₹20000000000 का कर्ज लेंगे गौतम अदाणी, 2 कंपनियों का बड़ा प्लान, जारी करेंगे पब्लिक बॉन्ड - रिपोर्ट
गौतम अदाणी की दो कंपनियां, अदाणी एंटरप्राइजेज और अदाणी पावर, सार्वजनिक बॉन्ड बेचकर ₹2,000 करोड़ जुटाने की योजना बना रही हैं।

HighLights
अदाणी ग्रुप की दो कंपनियों की ₹2,000 करोड़ जुटाने की योजना।
पब्लिक बॉन्ड दिसंबर और मार्च तक जारी कर सकती हैं।
सूत्रों ने किया दावा, अदाणी समूह ने नहीं दी कोई प्रतिक्रया।
नई दिल्ली। भारत के दिग्गज अरबपति कारोबारी गौतम अदाणी (Gautam Adani) की 2 कंपनियां करीब 2,000 करोड़ रुपये (220 मिलियन डॉलर) जुटाने के लिए पब्लिक बांड बेचने की योजना बना रही हैं, जिससे देश के सुस्त घरेलू सार्वजनिक ऋण बाजार को बढ़ावा मिलेगा। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में इस मामले से परिचित सूत्रों ने यह जानकारी दी है। नाम गोपनीय रखने की शर्त पर सूत्रों ने बताया कि अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड और अदाण पावर लिमिटेड जैसी प्रमुख कंपनियां स्थानीय बॉन्ड आयोजकों के साथ काम कर रही हैं।
इनमें से एक कंपनी का बॉन्ड दिसंबर के अंत तक और दूसरी का मार्च में जारी करने का लक्ष्य है। सूत्रों के अनुसार, प्रत्येक कंपनी से 10 अरब रुपये से 20 अरब रुपये के बीच राशि जुटाने की उम्मीद है। शर्तें अभी अंतिम नहीं हैं और इनमें बदलाव हो सकता है। हालांकि, अदाणी समूह की ओर से इस पूरे मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
क्या होते हैं पब्लिक बॉन्ड?
पब्लिक बॉन्ड, डेट सिक्योरिटीज होती हैं जिन्हें सरकार, सरकारी कंपनियां या प्राइवेट कंपनियां सीधे आम जनता से पैसा जुटाने के लिए जारी करती हैं। ऐसे में जब आप कोई पब्लिक बॉन्ड खरीदते हैं तो आप सरकार या किसी कंपनी को एक निश्चित समय के लिए कर्ज दे रहे होते हैं। इसके बदले वे आपको तय दर से नियमित ब्याज देते हैं और समय पूरा होने पर आपका मूलधन वापस कर देते हैं।
भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के आंकड़ों के अनुसार, चालू वित्त वर्ष में मार्च तक भारतीय कंपनियों ने सार्वजनिक बांड जारी करके 48.4 अरब रुपये जुटाए हैं, जबकि पिछले पूरे वित्त वर्ष में यह राशि 113.4 अरब रुपये थी।
ब्लूमबर्ग के आंकड़ों के अनुसार, यह प्रस्तावित बिक्री सितंबर 2024 में अपनी पहली पेशकश के बाद से अदाणी एंटरप्राइजेज की चौथी पब्लिक बॉन्ड पेशकश होगी। जनवरी में, कंपनी का 10 अरब रुपये का पब्लिक बॉन्ड एक घंटे के भीतर पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया था। इनकी परिपक्वता अवधि दो, तीन और पांच साल थी, जिन पर 8.60% से 8.90% तक यील्ड मिल रही थी।
ये भी पढ़ें - अब कोर्ट में होगा फैसला! एन चंद्रशेखरन के खिलाफ नोएल टाटा की बड़ी तैयारी; बॉम्बे HC में देंगे कानूनी चुनौती
S&P ग्लोबल रेटिंग्स की स्थानीय इकाई, क्रिसिल रेटिंग्स ने अडानी पावर को AA+ रेटिंग दी है। मूडीज़ से जुड़ी संस्था ICRA ने अडानी एंटरप्राइजेज की रेटिंग को एक पायदान बढ़ाकर AA कर दिया है, जिसका आउटलुक 'स्टेबल' (स्थिर) है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।