विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रामनगर में जाम से निपटने को प्रशासन सख्त, सुबह 8 से रात 9 बजे तक गन्ना लदे भारी वाहनों की नो-एंट्री

Published: Wed, 25 Nov 2026 02:53 PM (IST)

रामनगर प्रशासन ने 30 नवंबर से शुरू हो रहे गन्ना पेराई सत्र के लिए यातायात व्यवस्था सुदृढ़ की है। मुख्य सड़कों पर सुबह 8 से रात 9 बजे तक गन्ना लदे भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी, जबकि छोटे वाहनों को छूट मिलेगी।

सुबह 8 से रात 9 बजे तक गन्ना लदे भारी वाहनों की नो-एंट्री (एआई जेनेरेटेड तस्वीर)

सुबह 8 से रात 9 बजे तक गन्ना लदे भारी वाहनों की नो-एंट्री (एआई जेनेरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. गन्ना पेराई सत्र के लिए यातायात व्यवस्था की तैयारी।

  2. सुबह 8 से रात 9 बजे तक भारी वाहनों पर रोक।

  3. गार्ड तैनात होंगे, 100 फीट की दूरी पर चलेंगे वाहन।

संवाद सूत्र, रामनगर। नगर में आए दिन लग रहे जाम और 30 नवंबर से शुरू होने वाले गन्ना पेराई सत्र 2026-27 को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारी शुरू कर दी है।

अनुमंडल पदाधिकारी चांदनी कुमारी ने कार्यपालक पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थानाध्यक्ष और चीनी मिल के केन मैनेजर को निर्देश जारी कर गन्ना लदे वाहनों के परिचालन की व्यवस्था निर्धारित करने को कहा है। इसका उद्देश्य पेराई सत्र के दौरान मुख्य सड़क और नगर परिषद क्षेत्र में जाम की समस्या को नियंत्रित करना है।

ड्रेस में दो-दो गार्ड तैनात किए जाएंगे

निर्देश के अनुसार पेराई अवधि में सुबह आठ बजे से रात नौ बजे तक मुख्य सड़क और नगर परिषद क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। हालांकि गन्ना किसानों के गन्ना लदे छोटे वाहनों को इससे छूट दी गई है। इस व्यवस्था की निगरानी के लिए हरिनगर चीनी मिल की ओर से निर्धारित स्थानों पर ड्रेस में दो-दो गार्ड तैनात किए जाएंगे।

रामनगर क्षेत्र में चेकनाका सोनखर, सबुनी चौक, नरकटियागंज मार्ग में पेट्रोल पंप के पास तथा प्रखंड क्षेत्र में प्रवेश से पहले गार्डों की तैनाती की जाएगी। गार्ड यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रतिबंधित समय में भारी वाहन मुख्य सड़क और नगर परिषद क्षेत्र में प्रवेश नहीं करें।

10-15 गन्ना लदे वाहनों के बाद 100 फीट की दूरी

प्रशासन ने गन्ना लदे वाहनों के परिचालन को भी व्यवस्थित करने का निर्देश दिया है। 10 से 15 गन्ना लदे वाहनों के समूह के बाद करीब 100 फीट की दूरी रखकर अगले वाहनों को चलाया जाएगा। इससे वाहनों की लंबी कतार लगने और मुख्य सड़क पर यातायात बाधित होने की आशंका कम होगी।

रामनगर थानाध्यक्ष को निर्देश दिया गया है कि वे समय-समय पर क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर व्यवस्था का अनुपालन सुनिश्चित कराएं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पेराई सत्र के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

यह भी पढ़ें- बगहा स्टेशन पर ट्रेनों की लेटलतीफी का रिकॉर्ड, कोई 2 घंटे तो कोई 20 घंटे देरी से पहुंची


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।