विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा में पुल के नीचे मिला युवती का शव, हत्या की आशंका से इलाके में हड़कंप

By Mrityunjay BhardwajEdited By: Dharmendra Singh
Published: Wed, 23 Sep 2026 01:04 PM (IST)

दरभंगा के कमतौल थाना क्षेत्र में शीशबन्नी पुल के नीचे एक युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। चेहरे ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. कमतौल थाना क्षेत्र के शीशबन्नी पुल के नीचे मिला शव।

  2. युवती के चेहरे और होठों पर गहरे जख्म के निशान।

  3. ग्रामीणों ने हत्या कर शव ठिकाने लगाने की आशंका जताई।

संवाद सहयोगी, दरभंगा। कमतौल थाना क्षेत्र में बुधवार अहले सुबह पुल के नीचे युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। हरिहरपुर से मालपट्टी जाने वाली ग्रामीण सड़क स्थित शीशबन्नी पुल के नीचे शव मिलने की सूचना पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए।

युवती के चेहरे पर खून के धब्बे और होठ पर गहरे जख्म के निशान देखकर ग्रामीणों ने हत्या कर शव ठिकाने लगाए जाने की आशंका जताई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुल के नीचे मिला शव

बुधवार सुबह ग्रामीण सड़क से गुजर रहे लोगों की नजर शीशबन्नी पुल के नीचे पड़े शव पर पड़ी। इसकी सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। शव करीब 20 वर्षीय युवती का बताया जा रहा है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बीच युवती की पहचान को लेकर चर्चा होती रही, लेकिन तत्काल उसकी पहचान नहीं हो सकी।

चेहरे पर मिले जख्म के निशान

पुलिस के अनुसार युवती के चेहरे पर खून के धब्बे और होठ पर गहरे जख्म के निशान मिले हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं। हालांकि युवती की मौत किस परिस्थिति में हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

शव की नहीं हुई पहचान

सूचना पर पहुंची कमतौल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। काफी प्रयास के बावजूद युवती की पहचान नहीं हो सकी। उसके शरीर पर लाल रंग का सूट, नीले रंग का सलवार था। गले में काले रंग के मोतियों की माला और बाएं हाथ में काले रंग का धागा मिला है।

डीएमसीएच में मेडिकल बोर्ड ने किया पोस्टमार्टम

पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। वहां मेडिकल बोर्ड गठित कर पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान बिसरा का सैंपल भी जांच के लिए सुरक्षित किया गया है। शव को पहचान सत्यापन के लिए 72 घंटे तक शीतगृह में रखा गया है।

पहचान के प्रयास में जुटी पुलिस

पुलिस ने युवती की तस्वीर जिले के विभिन्न थानों को भेजी है, ताकि पहचान कराई जा सके। इसके साथ ही पुलिस युवती के घटनास्थल तक पहुंचने और उसकी मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

यह भी पढ़ें- पश्चिमी चंपारण: किराये के मकान में महिला का शव मिलने से सनसनी, प्रेमी पर हत्या का आरोप