फिनटेक कंपनियों पर निवेशक मेहरबान! 2026 में अब तक लगाया 20950 करोड़ रुपये का दांव; किसने मारी बाजी?
भारतीय फिनटेक कंपनियों ने जनवरी-सितंबर 2026 में $2.2 बिलियन का निवेश जुटाया, जो पिछले साल की समान अवधि से 14% ...और पढ़ें

भारतीय फिनटेक कंपनियों ने 2026 में $2.2 अरब का निवेश जुटाया
HighLights
भारतीय फिनटेक कंपनियों ने 2026 में $2.2 अरब निवेश जुटाया
पिछले साल से 14% अधिक, पर फंडिंग राउंड कम हुए
क्रेड, क्रेडिटबी जैसे बड़े सौदों से आधा निवेश आया
एजेंसी, नई दिल्ली। भारतीय वित्तीय प्रौद्योगिकी (फिनटेक) कंपनियों ने 2026 की जनवरी-सितंबर अवधि के दौरान 2.2 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश जुटाया है, जो एक साल पहले की समान अवधि के मुकाबले 14 प्रतिशत अधिक है। डेटा विश्लेषण मंच ‘ट्रैक्सन’ ने यह जानकारी दी।
हालांकि, इस दौरान निवेश के दौर की संख्या 41 प्रतिशत घट गई। ट्रैक्सन के अनुसार, 10 करोड़ डॉलर या इससे अधिक के पांच बड़े सौदों से कुल निवेश का करीब आधा हिस्सा आया।
2025 में कितना निवेश आया?
आंकड़ों के अनुसार, जनवरी-सितंबर, 2025 में वित्तीय प्रौद्योगिकी कंपनियों ने 1.9 अरब अमेरिकी डॉलर जुटाए थे। वहीं, निवेश के दौर की संख्या एक साल पहले के 260 से घटकर 153 रह गई। हालांकि, इस साल के पहले नौ महीने में जुटाई गई राशि 2021 की समान अवधि में दर्ज 5.5 अरब अमेरिकी डॉलर के रिकॉर्ड स्तर का करीब 40 प्रतिशत ही है।
पांच सबसे बड़े निवेश सौदे
इस साल के पांच सबसे बड़े निवेश सौदों से कुल मिलाकर करीब 1.1 अरब अमेरिकी डॉलर मिले। इनमें ‘क्रेड’ ने जून में मेटा के समर्थन से 'श्रृंखला एच' दौर में 54 करोड़ डॉलर जुटाए। अकेले इस सौदे का कुल निवेश में करीब एक-चौथाई हिस्सा रहा।
अन्य बड़े सौदे
अन्य बड़े सौदों में क्रेडिटबी का अप्रैल में श्रृंखला ई दौर में 22 करोड़ डॉलर, वीवर का मार्च में श्रृंखला बी दौर में 10.3 करोड़ डॉलर, स्लाइस का सितंबर में श्रृंखला डी दौर में 10 करोड़ डॉलर और नवी का अगस्त में श्रृंखला सी दौर में 10 करोड़ डॉलर जुटाना शामिल है।
श्रृंखला सी और उसके बाद के दौर, निजी इक्विटी तथा आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) से पहले के निवेश दौर को शामिल करने वाले बाद के चरण के निवेश में करीब दोगुना वृद्धि हुई। यह राशि 75.1 करोड़ डॉलर से बढ़कर 1.5 अरब डॉलर हो गई। हालांकि, ऐसे सौदों की संख्या 30 से घटकर 25 रह गई।
