विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बगहा स्टेशन पर ट्रेनों की लेटलतीफी का रिकॉर्ड, कोई 2 घंटे तो कोई 20 घंटे देरी से पहुंची

Published: Tue, 24 Nov 2026 04:19 PM (IST)

बगहा अनुमंडल में रेल यात्रियों को ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण भारी परेशानी झेलनी पड़ी, कई ट्रेनें घंटों से लेकर 20 घंटे तक विलंब से पहुंचीं। यात्रियों को स्टेशन पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा, जिससे उनकी यात्रा योजनाएं बाधित हुईं और असुविधा हुई।

बगहा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री। जागरण

बगहा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री। जागरण

HighLights

  1. बगहा में कई ट्रेनें घंटों से लेकर 20 घंटे तक लेट

  2. रेल यात्रियों को स्टेशन पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा

  3. ट्रेनों की देरी से यात्रा योजनाएं बाधित हुईं, असुविधा बढ़ी

संवाद सूत्र, बगहा (पश्चिम चंपारण)। बगहा अनुमंडल में रेल यात्रियों को ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मंगलवार को बगहा रेलवे स्टेशन पर कई लंबी दूरी की एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें घंटों विलंब से पहुंचीं।

स्थिति यह रही कि कुछ ट्रेनें दो से तीन घंटे तो कुछ 11 से 12 घंटे तक देरी से स्टेशन पहुंचीं। वहीं, एक स्पेशल ट्रेन के करीब 20 घंटे विलंब से चलने की जानकारी सामने आई। ट्रेनों की इस अनियमितता से यात्रियों को स्टेशन पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।

बगहा से गोरखपुर की ओर जाने वाली 15211 जननायक एक्सप्रेस करीब दो घंटे की देरी से पहुंची। वहीं लौकहा बाजार से आनंद विहार जाने वाली 04013 स्पेशल ट्रेन लगभग 11 घंटे विलंब से बगहा पहुंची।

गोरखपुर की ओर जाने वाली 19726 खातिपुरा-अमृत भारत एक्सप्रेस करीब तीन घंटे और बरौनी से बांद्रा जाने वाली 19038 अवध एक्सप्रेस लगभग एक घंटे की देरी से पहुंची। इसके अलावा 04097 शकुर बस्ती स्पेशल ट्रेन दरभंगा से करीब सात घंटे विलंब से खुली।

इधर, नरकटियागंज की ओर जाने वाली 55098 गोरखपुर कैंट पैसेंजर ट्रेन करीब दो घंटे 30 मिनट की देरी से बगहा पहुंची। वहीं, 04098 दरभंगा स्पेशल ट्रेन लगभग 12 घंटे विलंब से पहुंची।

12558 सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस करीब दो घंटे 30 मिनट, 04640 मुजफ्फरपुर स्पेशल ट्रेन लगभग पांच घंटे और 55096 गोरखपुर कैंट-नरकटियागंज पैसेंजर ट्रेन करीब तीन घंटे की देरी से स्टेशन पहुंची।

इसके साथ ही 15274 सत्याग्रह एक्सप्रेस भी लगभग तीन घंटे विलंब से पहुंची। वहीं, 04097 शकुर बस्ती स्पेशल ट्रेन के करीब 20 घंटे देरी से पहुंचने की जानकारी दी गई।

यात्रियों ने बयां किया दर्द, घंटों करना पड़ा इंतजार

ट्रेनों की देरी से परेशान यात्रियों ने अपनी नाराजगी जाहिर की। स्टेशन पर मौजूद एक यात्री ने बताया कि ट्रेन के निर्धारित समय पर नहीं पहुंचने से उनकी आगे की यात्रा प्रभावित हो रही है। कई घंटे से स्टेशन पर इंतजार करना पड़ रहा है, लेकिन ट्रेन के आने का सही समय भी स्पष्ट नहीं हो पा रहा है।

वहीं, एक यात्री कविता देवी ने कहा कि लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। परिवार और बच्चों के साथ सफर करने वालों के लिए घंटों स्टेशन पर बैठना काफी मुश्किल हो जाता है।

महिला यात्री सलोनी कुमारी ने बताया कि ट्रेन की देरी के कारण घर पहुंचने का पूरा कार्यक्रम बिगड़ गया है। स्टेशन पर खाने-पीने और अन्य जरूरी सुविधाओं को लेकर भी परेशानी होती है।

वहीं, एक अन्य यात्री ने नाराजगी जताते हुए कहा कि रेलवे को ट्रेनों की वास्तविक स्थिति की जानकारी समय पर उपलब्ध करानी चाहिए, ताकि यात्री अनावश्यक रूप से स्टेशन पर घंटों इंतजार करने से बच सकें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।