विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिमी चंपारण में सप्तक्रांति एक्सप्रेस के एसी कोच से उठा धुआं, हिच्छोपाल गुमटी पर 20 मिनट रुकी ट्रेन

Published: Fri, 06 Nov 2026 06:19 PM (IST)

Railway Pressure Cock Problem: मुजफ्फरपुर से आनंद विहार जा रही सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस के एसी कोच से पश्चिमी चंपारण में अचानक धुआं निकलने लगा, जिससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई।

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिमी चंपारण)। Saptkranti Express Train: जिले में शुक्रवार को मुजफ्फरपुर से आनंद विहार जा रही सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस के एसी कोच के पहिए से अचानक धुआं निकलने लगा।

चलती ट्रेन के पहिए से धुआं उठता देख यात्रियों में अफरातफरी मच गई। अनहोनी की आशंका से घबराए यात्रियों के बीच एसी बी-4 कोच से उतरने के लिए आपाधापी मच गई।

हिच्छोपाल गुमटी पर रुकी ट्रेन

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोको पायलट ने तत्काल ट्रेन रोक दी। चालक, गार्ड और ट्रेन मैनेजर की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।

घटना शुक्रवार अपराह्न तीन बजे के बाद साठी और नरकटियागंज रेलवे स्टेशन के बीच हिच्छोपाल रेलवे गुमटी के समीप हुई।

पहिए से निकलने लगा धुआं

बताया जाता है कि मुजफ्फरपुर से आनंद विहार जाने वाली गाड़ी संख्या 12557 सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस शुक्रवार को करीब 30 मिनट विलंब से चनपटिया रेलवे स्टेशन से खुली थी।

ट्रेन साठी स्टेशन से नरकटियागंज की ओर जा रही थी। इसी दौरान हिच्छोपाल रेलवे गुमटी के समीप पिलर संख्या 236/40 के पास एसी कोच संख्या बी-4 के पहिए से अचानक धुआं निकलने लगा।

चालक ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन रोक दी। जांच में पता चला कि रेल ट्रैक के समीप रखे पत्थर के संपर्क में आने से प्रेशर काक तिरछा हो गया था। इस कारण पहिए के पास घर्षण से गर्मी उत्पन्न हुई और धुआं निकलने लगा।

20 मिनट बाधित रहा परिचालन

इस घटना के कारण हिच्छोपाल रेलवे गुमटी के समीप ट्रेन करीब 20 मिनट तक रुकी रही। प्रारंभिक जांच में स्थिति सामान्य पाए जाने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।

अपराह्न 3:30 बजे ट्रेन नरकटियागंज जंक्शन पहुंची, जहां रेलवे अधिकारियों ने एसी कोच के प्रेशर काक की बारीकी से जांच की।

जांच के बाद रवाना हुई ट्रेन

सीनियर सेक्शन इंजीनियर कैरेज एंड वैगन उमेश कुमार, जंक्शन प्रबंधक मोहम्मद कलीम सहित अन्य अधिकारियों ने कोच का निरीक्षण किया। आवश्यक सुधार करने और स्थिति संतोषजनक पाए जाने के बाद ट्रेन को अपराह्न 3:44 बजे आनंद विहार के लिए रवाना कर दिया गया।

सीनियर सेक्शन इंजीनियर कैरेज एंड वैगन उमेश कुमार ने बताया कि प्रेशर काक तिरछा होने के कारण पहिए से अचानक धुआं निकलने लगा था। यह कोई बड़ी घटना नहीं थी। रेलवे कर्मियों ने तत्काल जांच-पड़ताल कर आवश्यक सुधार किया, जिसके बाद ट्रेन का परिचालन सामान्य कर दिया गया।

क्या होता है प्रेशर काक

प्रेशर काक ट्रेन के एयर ब्रेक सिस्टम का महत्वपूर्ण वाल्व होता है। इसके माध्यम से ब्रेक पाइप में हवा के दबाव को नियंत्रित किया जाता है।

पहिए के पास लगे इस उपकरण के क्षतिग्रस्त होने या अपनी जगह से खिसकने पर ब्रेक सिस्टम प्रभावित हो सकता है। इस मामले में प्रेशर काक तिरछा होने से घर्षण और गर्मी उत्पन्न हुई, जिसके कारण पहिए के पास से धुआं निकलने लगा।

यह भी पढ़ें- लुधियाना-कोलकाता, लुधियाना-दरभंगा और लुधियाना-सहरसा के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन; चेक करें शेड्यूल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।