बिसलेरी ने दी सफाई: 'गोवा प्लांट के सिर्फ एक बैच पर लगी थी रोक, बाजार में अब स्टॉक भी नहीं'
बिसलेरी इंटरनेशनल ने स्पष्ट किया कि FSSAI ने उसके गोवा प्लांट के केवल एक बैच (GO 270) की बिक्री पर रोक लगाई थी, जिसका स्टॉक अब बाजार में नहीं है। कंपनी ने बताया कि उसके सभी 143 प्लांट चालू हैं और बाद के सैंपल गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरे हैं, जबकि एक सैंपल में PAH की मात्रा अधिक पाई गई थी।
-1795527835801_m.webp)
बिसलेरी ने दी सफाई गोवा प्लांट के सिर्फ एक बैच पर लगी थी रोक

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| Bisleri water news today: बोतलबंद पानी बेचने वाली प्रमुख कंपनी बिसलेरी इंटरनेशनल ने मंगलवार को साफ किया कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने उसके गोवा प्लांट में बने पानी के केवल एक बैच की बिक्री पर रोक लगाई थी, जिसका कोई स्टॉक अब बाजार में नहीं है।
चौहान परिवार के मालिकाना हक वाली कंपनी ने बयान में कहा कि FSSAI ने गोवा प्लांट बंद नहीं कराया है। बाद में वहां से लिए गए सैंपल सभी गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरे हैं। कंपनी के सभी 143 प्लांट चालू हैं और नियामक के नियमों का पालन कर रहे हैं।
बिसलेरी ने बताया कि वह सालाना 50,000 से ज्यादा बैच बनाती है। बिक्री पर रोक 27 सितंबर, 2025 को गोवा प्लांट में बने बैच नंबर GO 270 पर ही लागू थी।
कंपनी ने मानी अपनी गलती
कंपनी के अनुसार, FSSAI ने 23 नवंबर को स्पष्ट किया कि इस बैच की दोबारा जांच में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से कम मिली है। हालांकि, कंपनी ने स्वीकार किया कि छह सैंपलों में से एक में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) की मात्रा 0.144 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाई गई थी, जबकि उसी बैच के एक अन्य सैंपल में सभी मानक पूरे थे।
PAH की जांच रिपोर्ट में विसंगति बताते हुए कंपनी ने फरवरी, 2026 में दोबारा जांच मांगी थी। बिसलेरी के मुताबिक, इसके बाद उसके प्लांट से लिए गए किसी अन्य सैंपल में PAH को लेकर कोई प्रतिकूल रिपोर्ट नहीं आई।
इससे पहले FSSAI ने रविवार को कहा था कि एक सैंपल में तय सीमा से अधिक ब्रोमेट और बाद की जांच में PAH मिलने के बाद कंपनी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी गई है।
सिर्फ एक बैच के पानी पर रोक
खाद्य नियामक ने बाद में स्पष्ट किया कि कंपनी की अपील पर रेफरेंस लैब की रिपोर्ट अंतिम मानी जाएगी। बिक्री पर रोक केवल बैच GO 270 के लिए थी और कंपनी को गड़बड़ी की मूल वजह पता लगाने को कहा गया है।
वहीं, बिसलेरी ने लैब की जांच पर सवाल उठाते हुए कहा कि उसे इस कथित कार्रवाई का कोई औपचारिक नोटिस नहीं मिला है। कंपनी ने नियामक को सहयोग देने और भ्रामक दावों पर कानूनी कार्रवाई करने की बात भी कही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।