Bagaha News: गैस सिलेंडर फटने से 60 घर जलकर राख, आधा दर्जन झुलसे; तीन बच्चे लापता
बिहार के बगहा में एक दर्दनाक हादसा हुआ जहां गैस सिलेंडर के रिसाव और विस्फोट के कारण 60 से अधिक घर जलकर राख हो गए। इस अग्निकांड में दर्जनों बकरियां और अन्य मवेशी भी मारे गए। आग बुझाने के दौरान कई ग्रामीण झुलस गए और तीन बच्चे लापता हैं। स्थानीय प्रशासन और विधायक ने पीड़ितों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।

जागरण संवाददाता, बगहा। भितहा थाना क्षेत्र के डीही पकड़ी पंचायत के बलुआड़वा राजबंशी टोला में शनिवार की देर शाम गैस सिलेंडर के रिसाव व फटने से लगी आग लगने से 60 से अधिक रिहायशी झोपड़ी जलकर राख हो गई।
इस अग्निकांड में दर्जनों बकरियां सहित अन्य मवेशी की मौत हो गई। आग बुझाने के दौरान आधा दर्जन ग्रामीणों का हाथ पैर झुलस गया है। तीन बच्चे लापता हैं।
अचानक लगी भयंकर आग
- स्थानीय मुखिया जितेंद्र बैठा ने बताया कि गांव के किसी घर में खाना बनाया जा रहा था। इस दौरान गैस सिलिंडर में अचानक आग लग गई। कुछ देर बाद वह फट गया। जिससे गांव में आग फैल गई।
- आग फैलने के बाद लगातार अन्य घरों में रखे गैस सिलेंडर फटने लगे। जहां आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
- इस अग्निकांड में 60 से अधिक घर जले हैं। कपड़ा अनाज सहित व अन्य सामान जल कर राख हो गया।
- मुखिया ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए सीमावर्ती यूपी से भी दमकल के साथ पुलिस टीम पहुंची। सरपंच पति रामाशंकर यादव ने बताया कि इस अग्निकांड में ग्रामीणों का बहुत नुकसान हुआ है।
- सब कुछ जल कर राख हो गया। घटना स्थल पर पहुंचे थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। आग बुझाने में ग्रामीणों की सहयोग से पुलिस टीम लगी हुई है।
इन लोगों की जलीं झोपड़ियां
सुदर्शन यादव, विनोद यादव, बिंदा यादव, पुजारी यादव, रामानन्द यादव, योगेंद्र तिवारी, रामाशंकर तिवारी, पहवारी यादव, सतेंद्र तिवारी, श्रीकांत यादव, हरख यादव,भरथ यादव , जंगली यादव, विश्वनाथ यादव, नन्हू यादव, इस्लामी खातून, रईस मिया, जहीर मिया, किताब मिया, अकबर मिया, बेचू यादव, श्री यादव आदि शामिल हैं।
अगलगी में 60 से अधिक घर जलने की सूचना मिली है। मौके पर राजस्व कर्मचारियों को भेजा गया है। सभी पीड़ितों को मुआवजा दिया जाएगा।-मनोरंजन शुक्ला, सीओ भितहा
क्या बोले विधायक?
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि तत्काल अग्निपीड़ित परिवार को सभी सहायता मुहैया कराया जाए।-धीरेंद्र प्रताप सिंह उर्फ रिंकू, विधायक, वाल्मीकिनगर
दरभंगा में 15 घर जले, झुलसने से बालक की मौत
बगहा के अलावा बिहार के दरभंगा से भी भयंकर आग लगने की खबर समाने आई है। दरभंगा के हायाघाट थाना क्षेत्र के छतौना गांव में शनिवार को आग लगने से 15 घर जल गए।
वहीं झुलसने से विजय यादव के पुत्र ऋषि कुमार ( चार) की मौत हो गई। मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया बताया गया कि विजय यादव के घर से निकली चिंगारी से आग लगी।
देखते ही देखते तेजी से आसपास के घरों को भी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में राजनारायण यादव, तेज नारायण यादव, इंदल यादव, कैलाश यादव, अमरजीत यादव, रोशन यादव समेत 15 लोगों के घर और सामान जल गए। लाखों की संपत्ति को क्षति पहुंची।
ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की। सूचना पर अग्निशमन दस्ता पहुंचा। मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
सीओ प्रणव प्रखर ने बताया कि क्षति का आकलन किया जा रहा है। पीड़ितों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध करा दी जाएगी।
यह भी पढ़ें-
अरवल के इस इलाके में बनेगा बाईपास, फोरलेन बन जाएगा NH-139; जाम से मिलेगी मुक्ति
चुनाव से पहले किसानों को एक और गुड न्यूज देगी नीतीश सरकार, KCC पर नहीं लगेगा ब्याज!
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।