बिहार में अवैध रूप से विदेश भेजने वाले गिरोह सक्रिय, विदेश मंत्रालय ने मुजफ्फरपुर को किया अलर्ट
मुजफ्फरपुर और आसपास के जिलों में अवैध रूप से विदेश भेजने वाले गिरोह सक्रिय हैं, जो युवाओं को नौकरी का लालच देकर ठगी का शिकार बना रहे हैं। विदेश मंत्रालय ने जिलाधिकारी को अलर्ट जारी कर जागरूकता अभियान चलाने और ऐसे गिरोहों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

विदेश में फंसे मुजफ्फरपुर मुरौल के युवक मो. जमालुद्दीन। फोटो सौजन्य- स्वजन
प्रेम शंकर मिश्रा, मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर और उसके आसपास के जिले विदेश प्रवासन की दृष्टि से संवेदनशील हो गए हैं। यहां से रोजगार एवं अन्य उद्देश्य से विदेश जाने वाले लोगों की संख्या बढ़ती जा रही।
इस कारण इलाके में अवैध रूप से विदेश भेजने वाले गिरोह भी सक्रिय हो गए हैं। विदेश में रोजगार दिलाने के नाम पर वे इलाके के युवक को गुमराह कर रहे हैं। इस कारण युवकों को धोखाधड़ी, शोषण या विदेश में प्रतिकूल स्थिति का सामना करना पड़ता है।
युवकों के विदेश में फंसने की शिकायतें और मामले की गंभीरता को देखते हुए विदेश मंत्रालय ने मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी को अलर्ट किया है।
पूर्व में भी मुजफ्फरपुर समेत उत्तर बिहार के जिलों के दर्जनों युवकों को विदेश भेजा गया था। इनमें से अधिकतर को टूरिस्ट वीजा पर भेजा गया था।
रोजगार और अधिक पगार के लोभ में एजेंटों ने उन्हें भेज दिया, मगर वहां सही नौकरी मिली ना पगार। उसके बाद कई घर नहीं आ पा रहे तो कई जेल भेज दिए गए। इनकी शिकायतें विदेश मंत्रालय के पटना स्थित उत्प्रवासी संरक्षक कार्यालय को लगातार मिलने के बाद विभाग सक्रिय हुआ है।
उत्प्रवासी संरक्षक संजय कुमार ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने लिखा है कि मुजफ्फरपुर से विदेश जाने वाले लोगों की बढ़ती संख्या के बीच अवैध एवं अनधिकृत एजेंट की सक्रियता भी बढ़ी है। उनका शिकार होकर विदेश में युवा फंस रहे।
ज्यादातर युवाओं को वैध प्रवासन प्रक्रिया, अधिकृत भर्ती एजेंट, ई-माइग्रेट पोर्टल, प्रवासियों के अधिकार, विदेश में स्थित भारतीय दूतावासों और केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से उपलब्ध तंत्र के बारे में जानकारी नहीं होती।
इस कारण वे आसानी से शिकार हो जाते हैं। इसे रोकने के लिए जिले में शिविर लगाकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। ऐसे गिरोहों पर भी कार्रवाई हो।
दुबई की जेल में बंद है युवक
मुजफ्फरपुर के मुरौल के युवक मो. जमालुद्दीन को दरभंगा के एक एजेंट ने मुंबई के रास्ते दुबई भेजा। वहां सेंटरिंग का काम दिया गया। इस दौरान वह हादसे का शिकार हो गया। उसके नाम से पाकिस्तानी एजेंट ने ऋण उठा लिया।
युवक पर 38 लाख रुपये का कर्ज होने के बाद वह गिरफ्तार हो गया। वह दुबई की जेल में बंद है। पत्नी खुशबू बेगम अब पति की रिहाई के लिए गुहार लगा रही है।
कोलकाता के एजेंट ने ढाई लाख लेकर युवक को फंसाया
विदेश मंत्रालय के पत्र के अनुसार, मीनापुर का युवक मो. सलाम अंसारी को कतर भेजा गया था। आटो इलेक्ट्रीशियन के काम के लिए बेहतर वेतन की बात कही गई थी, मगर वहां उस अनुरूप राशि नहीं दी गई। काम नहीं करने पर बार-बार भगाने की धमकी दी गई।
इस बीच उसे दूसरी जगह नौकरी का लोभ देकर कोलकाता के एक व्यक्ति ने करीब डेढ़ लाख ठग लिए। इससे उसकी परेशानी बढ़ गई है। पत्नी अमीना परवीन ने कहा, बस समझिए किसी तरह विदेश में पति कमा खा रहे हैं। जो बात कहके ले जाया गया था, वह नहीं मिला।
गिरोह इस तरह से भी कर रहा फर्जीवाड़ा
मुजफ्फरपुर के बैरिया स्थित इंपीरियल इंटरप्राइजेज नामक कंपनी के संचालकों ने 90 से अधिक बेरोजगार युवकों से लगभग 1.80 करोड़ रुपये की ठगी की थी।
आरोपितों ने खाड़ी, यूरोपीय और अफ्रीकी देशों का फर्जी वीजा और टिकट देकर युवकों को मुंबई एयरपोर्ट भेज दिया, जहां जांच में दस्तावेज फर्जी पाए जाने पर उन्हें लौटना पड़ा।
इसी तरह पूर्वी चंपारण के चार युवकों से लाखों रुपये लेकर सिलाई का काम दिलाने के लिए टूरिस्ट वीजा पर रूस भेजने का मामला 23 नवंबर को सामने आया। तीन युवक तो किसी तरह लौट आए हैं, एक युवक सयामुल हक अभी वहां फंसा है।
पश्चिम चंपारण के शिकारगंज के एजेंट मुन्ना महतो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। युवक की मां ने सांसद डा.संजय जायसवाल को पत्र लिखकर बेटे की वापसी में मदद करने की गुहार लगाई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।