सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

DA Hike 2026: 3 कैबिनेट बीतीं, दशहरा भी निकला, आखिर कब मिलेगा महंगाई भत्ता? संगठनों का फूटा गुस्सा- 'खैरात नहीं मांगी'

Published: Thu, 22 Oct 2026 01:13 PM (IST)

DA Hike Latest News: केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी का इंतजार लंबा हो रहा है, जिससे कर्मचारी ...और पढ़ें

DA Hike 2026: केंद्रीय कर्मचारियों का इंतजार बढ़ा, संगठनों का फूटा गुस्सा

DA Hike 2026: केंद्रीय कर्मचारियों का इंतजार बढ़ा, संगठनों का फूटा गुस्सा

HighLights

  1. केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते की घोषणा में लगातार देरी हो रही है।

  2. कर्मचारी संगठन इस देरी पर सरकार के प्रति भारी नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं।

  3. प्रधानमंत्री मोदी से तत्काल हस्तक्षेप कर फैसला लेने की गुहार लगाई गई।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| DA Hike 2026: आमतौर पर केंद्र सरकार दशहरे तक केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA DR Hike) में बढ़ोतरी का ऐलान कर देती है। लेकिन इस बार, कर्मचारियों और पेंशनर्स का इंतजार खत्म होने का नाम ही नहीं ले रह। सबको पूरी उम्मीद थी कि बुधवार, 21 अक्टूबर की कैबिनेट बैठक में गुड न्यूज मिलेगी, लेकिन वहां भी निराशा ही हाथ लगी। अब हर कर्मचारी की जुबान पर एक ही सवाल है कि आखिर सरकार DA पर फैसला कब लेगी?

5 साल में कब-कब बढ़ा DA-DR?

क्रम संख्या कब हुई घोषणा DA rate (%) कितनी बढ़ोतरी हुई
1 22 अप्रैल, 2026 60% 2%
2 6 अक्टूबर, 2025 58% 3%
3 2 अप्रैल, 2025 55% 2%
4 21 अक्टूबर, 2024 53% 3%
5 12 मार्च, 2024 50% 4%
6 20 अक्टूबर, 2023 46% 4%
7 3 अप्रैल, 2023 42% 4%
8 3 अक्टूबर, 2022 38% 4%
9 31 मार्च, 2022 34% 3%
10 25 अक्टूबर, 2021 31% 3%
11 20 जुलाई, 2021 28% 11%

कर्मचारी संगठनों का फूटा गुस्सा

भत्ते के ऐलान में हो रही इस देरी से कर्मचारी संगठनों में भारी आक्रोश है। ऑल इंडिया एनपीएस एम्प्लॉइज फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मंजीत सिंह पटेल ने इस स्थिति को बेहद निराशाजनक बताया है।

उन्होंने कहा कि लगातार तीन कैबिनेट बैठकों में डीए-डीआर (DA DR Hike 2026) पर कोई फैसला नहीं लिया गया। आमतौर पर अक्टूबर की सैलरी में बढ़ा हुआ DA और पिछले महीनों का एरियर जुड़कर आ जाता है, लेकिन इस बार सरकार की बेरुखी से ऐसा नहीं हो रहा है। उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि,

जुलाई 2026 से पेंडिंग 3 से 4% की DA बढ़ोतरी कर्मचारियों का हक है, यह कोई खैरात नहीं है। त्योहारी सीजन में हाथ में पैसा न होने से कर्मचारियों के परिवारों में भारी मायूसी छाई है। फेडरेशन ने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुहार लगाई है कि वे इस मामले में तुरंत दखल दें और फाइल को मंजूरी दिलाएं, ताकि कर्मचारियों को इस दिवाली आर्थिक राहत मिल सके।"

कितना हो जाएगा महंगाई भत्ता?

कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बार महंगाई भत्ते में 3 से 4% तक का इजाफा हो सकता है। अगर सरकार 3% की बढ़ोतरी करती है, तो कुल DA बढ़कर 63% हो जाएगा। वहीं, अगर 4% का इजाफा होता है, तो यह 64% के आंकड़े को छू लेगा।

यह बढ़ोतरी पिछले 12 महीनों के औसत महंगाई इंडेक्स (Inflation Index) के आधार पर तय होती है।

यह भी पढ़ें- DA Hike 2026: सरकार ने बढ़ाया महंगाई भत्ता, अक्टूबर की सैलरी के साथ आएगा बढ़ा डीए; आदेश 1 जनवरी से लागू

केरल सरकार बढ़ा चुकी 2% DA

जहां एक तरफ केंद्रीय कर्मचारी इंतजार में बैठे हैं, वहीं केरल सरकार ने अपने कर्मचारियों को बड़ी राहत दे दी है। केरल में महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2% का आधिकारिक इजाफा कर दिया गया है।

इस बढ़ोतरी के बाद राज्य के कर्मचारियों का DA 35% से छलांग लगाकर सीधे 37% हो गया है। सबसे अच्छी बात यह है कि यह नया आदेश 1 जनवरी 2026 से लागू माना जाएगा।

वित्त विभाग के मुताबिक, कर्मचारियों को इस बढ़े हुए पैसे का भुगतान अक्टूबर की सैलरी के साथ नवंबर में किया जाएगा। वहीं, पेंशनर्स को इसका फायदा नवंबर 2026 की पेंशन के साथ मिलेगा।

यह भी पढ़ें- DA Hike News: आज खत्म नहीं हुआ महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का इंतजार, अब मोदी कैबिनेट इस दिन 60 से 64% करेगी डीए!