क्या पीने लायक नहीं है Bisleri का पानी? FSSAI के एक्शन के बाद कंपनी का जवाब; पेश किए जांच के नमूने
बिस्लेरी ने FSSAI द्वारा गोवा संयंत्र के पानी के नमूने को असुरक्षित घोषित करने के बाद अपनी प्रतिक्रिया दी है। कंपनी के स्वतंत्र परीक्षणों में ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सुरक्षा सीमा के भीतर पाया गया है।

HighLights
FSSAI ने बिस्लेरी पानी के नमूने को असुरक्षित बताया था।
स्वतंत्र जांच में ब्रोमेट स्तर सुरक्षा सीमा में पाया गया।
बिस्लेरी ने जल सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है।
नई दिल्ली। देश की दिग्गज पैकेज्ड वाटर कंपनी बिस्लेरी इंटरनेशनल ने कहा कि स्वतंत्र प्रयोगशाला परीक्षणों में गोवा स्थित उसके संयंत्र से लिए गए पैकेटबंद पेयजल के नमूने में ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सुरक्षा सीमा के भीतर पाया गया है। दरअसल, भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने नमूने को असुरक्षित घोषित कर कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का आदेश दिया था।
इसके बाद कंपनी एक बयान में कहा कि पिछले साल गोवा स्थित उसके प्लांट से लिए गए एक नमूने में ब्रोमेट का स्तर 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाया गया था, जो निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर से थोड़ा अधिक था। हालांकि, कंपनी द्वारा कराए गए स्वतंत्र परीक्षणों में केमिकल की मात्रा निर्धारत सीमा के भीतर पाई गई।
बिसलेरी ने बयान में और क्या कहा?
कंपनी ने कहा, "बिसलेरी के लिए पेयजल सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम कड़े क्वालिटी कंट्रोल को बनाए रखते हैं...और उचित नियामक प्रक्रिया के माध्यम से इस मामले को सुलझाने के लिए एफएसएसएआई के साथ सहयोग जारी रखेंगे।" कंपनी की यह प्रतिक्रिया एफएसएसएआई द्वारा बिस्लेरी के पैकेटबंद पेयजल के नमूने को असुरक्षित पाए जाने और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के लिए कानूनी कार्यवाही शुरू करने की घोषणा के बाद आई है।
FSSAI ने क्यों जताई आपत्ति?
सरकारी नियामक के अनुसार, नमूने में शुरू में ब्रोमेट की निर्धारित सीमा नहीं पाई गई, जो कुछ कीटाणुशोधन प्रक्रियाओं के उप-उत्पाद के रूप में बनने वाला एक रसायन है। एफएसएसएआई ने बताया कि कंपनी द्वारा प्रारंभिक निष्कर्ष के विरुद्ध अपील करने के बाद, एक अलग प्रयोगशाला ने भी नमूने में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएच) पाए जाने के बाद उसे असुरक्षित घोषित कर दिया।
यह घटनाक्रम पैकेटबंद पेयजल निर्माताओं पर नियामकीय निगरानी बढ़ने के बीच आया है, जिसमें खाद्य सुरक्षा प्राधिकरण निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और परीक्षण बढ़ा रहे हैं।
ये भी पढ़ें - अदाणी ग्रुप को बड़ा झटका, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने सतारा में दिया काम रोकने का निर्देश; जानें क्या है पूरा मामला?
जुलाई 2025 में इसी से संबंधित एक कार्रवाई में हरिद्वार के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने एक वितरक से बिसलेरी की 120 सीलबंद बोतलें जब्त कीं और प्रयोगशाला परीक्षणों में नमूनों के निर्धारित मानकों से कम पाए जाने के बाद बाजार से 250 अन्य बोतलें वापस मंगाईं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।