सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

GST रजिस्ट्रेशन बंद कराने का बदला नियम, 1 दिसंबर से कारोबारियों को मिलेगी बड़ी राहत; पूरी करनी होंगी ये शर्तें

Published: Thu, 26 Nov 2026 11:10 AM (IST)

GST cancellation new rules 2026: सरकार ने जीएसटी रजिस्ट्रेशन रद्द करने की प्रक्रिया को सरल बनाया है, जिससे कारोबारियों को बड़ी राहत मिलेगी। नए नियम 1 दिसंबर 2026 से लागू होंगे, जिसके तहत तय शर्तें पूरी करने पर पोर्टल से ही रजिस्ट्रेशन रद्द हो सकेगा।

GST रजिस्ट्रेशन रद्द करने के नियम बदले कारोबारियों को मिलेगी राहत

GST रजिस्ट्रेशन रद्द करने के नियम बदले कारोबारियों को मिलेगी राहत

HighLights

  1. जीएसटी रजिस्ट्रेशन रद्द करने की प्रक्रिया हुई आसान।

  2. नए नियम 1 दिसंबर 2026 से होंगे लागू।

  3. पात्र कारोबारी पोर्टल से ही रद्द करा सकेंगे रजिस्ट्रेशन।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| GST cancellation new rules 2026: अगर आपने कारोबार बंद कर दिया है या अब जीएसटी के दायरे में नहीं आते हैं, तो जीएसटी रजिस्ट्रेशन कैंसिल (GST Registration Cancellation) कराना पहले के मुकाबले आसान हो सकता है। सरकार ने GST रजिस्ट्रेशन रद्द करने की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए नियमों में बदलाव किया है। नए नियम 1 दिसंबर 2026 से लागू होंगे। इसके बाद तय शर्तें पूरी करने वाले कारोबारी GST पोर्टल के जरिए ही अपना रजिस्ट्रेशन रद करा सकेंगे। यानी हर आवेदन के लिए टैक्स अधिकारी के पास जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

सीबीआईसी ने किया संशोधन

केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड (CBIC) ने केंद्रीय GST नियम, 2017 में संशोधन किया है। वित्त मंत्रालय की ओर से 25 नवंबर 2026 को जारी अधिसूचना संख्या 08/2026-केंद्रीय कर के तहत यह बदलाव किया गया है। यह संशोधन CGST Act, 2017 की धारा 164 के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए किया गया है।

पोर्टल से ही कैंसिल होगा रजिस्ट्रेशन

नए नियमों के मुताबिक, GST रजिस्ट्रेशन रद कराने के लिए आवेदन करने वाले कारोबारियों को कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होंगी। अगर कारोबारी ने नियमों के तहत जरूरी रिटर्न दाखिल कर दिए हैं और उस पर बकाया टैक्स, ब्याज, फीस, पेनल्टी या दूसरी कोई रकम बाकी नहीं है, तो जीएसटी पोर्टल इलेक्ट्रॉनिक तरीके से उसका रजिस्ट्रेशन रद कर देगा।

ऐसे मामलों में रजिस्ट्रेशन कैंसिल होने की जानकारी कारोबारी को फॉर्म GST REG-38 के जरिए इलेक्ट्रॉनिक रूप से दी जाएगी। इससे आवेदन और उसके निपटारे की प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी हो सकेगी।

यह भी पढ़ें- क्या बदलेगा GST रिटर्न सुधार का तरीका? नई व्यवस्था पर सरकार ने खोली सुझाव विंडो, QR कोड से करें अप्लाई

शर्तें पूरी नहीं हुईं तो अधिकारी करेंगे जांच

हालांकि, सरकार ने इस प्रक्रिया में कुछ शर्तें भी रखी हैं। अगर कारोबारी ने जरूरी जानकारी या रिटर्न जमा नहीं किए हैं या उस पर टैक्स, ब्याज, फीस, पेनल्टी अथवा दूसरी कोई रकम बकाया है, तो उसका आवेदन अपने आप मंजूर नहीं होगा। ऐसे आवेदन को जांच के लिए संबंधित टैक्स अधिकारी के पास भेजा जाएगा।

इसके अलावा, जिन कारोबारियों पर कंपोजिशन स्कीम लागू होती है, उनके लिए जरूरी फॉर्म GST CMP-08 में दी जाने वाली जानकारी भी अहम होगी। अगर यह जानकारी नहीं दी गई है, तो आवेदन अधिकारी के पास जांच के लिए भेजा जाएगा।

कारोबारियों को क्या होगा फायदा?

इस बदलाव का सबसे बड़ा फायदा उन छोटे कारोबारियों और व्यापारियों को मिल सकता है, जो अपना कारोबार बंद कर चुके हैं या किसी वजह से GST रजिस्ट्रेशन जारी नहीं रखना चाहते। पात्र मामलों में ऑनलाइन प्रक्रिया से समय और कागजी कार्रवाई दोनों कम हो सकते हैं। हालांकि, बकाया टैक्स और जरूरी अनुपालन पूरा करना अब भी जरूरी रहेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।