खेल से भी मिलती सरकारी नौकरी! 3 बहनों को मिली पोस्टल असिस्टेंट की जॉब, चौथी भी बनी चैंपियन
Sports Quota Government Job Process Bihar: चनपटिया की सोनाली कुमारी ने महाराष्ट्र स्टेट रैंकिंग कैरम टूर्नामेंट में महिला एकल का ...और पढ़ें
-1795084911229_m.webp)
सोनाली ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया है।
HighLights
सोनाली कुमारी ने महाराष्ट्र स्टेट रैंकिंग कैरम टूर्नामेंट का खिताब जीता।
उनकी तीन बहनों को खेल कोटे से सरकारी नौकरी मिली।
खेल भी करियर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है।
संवाद सूत्र, चनपटिया (पश्चिमी चंपारण)। Sonali Kumari Carrom Champion Chanpatia: यह कहानी केवल पश्चिमी चंपारण के चनपटिया की बेटी सोनाली कुमारी के कैरम टूर्नामेंट जीतने भर की नहीं है, बल्कि यह उन तमाम युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है जो यह सोचते हैं कि सरकारी नौकरी केवल किताबी पढ़ाई से ही मिल सकती है।
खेल के मैदान या बोर्ड पर पसीना बहाकर भी सुरक्षित और प्रतिष्ठित सरकारी नौकरी हासिल की जा सकती है और इसकी जीवंत मिसाल सोनाली की तीन सगी बहनें हैं।
जिन्हें खेल कोटे से डाक विभाग में नौकरी मिल चुकी है। अब चौथी बहन सोनाली ने भी महाराष्ट्र स्टेट रैंकिंग कैरम टूर्नामेंट में खिताब जीतकर परिवार की इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाया है।

सोनाली ने की शानदार वापसी
मुंबई के रामकृष्ण नगर, सांताक्रूज स्थित विलिंग्डन कैथोलिक जिमखाना में आयोजित महाराष्ट्र स्टेट रैंकिंग कैरम टूर्नामेंट में सोनाली कुमारी ने महिला एकल का खिताब अपने नाम किया।
महाराष्ट्र कैरम एसोसिएशन (एमसीए) और मुंबई उपनगर जिला कैरम संगठन के तत्वावधान में 14 से 16 नवंबर तक हुए इस मुकाबले का फाइनल बेहद रोमांचक रहा।
सोनाली ने पहला सेट 10-25 से गंवा दिया था, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अगले दोनों सेटों में 18-13 और 24-16 से जीत दर्ज कर मुंबई की मिताली पाठक को मात दे दी।
चनपटिया नगर के सामरी टोला निवासी श्याम किशोर प्रसाद की बेटी सोनाली ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को देते हुए कहा कि नियमित अभ्यास और नई तकनीकों को सीखना ही जीत की कुंजी है।
तीन बहनों को मिल चुकी नौकरी
सोनाली के परिवार की सबसे खास बात यह है कि उनकी तीनों बहनें भी कैरम की चैंपियन रह चुकी हैं और अपनी खेल प्रतिभा के दम पर उन्हें मुंबई में डाक विभाग के अंतर्गत 'पोस्टल असिस्टेंट' के पद पर सरकारी नौकरी मिल चुकी है।
एक ही परिवार की चार बेटियों का कैरम में परचम लहराना और तीन बहनों का स्पोर्ट्स कोटा से सरकारी सेवा में पहुंचना यह साबित करता है कि सही मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास से खेल भी करियर को नई ऊंचाई दे सकता है।
खेल कोटे से कैसे मिलती है नौकरी?
यदि आप भी खेल प्रतिभा के जरिए केंद्र या राज्य सरकार के विभागों, रेलवे, बैंक, पुलिस या रक्षा बलों में नौकरी पाना चाहते हैं, तो इसकी प्रक्रिया को समझना बेहद जरूरी है:
पात्रता और प्रमाण पत्र: आपके पास अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय, राज्य, विश्वविद्यालय या मान्यता प्राप्त स्कूल/फेडरेशन प्रतियोगिताओं में भाग लेने अथवा पदक जीतने का प्रमाण पत्र होना चाहिए।
यह प्रमाण पत्र युवा मामले व खेल मंत्रालय या भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) से मान्यता प्राप्त संस्था का होना अनिवार्य है।
पद के अनुसार सामान्यतः 10वीं, 12वीं, आईटीआई या स्नातक की शैक्षणिक योग्यता और निर्धारित आयु सीमा (नियमों के अनुसार छूट सहित) पूरी करनी होती है।
भर्ती अधिसूचना और आवेदन: रेलवे, सीआरपीएफ, वायु सेना, पुलिस, बैंक और विभिन्न सरकारी विभागों की आधिकारिक वेबसाइट पर समय-समय पर स्पोर्ट्स कोटा की भर्तियां निकलती हैं।
निर्धारित अंतिम तिथि से पहले ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन के साथ खेल प्रमाण पत्र, शैक्षणिक दस्तावेज और पहचान पत्र संलग्न करना होता है।
चयन प्रक्रिया: आवेदन के बाद अभ्यर्थियों को 'स्पोर्ट्स ट्रायल' से गुजरना पड़ता है, जिसमें खेल कौशल और प्रदर्शन का मूल्यांकन होता है।
कई विभागों में शारीरिक मापदंड/फिटनेस या लिखित परीक्षा व साक्षात्कार भी लिया जाता है। अंत में मूल दस्तावेजों के सत्यापन और खेल उपलब्धि के स्तर के आधार पर अंतिम मेरिट सूची तैयार की जाती है।
यह भी पढ़ें- राजस्थान में फर्जी खेल प्रमाणपत्र से सरकारी नौकरी हासिल करने का खुलासा, 28 शिक्षकों समेत 35 गिरफ्तार