पश्चिम चंपारण : लौरिया में एनएच-727 पर ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को रौंदा, दो की मौत
पश्चिम चंपारण के लौरिया में NH-727 पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को रौंद दिया, जिसमें ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई गई ।
HighLights
लौरिया में NH-727 पर ट्रक ने बाइक सवारों को रौंदा।
हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत, एक घायल।
पुलिस फरार ट्रक चालक और मृतकों की पहचान में जुटी।
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। लौरिया में बुधवार की दोपहर एनएच-727 पर तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक पर सवार तीन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया।
जिरिया बंगाली माई स्थान के समीप हुए हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। मृतकों और घायल की पहचान नहीं हो सकी है।
अस्पताल पहुंचते ही दो को मृत घोषित किया
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को लौरिया अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच, बेतिया रेफर कर दिया गया।
घायल की हालत गंभीर
चिकित्सक डॉ. दिलीप कुमार ने बताया कि घायल युवक की हालत भी गंभीर है। उसका इलाज जीएमसीएच में कराया जा रहा है। पुलिस तीनों युवकों की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है।
ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने दुर्घटना में क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है। फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। बताया जाता है कि तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर लौरिया से बेतिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जिरिया बंगाली माई स्थान के समीप हादसा हो गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।
