पश्चिम चंपारण में पूजा में डीजे बजा तो पुलिस ने रोका, नाराज ग्रामीणों ने जाम किया रास्ता
पश्चिम चंपारण के बगहा में कलश यात्रा के दौरान डीजे बजाने पर पुलिस द्वारा रोक लगाने से ग्रामीण नाराज हो ...और पढ़ें

पश्चिम चंपारण के बगहा में टायर जलाकर विरोध जताते स्थानीय लोग।
HighLights
कलश यात्रा में डीजे बजाने पर पुलिस ने लगाई रोक।
नाराज ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग को दो घंटे तक जाम किया।
पुलिस ने सरकारी आदेश का हवाला देकर स्थिति संभाली।
जागरण संवाददता, बगहा (पश्चिम चंपारण)। चौतरवा थाना क्षेत्र के कोल्हुआ गांव स्थित शिव मंदिर परिसर से रविवार को नवयुवक पूजा समिति की ओर से कलश यात्रा निकाली गई थी। यात्रा के दौरान डीजे का प्रयोग किया जा रहा था।
ग्रामीणों के अनुसार, कलश यात्रा लौटने के दौरान स्थानीय चौकीदार सुनील पासवान के द्वारा पुलिस प्रशासन को बुलाकर डीजे बजाने पर रोक लगा दिया। जिसके बाद ग्रामीणों ने कलश यात्रा को रोक दिया।
जिससे नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को भैरोगंज-चौतरवा मुख्य मार्ग पर आग जलाया तथा बांस-बल्ली लगाकर जाम कर दिया। जिससे करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। ग्रामीणों का आरोप था कि स्थानीय चौकीदार बार-बार पूजा-पाठ के आयोजनों में बाधा डालते हैं।
जबकि गांव में खुलेआम शराब की बिक्री होने पर भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती है। पूजा के दौरान डीजे बजाने पर रोक लगा दी जाती है।सड़क जाम की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम व चौतरवा थाना की गश्ती वाहन मौके पर पहुंची।
इसके बाद अवर निरीक्षक विजय प्रकाश उपाध्याय व अन्य पुलिस पदाधिकारी ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझा बुझा कर यातायात चालू कराया। मामले में चौतरवा थानाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार ने बताया कि सरकार का आदेश है कि किसी भी परिस्थिति में डीजे का प्रयोग नहीं किया जाएगा।
जिसका पालन उक्त चौकीदार के द्वारा किया जा रहा था। जिससे नाराज कुछ लोगों के द्वारा कुछ समय के लिए सड़क जाम किया गया था। जिन्हें सरकार के द्वारा जारी आदेश के संबंध में सभी पूजा समिति को जानकारी दी गई है। उसके बाद भी अगर डीजे का प्रयोग किया जाता है तो संबंधित पूजा समिति पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
