विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'गरीब किसी भी जाति का हो, उसे मिले आरक्षण का लाभ', बिहार में मंत्री संतोष सुमन की दो टूक

Published: Fri, 11 Sep 2026 03:50 PM (GMT+05:30)

हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सुमन ने सभी जातियों के गरीबों को आरक्षण का लाभ देने की वकालत ...और पढ़ें

HighLights

  1. सभी जातियों के गरीबों को आरक्षण का समानुपाती लाभ मिले।

  2. वास्तविक जरूरतमंदों तक आरक्षण का लाभ पहुंचना सुनिश्चित हो।

  3. बिहार में शराबबंदी गरीबों के हित में है, हम समर्थन करते हैं।

जागरण संवाददाता, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री संतोष कुमार सुमन ने कहा कि सभी जातियों के गरीबों को आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए। आरक्षण की व्यवस्था समानुपाती होनी चाहिए, ताकि इसका लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंच सके।

उन्होंने कहा कि बिहार में 22 जातियों को आरक्षण मिला है, लेकिन कई जातियां 80 साल बाद भी पिछड़ी हुई हैं। ऐसे में आरक्षण का लाभ गरीब और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना जरूरी है।

मंत्री शुक्रवार को हिमालय सिनेमा कैंपस में आयोजित हम की गरीब चौपाल यात्रा को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने मंत्री का भव्य स्वागत किया। दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

गरीबों को मिले समान अवसर

आरक्षण के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि उनका नारा है, 'सबका इरादा एक हो, भारत के गरीबों एक हो।' गरीब किसी भी जाति का हो, उसे आगे बढ़ने का समान अवसर मिलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि गरीब चौपाल यात्रा के माध्यम से गरीबों की समस्याएं और मांगें सुनी जा रही हैं। लोगों से आवेदन लेकर उन्हें जिला स्तर से लेकर मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जा रहा है।

शराबबंदी का किया समर्थन

शराबबंदी पर संतोष सुमन ने कहा कि बिहार में शराबबंदी गरीबों के हित में है और हम इसका समर्थन करती है। शराबबंदी से गरीब परिवारों के पैसे की बचत होती है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होती है। मुख्यमंत्री समय-समय पर इसकी समीक्षा करते हैं और बड़े शराब माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

जमीन समेत कई समस्याओं के दिए आवेदन

चौपाल में गरीब, मजदूर और आम लोगों ने रोजगार, आवास, सड़क, बिजली व स्वास्थ्य समेत कई समस्याएं रखीं। बड़ी संख्या में लोगों ने जमीन नहीं होने तथा सीलिंग की जमीन मिलने के बाद भी कब्जा नहीं मिलने की शिकायत करते हुए आवेदन सौंपे।

मंत्री ने समस्याएं सुनकर संबंधित स्तर पर समाधान का भरोसा दिया। अध्यक्षता व संचालन जिलाध्यक्ष मंजीत वर्मा ने किया। मौके पर विधायक प्रफुल्ल कुमार मांझी, राजेश पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार, मुकेश मांझी, देवेंद्र मांझी समेत कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- सवर्णों के 10% आरक्षण का जिक्र कर बिहार सरकार के मंत्री संतोष सुमन ने साधा निशाना, गिनाई जीतन राम मांझी की पहल

यह भी पढ़ें- Bihar Politics: 'अब ज्ञान नहीं... हिसाब चाहिए', आरक्षण पर संतोष सुमन ने तेजस्वी पर दागे तीखे सवाल