Diwali Gifts पर भी दिखा मिडिल ईस्ट में तनाव का असर! पिस्ता-बादाम की जगह सस्ते नट्स और गिफ्ट बॉक्स के वजन में कटौती
दिवाली पर ड्राई फ्रूट्स गिफ्ट बॉक्स में पिस्ता की कमी और बादाम की मात्रा में कटौती देखी जा रही है, ...और पढ़ें

दीवाली गिफ्ट्स में दिखा मिडिल ईस्ट तनाव का असर
HighLights
पिस्ता की कीमतें दोगुनी हुईं, आपूर्ति में भारी कमी।
गिफ्ट बॉक्स में पिस्ता की जगह सस्ते विकल्प शामिल।
कुल ड्राई फ्रूट्स बिक्री बढ़ी, प्रीमियम नट्स की मांग।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| दीवाली ऐसा त्योहार है जहां गिफ्ट्स आयटम्स की डिमांड बढ़ जाती है। दोस्त, रिस्तेदार और ऑफिस कर्मचारियों को लोग उपहार देते हैं। इसमें सबसे कॉमन चीज ड्राई फ्रूट्स होते हैं। इस दिवाली कंपनियों और रिटेलर्स के गिफ्ट बॉक्स में पिस्ता कम नजर आ सकता है। कीमतों में भारी बढ़ोतरी और सप्लाई घटने के कारण ड्राई फ्रूट्स गिफ्ट बॉक्स में पिस्ता की जगह बीज और बेरीज जैसे सस्ते विकल्प शामिल किए जा रहे हैं। बादाम की मात्रा भी कम की जा रही है। हालांकि, इन बदलावों के बावजूद दिवाली पर ड्राई फ्रूट्स और नट्स की कुल बिक्री में पिछले साल के मुकाबले 5-7 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
ड्राई फ्रूट्स प्रोसेसर्स और इंपोर्टर्स ने मीडिया को बताया कि, पश्चिम एशिया में युद्ध से जुड़ी सप्लाई समस्याओं और अमेरिका में उत्पादन घटने के कारण रिटेल बाजार में पिस्ता की कीमतें पिछले साल के मुकाबले करीब दोगुनी हो गई हैं। वहीं, बादाम के दाम में लगभग 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
नट्स एंड ड्राई फ्रूट्स काउंसिल ऑफ इंडिया (NDFC-I) की केंद्रीय गवर्निंग काउंसिल के सदस्य ने मीडिया को बताया कि, इस साल पिस्ता की कीमतों ने कारोबारियों की मुश्किल बढ़ाई है। ईरान, अफगानिस्तान और कैलिफोर्निया सहित सभी प्रमुख देशों से आने वाले पिस्ता के दाम बढ़े हैं। कैलिफोर्निया में मौजूदा फसल पिछले साल के मुकाबले करीब 40 प्रतिशत रहने की उम्मीद है। इसके कारण थोक बाजार में पिस्ता की कीमतें 50 प्रतिशत बढ़ी हैं, जबकि खुदरा बाजार में बढ़ोतरी इससे भी ज्यादा है।
गिफ्ट बॉक्स का वजन घटा
इंपोर्टर्स, थोक कारोबारियों और रिटेलर्स के मुताबिक, मौसम संबंधी बाधाओं से ग्लोबल प्रोडक्शन में कमी, शिपिंग लागत बढ़ने, ईरान और अफगानिस्तान से सप्लाई घटने और रुपये में कमजोरी के कारण नट्स और ड्राई फ्रूट्स की पूरी टोकरी 25-40 प्रतिशत महंगी हुई है।
ये भी पढ़ें: प्याज की बढ़ी कीमत से मिलेगी राहत? नई फसल की आवक शुरू, किसानों को बेहतर दाम भी! रोज पहुंच रहीं 15 हजार बोरियां
कीमतें बढ़ने के कारण गिफ्ट बॉक्स का आकार और वजन घटाया जा रहा है। केंद्रीय गवर्निंग काउंसिल के सदस्य के मुताबिक, कॉरपोरेट कंपनियों का गिफ्टिंग बजट पहले से तय होता है। ऐसे में पिस्ता की जगह सस्ते विकल्प शामिल करने और बादाम की मात्रा घटाने से उसी बजट में गिफ्ट बॉक्स तैयार किए जा रहे हैं। हालांकि, बादाम, काजू और किशमिश को ड्राई फ्रूट्स गिफ्टिंग का अहम हिस्सा माना जाता है।
प्रीमियम नट्स की मांग बढ़ी
एक अन्य कंपनी के डायरेक्टर ने मीडिया को बताया कि, इस साल दिवाली पर नट्स और ड्राई फ्रूट्स की बिक्री पिछले साल के मुकाबले 5-7 प्रतिशत बढ़ी है। इसमें कुल बिक्री के साथ समान स्टोर की बिक्री में हुई बढ़ोतरी भी शामिल है। हालांकि, गिफ्टिंग बॉक्स से पिस्ता लगभग गायब हो गया है। दूसरी ओर, प्रीमियम और खास तरह के ड्राई फ्रूट्स की मांग बढ़ रही है। पेकान, मैकाडामिया और हेजलनट जैसे महंगे नट्स के लिए इस दिवाली ज्यादा पूछताछ मिली है। इसके अलावा अलग-अलग फ्लेवर वाले कस्टमाइज्ड काजू की मांग भी बढ़ रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।