विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिमी चंपारण में बिगड़ी कानून व्यवस्था पर महागठबंधन का प्रदर्शन, सरकार के विरुद्ध नारेबाजी

Published: Fri, 20 Nov 2026 06:08 PM (IST)

Bihar Law And Order: महागठबंधन ने बेतिया, पश्चिमी चंपारण में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और ज्वेलरी शोरूम लूटकांड के विरोध में प्रदर्शन किया। 

बिहार में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के खिलाफ नेताओं ने कलेक्ट्रेट के समक्ष प्रदर्शन किया।

बिहार में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के खिलाफ नेताओं ने कलेक्ट्रेट के समक्ष प्रदर्शन किया।

जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिमी चंपारण)। West Champaran Protest: पश्चिमी चंपारण के बेतिया में बिगड़ती कानून-व्यवस्था के विरोध में शुक्रवार को महागठबंधन के नेताओं ने प्रदर्शन किया।

शहर में हुए ज्वेलरी शोरूम लूटकांड और बिहार में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के खिलाफ नेताओं ने कलेक्ट्रेट के समक्ष सरकार के विरुद्ध नारेबाजी की।

अपराधियों में भय समाप्त

बेतिया से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी वसी अहमद ने कहा कि बिहार में आम जनता की जान-माल की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता की स्थिति है। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से आम लोगों के साथ व्यवसायी वर्ग भी भयभीत है।

कई व्यवसायी अपना कारोबार समेटने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने शहर के गोल्ड शोरूम में दिनदहाड़े हुई लूट की घटना को कानून-व्यवस्था की विफलता बताया।

व्यस्त इलाके में लूट

कांग्रेस की महिला जिलाध्यक्ष डॉ. शिखा चक्रवर्ती ने कहा कि लूट की घटना सुप्रिया सिनेमा जैसे व्यस्त और संवेदनशील इलाके में हुई। आसपास तीन राष्ट्रीयकृत बैंक और फाइनेंस कंपनियां भी हैं।

इसके बावजूद पुलिस की नियमित गश्ती का अभाव रहा और अपराधी दिनदहाड़े वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

लेफ्ट नेता फरहान ने कहा कि यह घटना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करती है। उन्होंने फुलपरास में हुई हत्या की घटना का भी जिक्र किया।

सरकार पर लगाए आरोप

सुनील राव ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली बिहार सरकार में कानून-व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है। अपराधियों में कानून का भय समाप्त होता जा रहा है और सत्ता व शासन का राजनीतिकरण हो चुका है। वहीं, राजद प्रवक्ता प्रभु यादव ने कहा कि आम जनता के अधिकारों और जान-माल की सुरक्षा सर्वोपरि है।

सड़क पर उतरने की चेतावनी

प्रभु यादव ने कहा कि जब भी जनता के अधिकारों का हनन होगा या उसकी सुरक्षा पर खतरा पैदा होगा, महागठबंधन सड़क पर उतरकर आवाज बुलंद करेगा। प्रदर्शन में मोहम्मद हसन, अमजद खान समेत महागठबंधन के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे। 

यह भी पढ़ें- बेतिया में 18 करोड़ की लूट का खुलेगा राज! डॉग स्क्वायड से मिला बड़ा सुराग, पुलिस की गिरफ्त में 3 संदिग्ध

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।