डाक विभाग की बड़ी पहल: अब ग्रेजुएट डॉक्टर, इंजीनियर, वकील और व्यवसायी भी ले सकेंगे डाक जीवन बीमा का लाभ
डाक जीवन बीमा (PLI) का लाभ अब सरकारी कर्मचारियों के साथ-साथ स्नातक पास डॉक्टर, इंजीनियर, वकील और व्यवसायियों को भी मिलेगा।

डाक विभाग की बड़ी पहल (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
स्नातक पास व्यवसायी और पेशेवर अब पात्र।
डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, दुकानदार भी जुड़ सकेंगे।
कम प्रीमियम, बोनस सहित बेहतर परिपक्वता राशि।
संवाद सूत्र, बेतिया। डाक जीवन बीमा (पीएलआई) का दायरा अब सरकारी और वेतनभोगी कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहेगा। स्नातक पास व्यवसायियों और पेशेवरों के लिए भी इस बीमा योजना का रास्ता खुल गया है।
अब डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, दुकानदार समेत अन्य स्नातक उत्तीर्ण व्यवसायी भी डाक विभाग की इस योजना से जुड़ सकेंगे। इसके लिए डाक विभाग की ओर से आम लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
विभिन्न पेशों से जुड़े लोगों को भी बीमा सुरक्षा
डाक अधीक्षक राजेश कुमार सोनी ने बताया कि कोई भी बोनाफाइड नागरिक, जिसने स्नातक की पढ़ाई पूरी कर ली है, वह डाक जीवन बीमा योजना का लाभ उठा सकता है। पहले इस योजना का लाभ मुख्य रूप से सरकारी कर्मचारियों और वेतनभोगी वर्ग को मिलता था। अब पात्रता का विस्तार होने से विभिन्न पेशों से जुड़े लोगों को भी बीमा सुरक्षा मिल सकेगी।
उन्होंने बताया कि निजी बीमा कंपनियों की तुलना में डाक जीवन बीमा का प्रीमियम कम निर्धारित किया गया है। वहीं, पॉलिसी की अवधि पूरी होने पर मिलने वाली परिपक्वता राशि के साथ बोनस का भी लाभ दिया जाता है। इससे पॉलिसीधारकों को आर्थिक सुरक्षा के साथ बेहतर बचत का अवसर मिलता है। डाक विभाग का लक्ष्य अधिक से अधिक पात्र लोगों को इस योजना से जोड़ना है।
इन पेशेवरों को मिलेगा लाभ
- स्नातक पास दुकानदार और व्यवसायी।
- चिकित्सक और इंजीनियर।
- वकील एवं अन्य पेशेवर।
- अन्य पात्र स्नातक उत्तीर्ण नागरिक।
पीएलआई की खासियत
- तुलनात्मक रूप से कम प्रीमियम।
- पॉलिसी अवधि पूरी होने पर परिपक्वता राशि अधिक।
- परिपक्वता राशि के साथ बोनस का लाभ।
यह भी पढ़ें- नरकटियागंज में भारी बारिश से बर्बाद हुई फसलें, गन्ना धान और दलहन पर बढ़ा संकट