1 दिसंबर से नई कार खरीदना होगा महंगा! मारुति, टाटा Hyundai और Audi ने किया कीमतें बढ़ाने का एलान; कितने बढ़ेंगे दाम?
Car price hike: प्रमुख ऑटो कंपनियों मारुति, टाटा, हुंडई और ऑडी ने त्योहारों के बाद गाड़ियों के दाम बढ़ाने की घोषणा की है। यह बढ़ोतरी कच्चे माल की बढ़ती लागत की आंशिक भरपाई के लिए की जा रही है, जिससे नई कार खरीदना महंगा हो जाएगा।
-1795526620076_m.webp)
1 दिसंबर से नई कार खरीदना होगा महंगा! मारुति, टाटा Hyundai और Audi ने किया कीमतें बढ़ाने का एलान
HighLights
प्रमुख ऑटो कंपनियों ने त्योहारों के बाद गाड़ियों के दाम बढ़ाए हैं।
कच्चे माल और कमोडिटी की बढ़ती लागत मुख्य कारण है।
मारुति, टाटा, हुंडई और ऑडी के वाहन अब महंगे मिलेंगे।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| देश की प्रमुख ऑटो कंपनियों ने त्योहारों के बाद गाड़ियों के दाम नए सिरे से बढ़ाने का एलान कर दिया है। मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स, हुंदै और लग्जरी कार निर्माता ऑडी ने अपने वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है।
कच्चे माल और कमोडिटी की बढ़ती लागत की आंशिक भरपाई करने के लिए कंपनियां यह अतिरिक्त खर्च ग्राहकों पर डाल रही हैं। कंपनियों का कहना है कि गाड़ियों की अच्छी बिक्री के बावजूद बढ़ती लागत ने उनके ऑपरेटिंग मार्जिन और मुनाफे पर सीधा असर डाला है।
मारुति और टाटा की कारें कितनी महंगी?
देश की सबसे बड़ी कार निर्माता मारुति सुजुकी इंडिया ने 22 नवंबर से चुनिंदा मॉडलों के दाम करीब 0.31 फीसदी बढ़ा दिए हैं। यह बढ़ोतरी वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में की गई तीन दौर की बढ़ोतरी के बाद हुई है, जो कुल मिलाकर एक फीसदी से थोड़ी ज्यादा थी।
वहीं, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड (TMPV) ने मंगलवार को पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक (EV) समेत अपनी सभी कारों और एसयूवी की कीमतों में औसतन 0.5 फीसदी इजाफे की घोषणा की।
टाटा की नई कीमतें 1 दिसंबर, 2026 से लागू होंगी। कंपनी ने एक बयान में कहा कि इसका मकसद लागत में बढ़ोतरी के असर की आंशिक भरपाई करना है। अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से कीमतों में अलग-अलग बढ़ोतरी होगी।
हुंदै और ऑडी ने कितना बढ़ाया दाम?
दक्षिण कोरियाई वाहन निर्माता हुंदै मोटर इंडिया ने मंगलवार को शेयर बाजार को बताया कि वह लागत में तेज बढ़ोतरी के चलते 1 दिसंबर से चुनिंदा मॉडलों और वेरिएंट्स के दाम 8,000 रुपये तक बढ़ाएगी।
बढ़ोतरी की सीमा मॉडल और वेरिएंट के अनुसार अलग-अलग होगी। यह नया संशोधन कंपनी द्वारा मौजूदा साल में अब तक की गई 1.4 फीसदी बढ़ोतरी के अतिरिक्त होगा, जिसमें सितंबर में हुई 0.4 फीसदी की बढ़ोतरी भी शामिल है।
दूसरी तरफ, जर्मनी की लग्जरी कार कंपनी ऑडी इंडिया भी 1 जनवरी, 2027 से अपने वाहनों के दाम 2 फीसदी तक बढ़ाने जा रही है। ऑडी ने इस साल दूसरी बार अपनी गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है। साफ है कि अगर आप नई कार खरीदने की सोच रहे हैं, तो अब जेब ज्यादा ढीली करनी होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।