पश्चिम चंपारण : सप्तक्रांति एक्सप्रेस में चढ़ने के लिए जद्दोजहद, जगह नहीं मिली तो यात्रियों ने लौटाए टिकट
Saptakranti Express : सप्तक्रांति एक्सप्रेस में यात्रियों की अत्यधिक भीड़ के कारण जनरल और स्लीपर कोच में जगह नहीं मिल रही है, जिससे यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने में भारी परेशानी हो रही है।

बेतिया में ट्रेन का टिकट लौटाकर घर लौट रहे यात्री । जागरण
HighLights
सप्तक्रांति एक्सप्रेस में यात्रियों की भीड़ से भारी परेशानी।
जनरल और स्लीपर कोच में पैर रखने की जगह नहीं।
यात्रियों ने अतिरिक्त कोच और विशेष ट्रेनें मांगी।
संवाद सूत्र, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। मुजफ्फरपुर से दिल्ली जाने वाली सप्तक्रांति एक्सप्रेस में यात्रियों की भीड़ अब परेशानी से आगे बढ़कर हादसे का खतरा बनती जा रही है।
जनरल और स्लीपर कोच में पैर रखने तक की जगह नहीं मिल रही है। दर्जनों यात्री ट्रेन में सवार होने की कोशिश करते रहे, लेकिन भीड़ के आगे उनकी एक नहीं चली।
काफी देर तक जद्दोजहद के बाद भी जगह नहीं मिली तो कई यात्रियों को टिकट वापस कराकर लौटना पड़ा। बेतिया से दिल्ली जा रहे यात्री श्याम कुमार, संजीव कुमार एवं सुबोध कुमार ने बताया कि सप्तक्रांति एक्सप्रेस में जनरल और स्लीपर दोनों कोचों की स्थिति बेहद खराब रहती है।
कोच के अंदर प्रवेश करना तक मुश्किल हो जाता है। भीड़ के कारण धक्का-मुक्की होती है। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को उठानी पड़ती है।
यात्रियों का कहना है कि इस तरह की स्थिति में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। यात्रियों ने बताया कि दिल्ली जाने के लिए सप्तक्रांति एक्सप्रेस इस रूट की महत्वपूर्ण ट्रेन है, लेकिन यात्रियों की संख्या के अनुपात में रेलवे की व्यवस्था नाकाफी साबित हो रही है।
भीड़ के मुकाबले स्टेशन पर सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती भी कम है। ऐसे में ट्रेन में चढ़ने और उतरने के दौरान यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
यात्रियों ने रेलवे से सप्तक्रांति एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोच लगाने और भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेन चलाने की मांग की है। उनका कहना है कि जब यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है तो रेलवे को भी उसी अनुपात में सुविधा बढ़ानी चाहिए, ताकि यात्रियों को टिकट लेने के बाद भी ट्रेन छूटने की बेबसी न झेलनी पड़े।