राजस्थान में फर्जी खेल प्रमाणपत्र से सरकारी नौकरी हासिल करने का खुलासा, 28 शिक्षकों समेत 35 गिरफ्तार
राजस्थान में फर्जी खेल प्रमाणपत्रों के जरिए सरकारी नौकरी पाने के मामले में 28 शिक्षकों सहित 35 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

राजस्थान में फर्जी खेल प्रमाणपत्रों से सरकारी नौकरी घोटाला
HighLights
फर्जी खेल प्रमाणपत्रों से सरकारी नौकरी पाने वाले 35 लोग गिरफ्तार।
28 शारीरिक शिक्षक बर्खास्त, 38 अन्य की जांच जारी है।
ताइक्वांडो प्रमाणपत्रों के लिए गिरोह को 10-15 लाख रुपये दिए।
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान में फर्जी खेल प्रमाणपत्रों के जरिए सरकारी नौकरी हासिल करने के मामले में 28 तृतीय श्रेणी शिक्षक और शारीरिक शिक्षकों सहित 35 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
लंबे समय से फरार महिला सुनीता ने बुधवार को आत्मसमर्पण किया। सरकार अब तक फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर चयनित 28 शारीरिक शिक्षकों को बर्खास्त कर चुकी है।
मामले की जांच कर रही राजस्थान एसओजी (स्पेशल आपरेशन ग्रुप) के दायरे में करीब 38 अन्य शारीरिक शिक्षक हैं। उनके दस्तावेजों की जांच और पूछताछ की जा रही है।
एसओजी के अनुसार, अभ्यर्थियों ने नौकरी पाने के लिए हरियाणा और झारखंड से जुड़े गिरोह को 10 से 15 लाख रुपये देकर फर्जी ताइक्वांडो प्रमाणपत्र बनवाए थे। इनका इस्तेमाल वर्ष 2022 में शिक्षा विभाग की भर्ती में उत्कृष्ट खिलाड़ी कोटे के तहत नौकरी पाने के लिए किया गया।
एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक विशाल बंसल ने बताया कि डेढ़ दर्जन जिलों से गिरफ्तारियां हुई हैं। जांच जारी है। बता दें कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों को राजस्थान में सरकारी नौकरियों की सीधी भर्ती में दो प्रतिशत आरक्षण मिलता है।