करेंसी बने, तो उसे विदेशी निवेशकों के लिए कारोबार आसान करना होगा। इसके लिए ब्याज दरों में पर्याप्त अंतर बनाए रखने, नियमों से जुड़ी बाधाएं कम करने और घरेलू व विदेशी मुद्रा बाजारों को बेहतर तरीके से जोड़ने की जरूरत है।
इसके साथ ही कैपिटल अकाउंट को ज्यादा उदार बनाना होगा। यानी विदेशी निवेशकों को भारत में पैसा लगाने के साथ जरूरत पड़ने पर उसे आसानी से बाहर निकालने की भी सुविधा देनी होगी।
आखिरकार, रुपये को स्थायी रूप से मजबूत बनाने के लिए सिर्फ नीतिगत प्रोत्साहन और डॉलर की आवक बढ़ाना काफी नहीं होगा। विदेशी निवेशकों को ऐसा भरोसा देना होगा कि रुपये में निवेश से मिलने वाला रिटर्न उसके जोखिम के मुकाबले बेहतर है। फिलहाल रुपये की तेजी उत्साह जरूर बढ़ा रही है, लेकिन इसे लंबे समय तक बनाए रखना भारत के लिए बड़ी चुनौती होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।