सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वित्त मंत्रालय की रिपोर्ट: तीसरी तिमाही में भारतीय अर्थव्यवस्था की रफ्तार मजबूत

Published: Sat, 28 Nov 2026 06:17 PM (IST)

केंद्र सरकार ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 की तीसरी तिमाही में भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत घरेलू मांग और निजी निवेश के बल पर आगे बढ़ रही है। वित्त मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार, महंगाई का दबाव बना रह सकता है, लेकिन मजबूत बाह्य क्षेत्र और नीतिगत समर्थन अर्थव्यवस्था को चुनौतियों से निपटने में मदद करेगा।

अर्थव्यवस्था तीसरी तिमाही में मजबूत।

अर्थव्यवस्था तीसरी तिमाही में मजबूत।

HighLights

  1. अर्थव्यवस्था तीसरी तिमाही में मजबूत।

  2. महंगाई का दबाव, पर बाह्य क्षेत्र और नीतिगत समर्थन मजबूत।

  3. विनिर्माण, औद्योगिक उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।

एजेंसी, नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने शनिवार को कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था वित्त वर्ष 2026-27 की तीसरी तिमाही में मजबूत घरेलू मांग, निजी निवेश के क्रमिक विस्तार और विनिर्माण क्षेत्र को मिल रहे नीतिगत समर्थन के बल पर मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है।

वित्त मंत्रालय की 'मंथली इकोनॉमिक रिव्यू फॉर नवंबर 2026' रिपोर्ट में कहा गया है कि आगामी महीनों में अर्थव्यवस्था की गति बरकरार रहने की संभावना है। हालांकि महंगाई पर निकट अवधि में कुछ दबाव बना रह सकता है, जिसका कारण आधार प्रभाव (बेस इफेक्ट) और मौसम से जुड़ी अनिश्चितताएं हैं। रिपोर्ट में संभावित मजबूत अल नीनो प्रभाव को भी जोखिम के रूप में रेखांकित किया गया है।

महंगाई को नियंत्रित रखने में मिल सकती है मदद

रिपोर्ट में कहा गया है कि यदि कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे बनी रहती हैं और रुपए में हालिया मजबूती जारी रहती है, तो आयातित महंगाई को नियंत्रित रखने में मदद मिल सकती है।

वित्त मंत्रालय ने कहा कि भारत का बाह्य क्षेत्र भी मजबूती बनाए हुए है। मजबूत वस्तु निर्यात, सेवाओं के व्यापार में उच्च अधिशेष और पर्याप्त विदेशी मुद्रा भंडार अर्थव्यवस्था को समर्थन प्रदान कर रहे हैं। हालांकि भू-राजनीतिक तनावों और वैश्विक व्यापार नीतियों को लेकर बनी अनिश्चितताएं आगे चलकर चुनौतियां पैदा कर सकती हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, इन वैश्विक जोखिमों के बावजूद भारत की मजबूत घरेलू आर्थिक बुनियाद और पर्याप्त व्यापक आर्थिक सुरक्षा कवच अर्थव्यवस्था को संभावित चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बनाते हैं।

अर्थव्यवस्था ने तीसरी तिमाही में प्रवेश करते समय व्यापक आधार वाली वृद्धि गति बनाए रखी। घरेलू मांग और औद्योगिक गतिविधियां विकास के प्रमुख आधार बने हुए हैं। अक्टूबर के उच्च आवृत्ति संकेतकों ने भी अर्थव्यवस्था की मजबूती की पुष्टि की है।

ई-वे बिल और जीएसटी संग्रह पर रिपोर्ट में क्या? 

रिपोर्ट में कहा गया है कि ई-वे बिल, जीएसटी संग्रह, बिजली खपत और माल ढुलाई गतिविधियों में मजबूत वृद्धि दर्ज की गई। उपभोग गतिविधियों में भी मजबूती बनी रही, विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में मांग मजबूत रहने के संकेत मिले। वाहन बिक्री और अन्य सूचकांकों ने भी निरंतर मांग का संकेत दिया।

औद्योगिक मोर्चे पर सितंबर में औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) में 6.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई, जिसमें विनिर्माण क्षेत्र का योगदान सबसे अधिक रहा। अक्टूबर में भी विनिर्माण गतिविधियां विस्तार के चरण में बनी रहीं। उद्योगों को मिलने वाले बैंक ऋण में वृद्धि हुई और इस्पात की खपत में भी स्वस्थ वृद्धि दर्ज की गई।

रिपोर्ट के अनुसार, आठ प्रमुख उद्योगों के सूचकांक (आईसीआई) में अक्टूबर 2026 के दौरान 10.9 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर्ज की गई। अप्रैल से अक्टूबर 2026-27 की अवधि में संचयी वृद्धि 6 प्रतिशत रही, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह केवल 2.3 प्रतिशत थी।

वित्त मंत्रालय ने कहा कि हालिया नीतिगत उपाय घरेलू विनिर्माण क्षमता को मजबूत करने में सहायता कर रहे हैं। विशेष रूप से महत्वपूर्ण खनिजों, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऊर्जा भंडारण और कंटेनर विनिर्माण जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में क्षमता निर्माण को बढ़ावा मिल रहा है।

कैसा रहा व्यापार घाटा?

बाह्य क्षेत्र पर टिप्पणी करते हुए रिपोर्ट में कहा गया कि चुनौतीपूर्ण वैश्विक व्यापारिक माहौल के बावजूद अक्टूबर में भारत का कुल व्यापार घाटा और माल व्यापार घाटा दोनों कम हुए हैं।

चालू वित्त वर्ष के अप्रैल से अक्टूबर के दौरान देश का भुगतान संतुलन अधिशेष (सरप्लस) में रहा, जिसका प्रमुख कारण प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) और बैंकिंग क्षेत्र के पूंजी प्रवाह में वृद्धि रहा।

भारत का विदेशी मुद्रा भंडार भी मजबूत स्थिति में बना हुआ है। 13 नवंबर तक यह बढ़कर 705.3 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच गया, जो लगभग 10 महीने के आयात को कवर करने के लिए पर्याप्त माना जाता है।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में श्रम बाजार की स्थिति मजबूत बनी रही। श्रम बल भागीदारी दर में वृद्धि हुई, बेरोजगारी दर में कमी आई और नियमित वेतनभोगी रोजगार तथा विनिर्माण एवं अन्य द्वितीयक क्षेत्रों की ओर रोजगार का कुछ स्थानांतरण भी देखने को मिला।

यह भी पढ़ें- अदाणी से JP Cement के खरीदे थे प्लांट, अब कंपनी का आया नया प्लान; इस भाव पर ₹700 करोड़ के शेयरों का होगा बायबैक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।