JIO यूजर्स को हर GB के लिए नहीं देना होगा ज्यादा पैसा? आकाश अंबानी ने बताया कमाई बढ़ाने का नया प्लान
आकाश अंबानी ने स्पष्ट किया है कि जियो की कमाई सिर्फ मोबाइल रिचार्ज महंगा करने पर निर्भर नहीं करेगी। कंपनी ...और पढ़ें

आकाश अंबानी ने बताया कमाई बढ़ाने का नया प्लान
HighLights
जियो सिर्फ रिचार्ज नहीं, डिजिटल सेवाओं से बढ़ाएगा कमाई।
होम ब्रॉडबैंड, AI आधारित सेवाएं मुख्य फोकस में रहेंगी।
₹30,213 करोड़ का जियो प्लेटफॉर्म्स IPO आज खुला।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: Reliance Jio के IPO से पहले कंपनी के चेयरमैन आकाश अंबानी (Akash amabani) ने साफ किया है कि जियो नेटवर्क से कमाई बढ़ाने के लिए सिर्फ मोबाइल रिचार्ज महंगा करने हर गीगाबाइट (GB) डेटा के ज्यादा पैसा वसूलने पर निर्भर नहीं करेगी। कंपनी का फोकस ग्राहकों को ज्यादा डिजिटल सेवाएं देने, होम ब्रॉडबैंड का विस्तार करने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित सेवाओं के जरिए कारोबार बढ़ाने पर है।
मनीकंट्रोल को दिए इंटरव्यू में आकाश अंबानी ने कहा कि टैरिफ कंपनी के बिजनेस मॉडल का एक हिस्सा है, लेकिन कमाई बढ़ाने का इकलौता तरीका नहीं है। JIO अपने 50 करोड़ से ज्यादा ग्राहकों के बड़े नेटवर्क का इस्तेमाल करके उन्हें बेहतर डिजिटल अनुभव देना चाहती है।
सिर्फ रिचार्ज नहीं, इन सेवाओं से भी कमाई बढ़ाएगी जियो
Jio की रणनीति अब ग्राहकों को ज्यादा डेटा इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें अतिरिक्त डिजिटल सेवाएं देने की है। कंपनी जिन क्षेत्रों पर फोकस कर रही है, उनमें
- होम ब्रॉडबैंड और फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस: घरों तक हाई-स्पीड इंटरनेट की पहुंच बढ़ाना।
- OTT और डिजिटल सब्सक्रिप्शन: इंटरनेट के साथ वीडियो, म्यूजिक और क्लाउड स्टोरेज जैसी सुविधाएं देना।
- AI आधारित सेवाएं: ग्राहकों और कारोबारों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी सुविधाएं विकसित करना
- एंटरप्राइज सर्विसेज: कंपनियों को क्लाउड, कनेक्टिविटी और डिजिटल समाधान उपलब्ध कराना।
कंपनी का मानना है कि जब ग्राहक एक ही प्लेटफॉर्म पर ज्यादा सेवाओं का इस्तेमाल करेंगे, तो जियो के लिए प्रति ग्राहक कमाई बढ़ाने के नए मौके बनेंगे।
रिचार्ज महंगा होगा या नहीं?
जियो के अगले टैरिफ हाइक (Jio tariff hike) को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, आकाश अंबानी ने अगली बढ़ोतरी की तारीख या टैरिफ किस स्तर तक जाएंगे, इस बारे में कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि कीमतों से जुड़े फैसले ग्राहकों की जरूरतों, प्रतिस्पर्धा, महंगाई, निवेश की जरूरतों और बाजार की परिस्थितियों को ध्यान में रखकर लिए जाएंगे। कंपनी के लिए नेटवर्क की गुणवत्ता और सेवाओं को किफायती बनाए रखना भी अहम है। यानी जियो ने टैरिफ बढ़ाने की संभावना को खारिज नहीं किया है, लेकिन फिलहाल कोई समयसीमा नहीं बताई है।
आज से खुल रहा है जियो का ₹30,213 करोड़ का IPO
आकाश अंबानी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब जियो प्लेटफॉर्म्स का बहुप्रतीक्षित IPO 21 अक्टूबर यानी आज के दिन सब्सक्रिप्शन के लिए खुल रहा है।
IPO से जुड़ी अहम जानकारी:
* इश्यू साइज: ₹30,213 करोड़
* प्राइस बैंड: ₹1,065 से ₹1,119 प्रति शेयर
* सब्सक्रिप्शन की तारीख: 21 से 23 अक्टूबर 2026
* शेयरों की लिस्टिंग: 28 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित
* IPO का प्रकार: फ्रेश इश्यू, यानी नए शेयर जारी किए जाएंगे; ऑफर फॉर सेल नहीं है।
प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर पर जियो प्लेटफॉर्म्स का मूल्यांकन करीब ₹10.3 लाख करोड़ बैठता है। IPO से मिलने वाली रकम में से ₹27,500 करोड़ रिलायंस जियो इन्फोकॉम के कर्ज चुकाने के लिए निर्धारित हैं।
यह भी पढ़ें: NPS वालों के लिए बड़ी खबर! अब एक ही जगह संभाल सकेंगे पेंशन अकाउंट, लॉन्च हुआ नया पोर्टल
