बेतिया में तेज रफ्तार बस ने बाइक और स्कूटी को मारी टक्कर, दो की मौत, 12वीं का छात्र भी हादसे का शिकार
पश्चिम चंपारण के बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग पर शिवदानी बस की टक्कर से बाइक और स्कूटी सवार दो लोगों की मौत ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
बेतिया-लौरिया मार्ग पर शिवदानी बस ने बाइक-स्कूटी को टक्कर मारी।
हादसे में 12वीं के छात्र सहित दो लोगों की जान गई।
एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल, पुलिस मौके पर पहुंची।
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग पर बुधवार दोपहर रफ्तार का कहर देखने को मिला। बाघमरवा चौक के समीप तेज रफ्तार शिवदानी बस ने बाइक और स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। मृतकों में 12वीं का एक छात्र भी शामिल है, जो अपनी बहन के साथ बाइक से बेतिया आ रहा था।
बस की टक्कर से गई दो की जान
हादसे में शिकारपुर थाना क्षेत्र के सिसई निवासी 17 वर्षीय रवि कुमार और चनपटिया थाना क्षेत्र के जैतिया पुरवारी टोला निवासी 65 वर्षीय कमल शर्मा की मौत हो गई।
सूचना मिलते ही सिरसिया थानाध्यक्ष अनंत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां कमल शर्मा ने दम तोड़ दिया।
बहन के साथ बेतिया आ रहा था रवि
रवि कुमार अपने फूफा अरविंद चौधरी के घर लौरिया में रहकर पढ़ाई करता था। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा और 12वीं का छात्र था। बुधवार को वह अपनी बहन खुशी कुमारी के साथ बाइक से किसी काम के सिलसिले में बेतिया आ रहा था। इसी दौरान बाघमरवा चौक के पास बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रवि की मौत हो गई, जबकि उसकी बहन खुशी को हल्की चोट आई।
स्कूटी सवार कमल शर्मा भी बस की चपेट में आए
दूसरी ओर कमल शर्मा स्कूटी से लौरिया से बेतिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बस की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद मची अफरातफरी
एक ही दुर्घटना में दो लोगों की मौत की खबर से इलाके में अफरातफरी मच गई। मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य कराया। हादसे में एक अन्य व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।