पश्चिम चंपारण : सेनको ज्वेलर्स लूटकांड का 6 दिन में पर्दाफाश, वैशाली से पकड़े गए 3 बदमाश
बेतिया के सुप्रिया रोड स्थित सेनको ज्वेलर्स लूटकांड का पुलिस ने छह दिन में खुलासा कर दिया है, जिसमें वैशाली जिले के तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने घटना में शामिल 11 अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली है।
HighLights
पुलिस ने छह दिन में सेनको ज्वेलर्स लूटकांड का पर्दाफाश किया।
वैशाली जिले के तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
11 अन्य आरोपितों की पहचान, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी।
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। पश्चिम चंपारण के बेतिया में सेनको ज्वेलर्स से करोड़ों के आभूषण लूटने वाले अपराधियों तक पहुंचने में पुलिस को छह दिन में सफलता मिली है। सुप्रिया रोड स्थित शोरूम में हुई इस सनसनीखेज वारदात की परतें खुलने लगी हैं।
पुलिस ने वैशाली जिले से तीन ऐसे आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जिनकी भूमिका लूट की साजिश रचने, अपराधियों को सिम कार्ड उपलब्ध कराने और लूटे गए सोने को ठिकाने लगाने तक में रही है। पुलिस ने गिरोह के 11 अन्य आरोपितों की भी पहचान कर ली है। अब उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगातार छापेमारी कर रही है।
साजिश से लेकर सोना खपाने तक का नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की भूमिका अलग-अलग थी। वैशाली जिले के महीसौर थाना क्षेत्र निवासी सूरज कुमार सहनी ने वारदात की साजिश रचने के साथ इसमें शामिल सहयोगियों को सिम कार्ड उपलब्ध कराए थे। वहीं, महनार थाना क्षेत्र के हसनपुर जुनैद निवासी रौशन कुमार अपराध की योजना बनाने और लूट से अर्जित संपत्ति को खपाने में शामिल था। बिदुपुर थाना क्षेत्र के मझौली निवासी कुंदन कुमार लूटे गए सोने को ठिकाने लगाने की योजना में शामिल रहा है।
तकनीकी जांच से गिरोह तक पहुंची पुलिस
वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की स्वीकारोक्ति, तकनीकी जांच और मानवीय आसूचना के आधार पर पुलिस पूरे गिरोह तक पहुंचने में सफल रही है। तीनों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस उन 11 अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है, जिनकी संलिप्तता इस लूटकांड में सामने आई है।
18 नवंबर को शोरूम में हुई थी लूट
गौरतलब है कि 18 नवंबर 2026 को शहर के सुप्रिया रोड स्थित सेनको ज्वेलर्स में हथियारबंद अपराधियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही चंपारण क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक हरकिशोर राय, वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम और एसडीपीओ सदर-1 अजीत कुमार समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे थे।
एफएसएल और डॉग स्क्वॉड ने जुटाए थे साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी बुलाया था। दोनों टीमों ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए थे। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और खुफिया सूचनाओं के आधार पर आरोपितों की तलाश शुरू की। छह दिन के भीतर तीन आरोपितों की गिरफ्तारी को पुलिस इस मामले में बड़ी सफलता मान रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।