लवकुश घाट के मंदिर में ठहरा था बगहा का दुकानदार, सुबह जंगल में पेड़ से लटका मिला शव
वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के जटाशंकर वन परिसर में एक पेड़ से बगहा के फास्ट फूड दुकानदार दिलीप कुमार का शव लटका मिला। पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या बताया है।

पश्चिम चंपारण के वीटीआर में पेड़ से लटका मिला युवक का शव। जागरण
HighLights
वाल्मीकिनगर जंगल में पेड़ से लटका मिला शव।
मृतक की पहचान बगहा के दिलीप कुमार के रूप में।
पुलिस प्रथम दृष्टया आत्महत्या मानकर कर रही जांच।
संवाद सहयोगी, बगहा/वाल्मीकिनगर। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) वन प्रमंडल दो के वाल्मीकिनगर वन क्षेत्र अंतर्गत जटाशंकर वन परिसर में बुधवार की सुबह एक पेड़ से अज्ञात व्यक्ति का शव लटका मिलने से वनकर्मियों में सनसनी फैल गई।
शव झूला पुल के समीप अमृत खोला के पास मिला। वनकर्मियों ने तत्काल इसकी सूचना वाल्मीकिनगर थाने को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस अवर निरीक्षक अनिल कुमार पासवान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को सूचना दी। साथ ही शव की पहचान के लिए जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान दिलीप कुमार (40) पिता बृजमोहन प्रसाद, वार्ड नंबर 23, आर्य समाज रोड, शिव-पार्वती मंदिर, बनकटवा, बगहा निवासी के रूप में हुई। मृतक रामनगर में फास्ट फूड की दुकान चलाता था।
पुलिस के अनुसार, पिछले चार-पांच दिनों से दिलीप कुमार अपने कुछ दोस्तों के साथ वाल्मीकिनगर के लवकुश घाट स्थित मंदिर में ठहरा हुआ था। इसके बाद बुधवार को उसका शव पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में चर्चा और सनसनी फैल गई।
थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि शव की स्थिति और फॉरेंसिक टीम की जांच के आधार पर प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चलेगा।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मृतक किस कारण और किन लोगों के साथ वाल्मीकिनगर में ठहरा हुआ था। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- बिहार में मतांतरण का खुला खेल, नेपाल सीमा के पास चंगाई सभाओं से फैला रहे बीमारी दूर करने का भ्रम