बवाल के चलते बांग्लादेश से दूरी बना रहे ग्लोबल ब्रांड, 2300 करोड़ के ऑर्डर शिफ्ट; भारत में आया बड़ा हिस्सा
बांग्लादेश में मजदूरों के विरोध प्रदर्शन और बढ़ती लागत के कारण ज़ारा और H&M जैसे ग्लोबल फैशन ब्रांड अपने ऑर्डर भारत और अन्य एशियाई देशों में ट्रांसफर कर रहे हैं।

बांग्लादेश में विरोध-प्रदर्शन की सांकेतिक तस्वीर
HighLights
ग्लोबल ब्रांड्स ने बांग्लादेश से भारत और अन्य देशों में ऑर्डर शिफ्ट किए।
मजदूरों के विरोध प्रदर्शन और बढ़ती लागत से उत्पादन बाधित हुआ।
बांग्लादेश से ऑर्डर हटने पर भारत को सबसे अधिक फायदा हुआ।
नई दिल्ली। बांग्लादेश में मजदूरों के विरोध-प्रदर्शन के चलते ग्लोबल अपरेल ब्रांड, अपने ऑर्डर भारत समेत अन्य एशियाई देशों में शिफ्ट कर रहे हैं। रॉयटर्स की रिपोर्ट में तीन फैक्ट्री मालिकों ने बताया कि ज़ारा (Zara) और H&M जैसे ग्लोबल फैशन रिटेलर्स ने नवंबर के पहले छमाही में अपने मासिक ऑर्डर का लगभग दसवां हिस्सा बांग्लादेश से हटाकर एशिया के अन्य मैन्युफैक्चरिंग केंद्रों में शिफ्ट कर दिया है। ऐसा इसलिए क्योंकि मज़दूरों के विरोध-प्रदर्शनों से बांग्लादेश में उत्पादन बाधित हुआ और बढ़ती लागत के कारण बांग्लादेश की प्रतिस्पर्धी बढ़त कम हो गई है।
1 से 18 नवंबर के बीच ग्लोबल ब्रांड्स ने बांग्लादेश से लगभग 254 मिलियन डॉलर (2300 करोड़) के ऑर्डर हटा लिए, जिनमें से ज़्यादातर पड़ोसी देश भारत चले गए। यह बदलाव बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था के एक अहम स्तंभ के लिए बड़ा झटका है और इसका असर मौजूदा अशांति के बाद भी बना रह सकता है।
इंडस्ट्री एक्सपर्ट ने क्या कहा?
इंडस्ट्री एक्सपर्ट का कहना है कि बढ़ती मजदूरी, ऊर्जा की कमी और राजनीतिक अनिश्चितता के चलते बांग्लादेश 'कम लागत वाले गंतव्य' के तौर अपनी बड़ी पहचान खो रहा है। दरअसल, कम लागत के चलते ही बांग्लादेश, चीन के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा कपड़ा निर्यातक बना है। लेकिन, बांग्लादेश में जारी उथल-पुथल के चलते अब ग्लोबल ब्रांड अपनी सोर्सिंग (आपूर्ति के स्रोत) में विविधता ला रहे हैं।
बांग्लादेश गारमेंट मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन (BGMEA) के अनुसार, देश में विरोध-प्रदर्शनों की वजह से उत्पादन में 400 मिलियन डॉलर से अधिक का नुकसान हुआ है। यह उद्योग बांग्लादेश की निर्यात कमाई में 80% से अधिक और विनिर्माण क्षेत्र की नौकरियों में लगभग 40% का योगदान देता है।
उद्योग जगत के दिग्गजों ने बताया कि ऑर्डर के दूसरे देशों की ओर रुख करने से भारत को सबसे ज्यादा फायदा हुआ है। वहीं, सप्लाई-चेन से जुड़े जोखिमों को कम करने और डिलीवरी की विश्वसनीयता बेहतर बनाने के लिए खरीदार वियतनाम, कंबोडिया और इंडोनेशिया भी जा रहे हैं।
उधर, बुधवार को यह दबाव तब और बढ़ गया जब बांग्लादेश ने गारमेंट वर्करों के न्यूनतम वेतन में 36% की बढ़ोतरी को मंजूरी दी। हालांकि, पिछले चार दशकों में यह सबसे कम बढ़ोतरी है। यह बढ़ोतरी वर्करों की उस मांग से काफी कम थी, जिसमें उन्होंने वेतन को दोगुना से भी ज्यादा करने को कहा था। इस वजह से पुलिस के साथ फिर से झड़पें शुरू हो गईं।
ये भी पढ़ें - India-US Trade Deal: अमेरिकी टैरिफ के आगे भारत के पास 6 रणनितिक विकल्प! MFN पर जोर, एग्री प्रोडक्ट्स पर क्या स्टैंड?
इसके अलावा, मध्य पूर्व के संकट के कारण लगातार ऊर्जा की कमी और गहरा गई है, जिसने उत्पादन में रुकावटें पैदा कर दी हैं। इसके चलते कुछ फैक्ट्रियों को बिजली के अधिक महंगे वैकल्पिक स्रोतों पर निर्भर होना पड़ रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।