टाटा ट्रस्ट्स को बॉम्बे हाई कोर्ट से नहीं मिली अंतरिम राहत, बोर्ड बैठक का नतीजा कोर्ट के अधीन; अब क्या होगा?
बॉम्बे हाई कोर्ट ने सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और आरडी टाटा ट्रस्ट को टाटा संस विवाद में अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया है। हालांकि, कोर्ट ने कहा कि टाटा संस की आगामी बोर्ड बैठक का नतीजा उसके अंतिम आदेश के अधीन होगा और अगली सुनवाई 21 जनवरी को होगी।

बॉम्बे HC का टाटा ट्रस्ट्स को अंतरिम राहत देने से इनकार
HighLights
बॉम्बे हाई कोर्ट ने टाटा ट्रस्ट्स को अंतरिम राहत देने से मना किया
टाटा संस बोर्ड बैठक का नतीजा कोर्ट के अंतिम आदेश पर निर्भर
ट्रस्ट्स ने वोटिंग अधिकारों और डायरेक्टर नियुक्ति पर चिंता जताई
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। टाटा ट्रस्ट्स विवाद में एक बड़ा अपडेट आया है। बॉम्बे हाई कोर्ट ने शुक्रवार को सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (SDTT) और आरडी टाटा ट्रस्ट (RDTT) को कोई भी अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया। हालांकि, जस्टिस अभय आहूजा ने एक मौखिक आदेश में कहा कि टाटा संस की आगामी बोर्ड बैठक का नतीजा कोर्ट के अंतिम आदेश के अधीन होगा।
कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 21 जनवरी तक के लिए टाल दी है। कोर्ट के निर्देश से पहले, टाटा ट्रस्ट में से एक की ओर से पेश हुए वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने 30 नवंबर को होने वाली बोर्ड बैठक पर रोक लगाने या उसे टालने की मांग की थी।
क्या थी टाटा ट्रस्ट के वकील की दलील?
सिंघवी ने दलील दी थी कि अपने 66 फीसदी हितों की रक्षा के लिए दो शर्तें थीं। जब तक हिस्सेदारी 40% से नीचे नहीं जाती, तब तक एक-तिहाई डायरेक्टर ट्रस्ट की ओर से होंगे। दशकों से यही व्यवस्था चली आ रही है।
उन्होंने कहा कि टाटा संस के 'आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन' (नियमावली) की धारा 121 और 104B के अनुसार, वोटिंग की जरूरत वाले किसी भी फैसले को तब तक नहीं लिया जा सकता, जब तक कि ट्रस्ट द्वारा नॉमिनेटेड डायरेक्टर्स का बहुमत उसे मंजूरी न दे दे।
SDTT की ओर से पेश हुए डॉ सिंघवी ने बैठक पर रोक लगाने या उसे टालने की मांग की और तर्क दिया कि 'अफर्मेटिव वोटिंग राइट' (सहमति देने का अधिकार) को बेकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा, "ऐसी कोई भी चीज जो इस सहमति के अधिकार को दरकिनार करती हो, उसे मान्य नहीं माना जाना चाहिए।
RDTT के अस्पी चिनॉय ने तर्क दिया कि टाटा संस का बोर्ड उस फ्रेमवर्क को नष्ट कर रहा है जो दशकों से चला आ रहा था। चिनॉय ने कहा कि जिस तरह से 'कास्टिंग वोट' (बराबर वोट होने पर दिया जाने वाला निर्णायक वोट) का इस्तेमाल किया गया, वह आर्टिकल 121 की भाषा के बिल्कुल खिलाफ है और यह पूरी तरह बेतुका है। वे चेयरमैन की उस शक्ति का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं, जो बोर्ड में वोट बराबर होने की स्थिति में दी जाती है। इसका मकसद 'अफर्मेटिव बहुमत' (सहमति वाला बहुमत) बनाना है। यह नियमों की सही व्याख्या नहीं, बल्कि उनका साफ तौर पर गलत इस्तेमाल है।
नोएल टाटा के वकील ने क्या कहा?
नोएल टाटा की ओर से पेश हुए वरिष्ठ वकील जनक द्वारकादास ने तर्क दिया कि बोर्ड में नॉमिनेटेड डायरेक्टर वे हैं जिन्हें ट्रस्ट ने संयुक्त रूप से नॉमिनेट किया है। संयुक्त रूप से नॉमिनेट व्यक्ति के अलावा कोई भी अन्य व्यक्ति बाहरी (स्ट्रेंजर) माना जाएगा। द्वारकादास ने आगे कहा कि वे ट्रस्टी को यह बताने की स्थिति में नहीं हैं कि उन्हें अपना वोट कैसे देना चाहिए या उन्हें सहमत होना चाहिए या नहीं।
इसके अलावा, नोएल टाटा की ओर से ही पेश हुए वरिष्ठ वकील मुकुल रोहतगी ने तर्क दिया कि अगर 17 सितंबर को जो हुआ, वह 30 नवंबर को फिर से दोहराया जाता है, तो ट्रस्ट के हितों को नुकसान पहुंचेगा।
इसके जवाब में, टाटा संस लिमिटेड की ओर से पेश वरिष्ठ वकील हरीश साल्वे ने याचिकाओं की स्वीकार्यता पर सवाल उठाया। उन्होंने यह भी तर्क दिया कि ट्रस्टियों के बीच असहमति एक आंतरिक मामला है और इसके कारण कंपनी को नुकसान नहीं होना चाहिए। साल्वे ने कहा, "उन्होंने (ट्रस्टों ने) दो डायरेक्टर नियुक्त किए हैं। वे और भी डायरेक्टर नियुक्त कर सकते थे। यह समस्या उन्होंने खुद पैदा की है, लेकिन अब उनका रवैया यह है कि जब तक नोएल टाटा वोट नहीं देते, तब तक कोई काम आगे नहीं बढ़ सकता।"
बोर्ड बैठक को लेकर चिंता
ट्रस्ट्स ने 30 नवंबर को होने वाली टाटा संस की अगली बोर्ड बैठक को लेकर चिंता जताई है, जिसमें कुछ महत्वपूर्ण मामलों पर विचार किए जाने की उम्मीद है। उन्हें डर है कि अगर ट्रस्ट्स द्वारा नियुक्त दो निदेशक असहमत होते हैं, तो 'कास्टिंग वोट' के जरिए फिर से प्रस्ताव पारित किए जा सकते हैं।
बॉम्बे हाई कोर्ट में दायर इस मामले में, वरिष्ठ वकील डॉ. अभिषेक मनु सिंघवी, एस्पी चिनॉय और जनक द्वारकादास, साथ ही लॉ फर्म 'सिरिल अमरचंद मंगलदास' के इंद्रनील देशमुख और गथी प्रकाश कर्राह, और 'AVP पार्टनर्स' के अतिव पटेल, ट्रस्टों और नोएल टाटा का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।