पश्चिम चंपारण : सीट के नीचे गांजा रखने का अनोखा जुगाड़, सामने पुलिस दिखी तो खेतों में दौड़ लगाने लगे तस्कर!
नरकटियागंज में तस्करों ने टेंपो की सीट के नीचे 10 किलो से अधिक गांजा छिपाया था, लेकिन पुलिस ने गुप्त ...और पढ़ें

पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज में जब्त गांजा को देखती पुलिस व जुटे स्थानीय लोग।
HighLights
नरकटियागंज में 10 किलो 400 ग्राम गांजा जब्त।
तस्करों ने टेंपो की सीट के नीचे छिपाया था गांजा।
पुलिस को देख गन्ने के खेत में कूदकर हुए फरार।
जागरण संवाददाता, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। तस्करों ने गांजे की खेप छिपाने के लिए टेंपो की सीट के नीचे ऐसा जुगाड़ लगाया था कि किसी को शक तक न हो। उन्हें लगा कि आराम से गांजे की डिलीवरी हो जाएगी, लेकिन रास्ते में पुलिस से सामना हो गया।
फिर क्या था, टेंपो सड़क किनारे छोड़ चालक और उसके साथी पास के गन्ने के खेत में कूद पड़े। पुलिस ने पीछा भी किया, लेकिन घनी फसल के बीच तस्कर आंखों से ओझल हो गए।
तलाशी में टेंपो की सीट के नीचे से 10 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने टेंपो और एक मोबाइल फोन जब्त कर तस्करों की तलाश शुरू कर दी है।
गुप्त सूचना पर बिछाया जाल
शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि टेंपो के जरिए गांजे की खेप नरकटियागंज लाई जा रही है। इसके बाद पुलिस टीम गठित कर नरकटियागंज-भिखनाठोरी मुख्य मार्ग पर कुंडिलपुर स्थित गैस गोदाम के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान पुलिस की नजर एक संदिग्ध टेंपो पर पड़ी।
पुलिस दिखी तो खेतों में लगाई छलांग
पुलिस ने टेंपो को रुकने का इशारा किया तो चालक और उसमें सवार अन्य लोग घबरा गए। उन्होंने टेंपो सड़क किनारे खड़ा किया और पास के गन्ने के खेत में कूदकर भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने उनका पीछा किया, लेकिन गन्ने की घनी फसल का फायदा उठाकर सभी फरार हो गए।
सीट के नीचे छिपा था गांजे का पैकेट
तस्करों के भागने के बाद पुलिस ने टेंपो की तलाशी ली। इस दौरान सीट के नीचे छिपाकर रखे गए गांजे के पैकेट मिले। वजन कराने पर कुल 10 किलो 400 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त टेंपो और एक मोबाइल फोन जब्त कर लिया।
वाहन मालिक की तलाश में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष ने बताया कि अज्ञात तस्करों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। जब्त टेंपो और मोबाइल फोन के आधार पर वाहन मालिक सहित तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।