विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सारण की बेटी डाॅ. ज्योति शर्मा बनीं UPPSC टॉपर, अब यूपी के मेडिकल कॉलेज में बनेंगी अस‍िस्‍टेंट प्रोफेसर

Published: Sun, 15 Nov 2026 07:59 AM (IST)

डाॅ. ज्योति शर्मा ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की सहायक आचार्य (एनाटॉमी) भर्ती में पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है।

सारण की बेटी डॉ. ज्‍योत‍ि शर्मा। सौ-स्‍वयं

सारण की बेटी डॉ. ज्‍योत‍ि शर्मा। सौ-स्‍वयं

HighLights

  1. डाॅ. ज्योति शर्मा ने UPPSC सहायक आचार्य भर्ती में टॉप किया।

  2. सारण जिले की बेटी का चयन यूपी मेडिकल कॉलेज में हुआ।

  3. चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र में उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।

जागरण संवाददाता, छपरा। सपनों को पूरा करने के लिए बड़े शहरों में रहना ही जरूरी नहीं, दृढ़ इच्छाशक्ति और लगातार मेहनत हो तो छोटे से गांव की प्रतिभा भी अपनी पहचान बना सकती है।

सारण जिले के भेल्दी की बेटी डाॅ. ज्योति शर्मा ने इसे सच कर दिखाया है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPCS) की सहायक आचार्य (एनाटॉमी) भर्ती में उन्होंने पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है।

उनका चयन उत्तर प्रदेश के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में सहायक आचार्य के पद पर हुआ है। डा. ज्योति की इस उपलब्धि से उनके परिवार के साथ सराय बख्श गांव और पूरे सारण जिले में खुशी की लहर है।

चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उनकी सफलता ने स्थानीय युवाओं और विशेषकर बेटियों को यह संदेश दिया है कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर प्रयास से किसी भी मुकाम तक पहुंचा जा सकता है।

18 पदों की भर्ती में हासिल किया पहला स्थान

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत राजकीय मेडिकल कॉलेजों में सहायक आचार्य (एनाटॉमी) के 18 पदों पर सीधी भर्ती के लिए 26 और 27 अक्टूबर को साक्षात्कार आयोजित किया था।

साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग ने 12 नवंबर को चयन परिणाम जारी किया। इसमें जारी मुख्य चयन सूची में डा. ज्योति शर्मा ने पहला स्थान प्राप्त किया।

प्रतिस्पर्धा के बीच शीर्ष स्थान हासिल करना उनकी शैक्षणिक तैयारी और विषय पर मजबूत पकड़ को दर्शाता है। उनकी यह उपलब्धि चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की इच्छा रखने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है।

एनाटॉमी में एमएस की पढ़ाई के बाद मिली सफलता

डा. ज्योति शर्मा सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र के सराय बख्श निवासी कृष्ण शर्मा की पुत्री हैं। उन्होंने वर्ष 2020 के स्नातकोत्तर बैच में एमएस (एनाटॉमी) विषय की पढ़ाई की थी।

इसके बाद उन्होंने अपनी तैयारी और लक्ष्य पर लगातार ध्यान बनाए रखा। मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास के दम पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।

डा. ज्योति की सफलता से उनके परिवार का गौरव बढ़ा है। गांव के लोगों और शुभचिंतकों ने भी उन्हें बधाई दी है। उनकी उपलब्धि इस बात का उदाहरण है कि शिक्षा और मेहनत के बल पर छोटे गांव से निकलकर भी प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी जगह बनाई जा सकती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।