पश्चिम चंपारण में बाघ ने महिला को बनाया शिकार, दो माह में चार लोगों की मौत
पश्चिम चंपारण के बगहा में चारा लेने गई एक महिला पर बाघ ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ...और पढ़ें

पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में बाघ के हमले में महिला की मौत।
HighLights
बगहा में चारा लेने गई महिला पर बाघ का हमला।
हमले में महिला सलमा खातून की मौके पर ही मौत।
दो माह में बाघ के हमले से यह चौथी मौत है।
जागरण संवाददाता, बगहा (पश्चिम चंपारण)। नौरंगिया थाना क्षेत्र के सिरिसिया गांव स्थित मस्जिदिया सरेह में बुधवार को चारा लेने गई एक महिला पर बाघ ने हमला कर दिया।
हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान सिरिसिया निवासी 37 वर्षीय सलमा खातून पति कोलाई मियां के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि महिला सरेह में चारा लाने गई थी।
इसी दौरान घात लगाए बाघ ने उस पर हमला कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से बाघ को पकड़ने तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर घटना की जांच में जुटी है।
दो महीने में चार की मौत
30 जुलाई को वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के वन प्रमंडल-दो के वाल्मीकिनगर रेंज अंतर्गत वन कक्ष संख्या टी-36 में हाथी मलखनता के समीप बिसाहा गांव निवासी 62 वर्षीय अकलू यादव पर बाघ ने हमला कर दिया था। अकलू वहां बकरी चरा रहे थे।
हमले में गंभीर रूप से घायल अकलू की इलाज के दौरान अगले दिन मौत हो गई। घटना के बाद हमलावर बाघ की तलाश में जुटी वन विभाग की टीम को घटनास्थल के पास ही एक बाघ मृत मिला था।
अकलू की मौत से ग्रामीणों का आक्रोश शांत भी नहीं हुआ था कि 31 जुलाई को मदनपुर वन क्षेत्र के नौरंगिया स्थित मिश्रौलिया रेता में बाघ ने 45 वर्षीय उमरावती देवी को अपना शिकार बना लिया।
नौरंगिया-दरदरी पंचायत के वार्ड संख्या 13 निवासी रामायण सहनी की पत्नी उमरावती खेत में काम कर रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाघ महिला को दबोचकर गन्ने के खेत की ओर घसीट ले गया और उसकी मौत हो गई।
इसके बाद वन विभाग की टीमें बाघ की तलाश में लगातार जंगल और आसपास के क्षेत्रों में गश्त करती रहीं। हालांकि बाघ लगातार अपना लोकेशन बदलता रहा।
15 अगस्त को वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के भेड़ियारी गांव में एक और हमला हो गया। खेत में मवेशियों के लिए चारा लेने गए 40 वर्षीय विजय हालदार पर बाघ ने हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- बगहा में किसान पर मगरमच्छ का हमला, पानी में खींच ले गया, सुबह नाले किनारे मिला शव
