बिहार में मतांतरण का खुला खेल, नेपाल सीमा के पास चंगाई सभाओं से फैला रहे बीमारी दूर करने का भ्रम
Bettiah Prayer Meeting Healing Claims Bihar: पश्चिम चंपारण में नेपाल सीमा के पास चंगाई सभाओं के माध्यम से अशिक्षित और गरीब परिवारों को बीमारी व निःसंतानता से मुक्ति का झांसा देकर मतांतरण कराने का आरोप है।
सुनील आनंद, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। West Champaran Changai Sabha Conversion Allegations: नेपाल के सीमावर्ती पश्चिम चंपारण के गांवों में अशिक्षित और गरीब परिवारों को चिह्नित कर मतांतरण कराया जा रहा।
विभिन्न बीमारियों से मुक्ति और संतान सुख की चाह में भटक रहे ऐसे परिवारों को निशाना बनाया जा रहा। अलग-अलग चंगाई सभाओं में परमेश्वर पर विश्वास और विशेष प्रार्थना से गंभीर-असाध्य बीमारियों को ठीक करने से लेकर निसंतान दंपती को संतान सुख दिलाने तक के दावे किए जा रहे हैं।
भ्रम में डालकर मतांतरण
ऐसे परिवारों को चमत्कार के भ्रम में डालकर प्रभाव में लेकर मतांतरण किया जा रहा। इन सभाओं में न चिकित्सक होते, न नर्स और न ही उपचार की व्यवस्था।
बगैर किसी जांच एवं दवा के बीमारी दूर करने के दावों के बीच ही मतांतरण का खेल चल रहा है। धार्मिक मान्यताओं के बीच अंधविश्वास में लोग अपनी परेशानियों का समाधान तलाशते-तलाशते इनके प्रभाव में आ रहे हैं। इससे सामाजिक तनाव की भी स्थिति बन रही है।
बांझपन से मुक्ति का प्रलोभन
मझौलिया प्रखंड की भरवलिया मुसहरटोली करीब 60 घरों की बस्ती है। यहां के पांच परिवार चंगाई सभाओं (सत्संग) के माध्यम से बांझपन के संताप से मुक्ति और बीमारी से छुटकारे का दावा करते हैं।
यहां के राजेंद्र कुमार की 26 वर्षीय पत्नी अंतिमा कहती हैं कि हमसे अधिक पूजा-पाठ करनेवाला कोई नहीं था। 11 वर्ष से बांझपन का दर्द झेल रही थी। हर जगह पूजा-पाठ, झाड़-फूंक, दवा उपचार सब कराकर थक गई, लेकिन संतान प्राप्ति नहीं हुई।
तीन बार चंगाई सभा में गई, अभी तीन बेटियों की मां हूं। हालांकि, अंतिमा मतांतरण की बात स्वीकार नहीं करती हैं। कहती हैं कि मैं सिंदूर लगाती हूं, लेकिन पूजा-पाठ नहीं करती।
बीमारी ठीक करने का दावा
चंगाई सभा धार्मिक प्रार्थना और विश्वास से बीमारी दूर करने के दावे पर आधारित आयोजन है। ऐसी सभाओं में प्रार्थना कराने वाले व्यक्ति को प्रार्थना सेवक कहा जाता है।
सभा में शामिल लोगों के लिए सामूहिक प्रार्थना की जाती है। बीमारी से परेशान लोगों को आगे बुलाकर उनके सिर पर हाथ रखकर या उनके लिए विशेष प्रार्थना कर स्वस्थ होने का दावा किया जाता है। कुछ पीड़ितों को परमेश्वर के आशीर्वाद के रूप में चावल के दाने भी दिए जाते हैं।
चंगाई सभा का ग्रामीणों ने किया विरोध
मैनाटांड़ प्रखंड के लौकर गांव में 20 जुलाई, 2026 को चंगाई सभा आयोजित हुई थी। अगल-अलग बीमारी के सैकड़ों लोग पहुंचे थे।
गांव के लोगों ने बीमारी के नाम पर मतांतरण कराने का आरोप लगाकर विरोध किया। दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक हुई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। मानपुर थाने की पुलिस पहुंची और मामला शांत हुआ, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसी तरह, नौतन प्रखंड की बरदाहां घोठा टोला गांव में बीमारी से मुक्ति के लिए प्रत्येक सोमवार को प्रार्थना सभा आयोजित होती है। इसी साल 26 अक्टूबर को आयोजित प्रार्थना सभा का स्थानीय उपमुखिया सोनी देवी, वार्ड सदस्य गोरख प्रसाद समेत अन्य ग्रामीणों ने विरोध किया।
आरोप लगाया कि बीमारी दूर करने के नाम पर मतांतरण का खेल हो रहा है। प्रार्थना सभा के आयोजकों के साथ बकझक हुई। नौबत मारपीट तक की आ गई। डायल 112 की पुलिस टीम पहुंची तो मामला शांत हुआ। अब यहां तनाव की स्थिति है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।