अदाणी ने टाटा के IHCL से मिलाया हाथ, दोनो ने किया मल्टी-होटल करार; 4 शहरों में खोलोंगे 8 होटल
अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स और इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड ने चार शहरों में 2,000 कमरों वाले आठ होटल विकसित करने के ...और पढ़ें

HighLights
अदाणी और IHCL ने मल्टी-होटल करार किया।
चार शहरों में 2,000 कमरों वाले आठ होटल बनेंगे।
ताज, विवान्ता, गेटवे, जिंजर ब्रांड के तहत संचालन।
आईएएनएस, मुंबई। देश के सबसे बड़े प्राइवेट एयरपोर्ट ऑपरेटर अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) और देश की सबसे बड़ी हॉस्पिटैलिटी कंपनी द इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (आईएचसीएल) ने गुरुवार को मल्टी-होटल करार किया।
इसके तहत देश के चार शहरों मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ और गुवाहाटी में कुल 2,000 कमरों की क्षमता वाले आठ होटल विकसित किए जाएंगे।
किस ब्रांड के तहत काम करेंगे नए होटल
कंपनी की ओर से जारी प्रेस रिलीज में कहा गया कि ये होटल ताज, विवान्ता, गेटवे और जिंजर ब्रांड के तहत काम करेंगे, जो बिजनेस, मनोरंजन और यात्रा के दौरान रुकने वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग तरह के ठहरने और हॉस्पिटैलिटी के अनुभव प्रदान करेंगे। इस साझेदारी के तहत अदाणी एयरपोर्ट्स होटल विकसित करेगा, जिनका संचालन आईएचसीएल अपने मल्टी-ब्रांड हॉस्पिटैलिटी पोर्टफोलियो के जरिए करेगा। इससे प्रमुख एयरपोर्ट्स पर उच्च गुणवत्ता वाली हॉस्पिटैलिटी सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
अदाणी ग्रुप ने किया अदाणी एयरपोर्ट सिटी लिमिटेड का गठन
इसके लिए अदाणी एयरपोर्ट्स ने 'अदाणी एयरपोर्ट सिटी लिमिटेड' का गठन किया है। इसका उद्देश्य सात राज्यों में स्थित आठ एयरपोर्ट्स पर 655 एकड़ से अधिक जमीन का विकास करना है, जिसमें मुंबई और नवी मुंबई की लगभग 440 एकड़ जमीन शामिल है। पहले चरण में, अदाणी एयरपोर्ट सिटी मुंबई, नवी मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ, जयपुर और गुवाहाटी में लगभग 22 मिलियन वर्ग फुट क्षेत्र के विकास के लिए 20,000 करोड़ रुपए से अधिक का निवेश करेगी।
इस एग्रीमेंट में तीन ताज होटल, दो विवान्ता होटल, एक गेटवे होटल और दो जिंजर होटल शामिल हैं, जो अलग-अलग तरह के यात्रियों के लिए हॉस्पिटैलिटी सेवाएं प्रदान करेंगे। इस करार के तहत मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल 2 पर एक ताज होटल होगा। लखनऊ एयरपोर्ट के पास एक विवान्ता और एक जिंजर होटल बनेगा। अहमदाबाद में एक ताज और एक विवान्ता होटल होंगे, जिनका विकास कार्य काफी आगे बढ़ चुका है, जबकि गुवाहाटी में एक ताज, एक गेटवे और एक जिंजर होटल बनेंगे। प्रमुख एयरपोर्ट पर मौजूद ये आठ होटल मिलकर ठहरने, खाने-पीने, मीटिंग और इवेंट्स, वेलनेस और मनोरंजन जैसी कई तरह की सुविधाएं एक साथ उपलब्ध कराएंगे।
क्या बोले जीत अदाणी?
अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड के निदेशक, जीत अदाणी ने कहा, "दुनिया भर में, प्रमुख एयरपोर्ट्स अब ऐसे एकीकृत केंद्रों के रूप में विकसित हो रहे हैं, जो व्यापार, पर्यटन और शहरी विकास को बढ़ावा देते हैं। आईएचसीएल के साथ हमारी साझेदारी इस सफर में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके जरिए, हम अपने हॉस्पिटैलिटी-आधारित मिश्रित-उपयोग वाले परिसरों और भारत की अग्रणी हॉस्पिटैलिटी कंपनी को एक साथ ला रहे हैं। हमारा लक्ष्य प्रमुख शहरों में विश्व स्तरीय होटल बनाना है, जिसमें 'ताज' जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड भी शामिल होंगे। हम मिलकर अपने 'एयरपोर्ट सिटी' विकास कार्यों में हॉस्पिटैलिटी इकोसिस्टम को मजबूत करना चाहते हैं और उन क्षेत्रों के दीर्घकालिक आर्थिक विकास में योगदान देना चाहते हैं, जहां हम अपनी सेवाएं देते हैं।"
