विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठी मइया की मन्नत से घर में गूंजी किलकारी, तो पत्नी ने किया व्रत; 14 वर्षों से घाटों पर सेवा दे रहे मनीर आलम

Published: Wed, 11 Nov 2026 02:30 PM (IST)

नरकटियागंज के मनीर आलम, मुस्लिम होते हुए भी, 14 साल से छठी मइया के प्रति अटूट आस्था रखते हैं। संतान ...और पढ़ें

14 वर्षों से घाटों पर सेवा दे रहे मनीर आलम

14 वर्षों से घाटों पर सेवा दे रहे मनीर आलम

HighLights

  1. मनीर आलम 14 साल से छठ घाटों पर सेवा दे रहे।

  2. संतान प्राप्ति की मन्नत पूरी होने पर आस्था और गहरी हुई।

  3. उनकी सेवा सामाजिक समरसता और सौहार्द का प्रतीक है।

संवाद सहयोगी, नरकटियागंज। मजहब अलग, लेकिन आस्था एक। छठी मइया के प्रति इसी अटूट विश्वास ने नरकटियागंज के वार्ड संख्या 24 निवासी मनीर आलम को एक अलग पहचान दी है। 

करीब 14 साल पहले संतान प्राप्ति की मन्नत लेकर छठी मइया के दरबार में पहुंचे मनीर आज इस महापर्व पर सेवा और सहयोग की मिसाल बन चुके हैं। छठ के चार दिनों में घाटों की व्यवस्था हो या व्रतियों की जरूरत, वे हरसंभव मदद के लिए तत्पर रहते हैं। 

बेटे के लिए छठी मइया से मन्नत मांगी

मनीर आलम बताते हैं कि करीब 14 वर्ष पहले उनके घर में संतान नहीं थी। पुत्र-पुत्री की प्राप्ति की कामना लेकर उन्होंने छठी मइया से मन्नत मांगी थी। उनका विश्वास है कि छठी मइया की कृपा से उनकी मुराद पूरी हुई और उनके घर पुत्र तथा पुत्री का जन्म हुआ। 

इसके बाद उनकी पत्नी ने लगातार दो वर्षों तक छठ व्रत भी किया। इस अनुभव ने छठी मइया के प्रति उनकी आस्था को और गहरा कर दिया।अब छठ महापर्व उनके लिए केवल आस्था का अवसर नहीं, बल्कि सेवा का भी पर्व बन गया है। 

व्रतियों की सहायता के लिए हमेशा तैयार 

नगर के विभिन्न छठ घाटों की समितियों को वे अपनी सामर्थ्य के अनुसार तन, मन और धन से सहयोग करते हैं। व्रतियों की सहायता के लिए भी हमेशा तैयार रहते हैं। 

मनीर आलम का मानना है कि आस्था और इंसानियत किसी मजहब की मोहताज नहीं होती। छठी मइया के प्रति उनका विश्वास पहले भी था, आज भी है और आगे भी बना रहेगा। उनकी यह पहल सामाजिक समरसता और सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश दे रही है।

यह भी पढ़ें- कभी गांव में बनता था सूप, अब हाईवे पर सज रहीं दुकानें; छठ महापर्व से पहले सिवान के बाजारों में रौनक


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।