रामनगर में गजब का ठग निकला उच्चका, चोरी का डर दिखाकर बुजुर्ग महिला के जेवर लेकर फरार
रामनगर बस स्टैंड पर एक उच्चके ने चोरी का डर दिखाकर 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला फुलेरी देवी के सोने के जेवर ठग लिए। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने पुलिस गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पश्चिम चंपारण की फुलेरी देवी, पीड़ित महिला। जागरण
संवाद सूत्र, रामनगर (पश्चिम चंपारण)। अपराधी अब लोगों को लूटने के लिए डर और सुरक्षा का भी सहारा ले रहे हैं। पहले चोरी का डर दिखाया, फिर जेवर सुरक्षित रखने की सलाह दी और भरोसे में लेकर एक बुजुर्ग महिला के गहने लेकर चंपत हो गया।
जब तक महिला को ठगी का अहसास हुआ, तब तक उच्चका आंखों से ओझल हो चुका था। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने बस स्टैंड पर पुलिस गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
चोरी का डर दिखाकर जीता भरोसा
घटना रविवार दोपहर नगर के आंबेडकर चौक स्थित बस स्टैंड की है। थाना क्षेत्र के बरगजवा गांव निवासी रामचंद्र गोंड की 60 वर्षीय पत्नी फुलेरी देवी नेपाली टोला में एक रिश्तेदार के यहां न्योता करने आई थीं।
घर लौटने के लिए वह बस पकड़ने बस स्टैंड पहुंचीं। इसी दौरान लाल गमछा लिए एक युवक उनके पास आया। उसने महिला से कहा कि चाची, असली जेवर पहनकर कहां घूम रही हैं। आजकल बहुत चोरी हो रही है। युवक की बातों में आकर महिला उसके साथ नजदीक स्थित सीएचसी परिसर में चली गईं।
कागज की पुड़िया में गहने रखने का नाटक
वहां युवक ने महिला को जेवर उतारकर सुरक्षित रखने की सलाह दी। उसके झांसे में आकर फुलेरी देवी ने कान के सोने के जेवर, मंगलसूत्र और अंगूठी उतार दी। युवक ने सभी गहनों को कागज में लपेटा और महिला के थैले में रख दिया। इसके बाद उसने कहा कि बस का इंतजार छोड़कर टेंपो से घर चली जाइए। इतना कहकर वह दूसरी ओर निकल गया।
थैला खोला तो गायब मिले जेवर
कुछ दूर जाने के बाद महिला ने थैला जांचा तो उसमें जेवर नहीं थे। यह देखकर उनके होश उड़ गए। वह बदहवास होकर युवक को आसपास ढूंढने लगीं, लेकिन तब तक वह फरार हो चुका था। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। महिला के स्वजन भी वहां पहुंच गए। बताया जा रहा है कि गायब जेवरों की कीमत 50 से 60 हजार रुपये से अधिक है।
आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई
थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार ने बताया कि अभी तक घटना को लेकर आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दिनदहाड़े बस स्टैंड के पास हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में चिंता है। लोगों ने सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस गश्ती बढ़ाने की जरूरत जताई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।