न ट्रैक था, न सुविधाएं... नदी के टापू पर दौड़कर बिहार की बेटी ने की थी प्रैक्टिस; अब नेशनल गेम्स में दिखाएगी रफ्तार
गौनाहा प्रखंड के सीठी गांव की प्रीति कुमारी का चयन 70वीं नेशनल स्कूल गेम्स अंडर-17 बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए बिहार टीम में हुआ है।

प्रीति कुमारी। (जागरण)
संवाद सूत्र, गौनाहा। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों से संघर्ष करते हुए गौनाहा प्रखंड के थारू बहुल गांव सीठी की बेटी प्रीति कुमारी ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है।
प्रथम खेल नर्सरी की धाविका प्रीति का चयन 70वीं नेशनल स्कूल गेम्स अंडर-17 बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए बिहार टीम में हुआ है।
वह राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में 19 से 23 नवंबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में प्रीति 100 मीटर, 200 मीटर दौड़ और रिले रेस में अपना दमखम दिखाएंगी।
उनकी यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि उन्होंने कभी नदी के टापू पर ग्रामीणों और युवाओं के सहयोग से तैयार अस्थायी मैदान में अभ्यास शुरू किया था।
कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया और लगातार मेहनत कर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
प्रीति के चयन से सीठी गांव सहित पूरे पश्चिम चंपारण में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता को ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए बड़ी प्रेरणा माना जा रहा है।
मंत्री सहित कई गणमान्यों ने दी बधाई
बिहार टीम में चयन पर प्रथम खेल नर्सरी के संरक्षक एवं मंत्री नंदकिशोर राम, बखरी विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहम्मद फिरोज आलम, राज्य समन्वयक दीनानाथ सिन्हा, संत पॉल स्कूल के प्राचार्य फादर सीबी सहित सुनील गुप्ता, सुनील वर्मा, डॉ. वीरेंद्र नारायण और अमित कुमार गुड्डू ने बधाई दी।
मुख्य प्रशिक्षक सुमित पांडेय ने कहा कि प्रीति की सफलता ग्रामीण बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वह राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर बिहार का गौरव बढ़ाएंगी।
यह भी पढ़ें- सारण की बेटी डाॅ. ज्योति शर्मा बनीं UPPSC टॉपर, अब यूपी के मेडिकल कॉलेज में बनेंगी असिस्टेंट प्रोफेसर