बिहार: भूख मिटाने से लेकर किताब थमाने तक, जरूरतमंद बच्चों के लिए मसीहा बनीं टीचर सोनी कुमारी
शिक्षिका सोनी कुमारी पिछले पांच वर्षों से अपने वेतन से गरीब बच्चों को भोजन और पढ़ाई सामग्री उपलब्ध करा रही ...और पढ़ें

शिक्षिका सोनी कुमारी बनीं गरीब बच्चों की 'देवी', पांच साल से कर रहीं निःस्वार्थ सेवा
HighLights
शिक्षिका सोनी कुमारी पांच वर्षों से गरीब बच्चों की मदद कर रही हैं।
अपने वेतन से भोजन और पढ़ाई सामग्री उपलब्ध कराती हैं।
उनकी निःस्वार्थ सेवा मानवीय मूल्यों की मिसाल, दूसरों को प्रेरित करती है।
संदेश तिवारी, बेतिया। किसी के चेहरे पर मुस्कान लाना, किसी भूखे को भोजन कराना और किसी जरूरतमंद बच्चे के हाथों में किताब थमाना भी एक साधना है। इस साधना को उच्च माध्यमिक विद्यालय सूर्यपुर, बैरिया की शिक्षिका सोनी कुमारी बीते पांच वर्षों से निरंतर निभा रही हैं।
उनके लिए शिक्षक होना केवल बच्चों को पढ़ाना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में उम्मीद की रोशनी जगाना भी है। अपने वेतन का एक हिस्सा खर्च कर वह गरीब बच्चों को भोजन कराती हैं और उन्हें पढ़ाई की सामग्री उपलब्ध कराती हैं।
उनकी यह पहल सेवा, संवेदना और मानवीय मूल्यों की ऐसी मिसाल है, जो दूसरों को भी जरूरतमंदों की मदद के लिए प्रेरित करती है। जिले के साठी निवासी डॉ. बीएन द्विवेदी की पुत्री सोनी कुमारी को सेवा और परोपकार की प्रेरणा अपने पिता से मिले संस्कारों से मिली।
इन संस्कारों को उन्होंने अपने जीवन का हिस्सा बना लिया है। वह समझती हैं कि अभाव में पल रहे बच्चों के लिए एक वक्त का भोजन और पढ़ाई की सामग्री कितनी मायने रखती है।
इसी सोच के साथ वह बच्चों की जरूरतों को पूरा करने का प्रयास करती हैं। भोजन के साथ किताब-कॉपी उपलब्ध कराकर वह उनके लिए पढ़ाई की राह आसान बनाने में जुटी हैं।
पांच वर्षों से जारी है सेवा का सिलसिला
सोनी कुमारी की यह पहल किसी एक दिन का प्रयास नहीं, बल्कि पांच वर्षों से जारी सेवा का सिलसिला है। आर्थिक तंगी के कारण जिन बच्चों की पढ़ाई और जरूरतें प्रभावित होती हैं, उनकी मदद कर वह उनके भीतर आगे बढ़ने की उम्मीद जगाने का प्रयास करती हैं।
उनके लिए बच्चों के चेहरे की मुस्कान और उनके बेहतर भविष्य की संभावना ही इस सेवा की सार्थकता है। उनका प्रयास यह संदेश देता है कि समाज में बदलाव लाने के लिए हमेशा बड़े संसाधनों की जरूरत नहीं होती।
अपनी सामर्थ्य के अनुसार उठाया गया छोटा-सा कदम भी किसी के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकता है।
यह भी पढ़ें- पति को परदेस से बुलाया, खुद बनीं 'विद्या दीदी': लाइब्रेरी चलाकर शिक्षा की अलख जगा रहीं भोजपुर की ममता
यह भी पढ़ें- जीविका ने बदली जूली की किस्मत: मजदूरी छोड़ बनीं 'लखपति दीदी', ₹20000 के लोन से शुरू किया बिजनेस
